टॉक्सिक नहीं, अब केयरिंग बन रहे हैं पुरुष; समाज के सेट रूल्स तोड़कर ऐसे बदल रहे हैं मर्दानगी की परिभाषा
वक्त के साथ पुरुष समाज में फैली मर्दानगी की पुरानी परिभाषा को बदल रहे हैं।

घर के कामों में हाथ बंटा रहे पुरुष (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सदियों से समाज में मर्दानगी की एक परिभाषा तय हो रखी है। मर्द अपनी भावनाओं को सबके सामने जाहिर नहीं कर सकते, हर स्थिति में मजबूत दिखना, घर की आर्थिक जिम्मेदारी अकेले उठाना और अपनी कमजोरी को दुनिया से छिपाकर रखना। हालांकि, बदलते दौर में इस परिभाषा में भी बदलाव नजर आ रहा है।
आज कई मर्द इस पुरानी सोच को बदल रहे हैं और जिम्मेदार होने के साथ-साथ संवेदनशील भी बन रहे हैं। आइए जानें कैसे आज के पुरुष मर्दानगी की इस पुरानी परिभाषा को बदल रहे हैं।
इमोशनल और मेंटल हेल्थ की समझ
हमारा समाज मानता आया है कि पुरुषों का रोना या डर महसूस करना उनकी कमजोरी की निशानी है, लेकिन आज की पीढ़ी इस धारणा को तोड़ रही है। आज कई पुरुष चाहे वो खुश हो, दुखी हो या स्ट्रेस में हो, अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर कर रहे हैं। मेंटल हेल्थ को लेकर भी लोगों की समझ विकसित हुई है और कई लोग इस बारे में खुलकर बात कर रहे हैं। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग या थेरेपी लेने में भी नहीं हिचकिचा रहे।
घर की जिम्मेदारी में हिस्सेदारी
पहले पुरुषों की भूमिका सिर्फ पैसे कमाने तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन आज के पुरुष घर के कामों में भी बराबर हिस्सेदारी निभा रहे हैं। किचन के कामों में हाथ बंटाने से लेकर, घर की सफाई और बच्चों की पेरेंटिंग जैसी जिम्मेदारियां भी अपने पार्टनर के साथ मिल बांटकर उठा रहे हैं। इस नई सोच से महिलाओं को भी काफी मदद मिल रही है, क्योंकि उन्हें घर और बाहर की जिम्मेदारी अकेले नहीं उठानी पड़ती।
वर्क-लाइफ बैलेंस
पुरुषों से समाज ये उम्मीद करता है कि वो सिर्फ अपने काम पर ध्यान दें और पैसे कमाएं, लेकिन यही दबाव उनकी फिजिकल और मेंटल हेल्थ को प्रभावित करता है। इस सोच को बदलते हुए आज के पुरुष अपने काम के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ और सेल्फ केयर को लेकर भी काफी जागरूक हो रहे हैं। वे अपनी पर्सनल लाइफ, हॉबीज और सेल्फ केयर पर भी ध्यान दे रहे हैं, जो उनकी मेंटल हेल्थ के लिए काफी जरूरी है।
रिश्तों की बदलती परिभाषा
आज के पुरुष काफी संवेदनशील भी हो रहे हैं। रिश्तों में हर बात पर हावी होना या अपने ही घमंड में चूर रहने के बजाय वो अपने पार्टनर या परिवार के सदस्यों के साथ सम्मान की भावना के साथ बात करना सीख रहे हैं। वो घर के दूसरे सदस्यों की भी बात को तवज्जो दे रहे हैं, जो घर में समानता की भावना ला रहा है। इसके साथ ही, वो अपनी गलतियों को स्वीकार करने या समझने की समझ भी विकसित कर रहे हैं, जो उनके रिश्तों में एक पॉजिटिव फोर्स की तरह काम कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।