लंबा होकर झाड़ बन गया गुलाब का पौधा, मगर फूलों का नहीं है अता-पता? ये 3 देसी नुस्खे करेंगे कमाल
अगर आपका गुलाब का पौधा सिर्फ लंबा हो रहा है और फूल नहीं दे रहा है, तो चिंता न करें। यहां बताए 3 देसी नुस्खे इसे फूलों से भर देंगे।

बिना एक रुपया खर्च किए झाड़ बने गुलाब को फूलों से भरें (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपके घर के गमले या बगीचे में लगा गुलाब का पौधा दिन-ब-दिन लंबा होता जा रहा है? पत्ते भी खूब आ रहे हैं और यह पूरा झाड़ जैसा बन गया है, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी एक कली तक नहीं खिली है?
अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं। कई बार हमारा गुलाब का पौधा अपनी सारी ताकत सिर्फ अपनी ग्रोथ बढ़ाने में लगा देता है और फूल बनाना भूल जाता है, लेकिन चिंता मत कीजिए, आज हम आपको 3 ऐसे असरदार देसी नुस्खे बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आपका गुलाब फूलों से लद जाएगा।
सही कटाई-छंटाई है सबसे जरूरी
गुलाब के पौधे का एक सीधा-सा नियम है- जितनी छंटाई, उतनी ज्यादा कलियां। अगर पौधा बहुत लंबा हो गया है, तो इसका मतलब है कि पुरानी डालियां पौधे की सारी ऊर्जा सोख रही हैं। एक साफ और तेज कैंची या प्रूनर लें और पौधे की ऊपरी, सूखी या गलत ढंग से बढ़ी हुई टहनियों को थोड़ा-थोड़ा काट दें। खासकर उन पतली टहनियों को हटा दें जिन पर पत्ते कम हैं। इससे पौधा नई और मजबूत टहनियां निकालेगा, और याद रखें- गुलाब हमेशा नई टहनियों पर ही खिलता है।
रसोई से निकला प्याज के छिलकों का फर्टिलाइजर
रसोई में जो प्याज के छिलके हम बेकार समझकर कूड़े में फेंक देते हैं, वो गुलाब के लिए किसी संजीवनी बूटी से कम नहीं हैं। प्याज के छिलकों में पोटैशियम, कैल्शियम और आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जो पौधे को फूल बनाने के लिए उकसाता है। इसका इस्तेमाल करने के लिए आप दो मुट्ठी प्याज के छिलकों को 1 लीटर पानी में रात भर के लिए भिगो कर रख दें। अगले दिन इस पानी को छान लें और अपने गुलाब के पौधे की मिट्टी में डालें। हफ्ते में एक बार इसका इस्तेमाल करें, कुछ ही दिनों में आपको नई कलियां नजर आने लगेंगी।
सरसों की खली या गोबर की खाद का यूज
सिर्फ लंबा होने से काम नहीं चलता, फूल उगाने के लिए पौधे को एक्स्ट्रा पोषण चाहिए होता है। महीने में कम से कम एक बार पौधे की मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें और उसमें दो मुट्ठी बहुत पुरानी गोबर की खाद या फिर सरसों की खली का लिक्विड फर्टिलाइजर डाल दें। यह जड़ों को सीधा पोषण देता है। इसके अलावा, ध्यान रखें कि आप चाहे जितने नुस्खे अपना लें, अगर पौधे को धूप नहीं मिलेगी तो फूल नहीं आएंगे। इसलिए खाद और पानी देने के साथ-साथ यह जरूर तय करें कि आपके गुलाब को दिन में कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी धूप मिले।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।