80s का गाना, अजीब एक्सप्रेशन और 21 सेकंड का वीडियो: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा Smalltown Boy डांस ट्रेंड
सोशल मीडिया पर Bronski Beat के 80s के गाने 'Smalltown Boy' पर बना एक नया AI डांस ट्रेंड वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल Smalltown Boy डांस ट्रेंड (Picture Courtesy: Instagram)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल सोशल मीडिया पर एक बहुत ही अजीब, लेकिन मजेदार ट्रेंड देखने को मिल रहा है। Bronski Beat के मशहूर 80s के क्लासिक हिट सॉन्ग Smalltown Boy पर लोग डांस करते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन ये कोई आम डांस वीडियो नहीं है।
इस डांस में दो लोग नजर आते हैं और चेहरे को अजीब-अजीब और ड्रामेटिक अंदाज में कैमरे के बिल्कुल करीब लाकर चिल्लाते हुए या मजाकिया एक्सप्रेशन देते हैं। वहीं बैकग्राउंड में दूसरा इंसान भी अजीब स्टेप्स में डांस करता हुआ नजर आता है।
अब आप सोच रहे होंगे कि लोग खुद इतनी अजीब हरकतें करके रिकॉर्ड कर रहे हैं, तो आपको बता दें कि ये कोई रियल-लाइफ रिकॉर्डिंग नहीं है, बल्कि एआई-जेनरेटेड मीम डांस ट्रेंड है। जी हां, ये वीडियो एआई का इस्तेमाल करके बनाई जा रही हैं। आइए जानें इसके बारे में।
क्या है Smalltown Boy AI ट्रेंड?
इस ट्रेंड में एआई टूल की मदद से दो लोगों, जानवरों या किसी भी कैरेक्टर की तस्वीरों को 21 सेकंड के एक फनी वर्टिकल वीडियो में बदला जाता है। इस वीडियो की सबसे मजेदार बात है कि इसमें दोनों किरदारों को अपनी-अपनी स्क्रीन प्रेजेंस मिलती है, वो भी काफी मजेदार तरीके से।
इस डांस वीडियो की शुरुआत में पहला किरदार स्क्रीन के बिल्कुल करीब अजीब सा चेहरा बनाकर चिल्लाता है, जबकि दूसरा किरदार बैकग्राउंड में मस्ती में डांस करता है। इसके कुछ सेकंड बाद दोनों किरदारों की जगह बदल जाती है और दूसरा किरदार आगे आकर क्लोज-अप देता है और पहला किरदार पीछे डांस करने लगता है। इसके बाद दोनों किरदार एक साथ फ्रेम में आते हैं और डांस करते हैं।
आप कैसे बना सकते हैं ये एआई वीडियो?
इस वीडियो को बनाने के लिए आपको न तो खुद डांस करना है और न कोई मुश्किल प्रॉम्प्ट लिखना है। आपको दो अलग-अलग तस्वीरें लेनी है, जिसमें दोनों कैरेक्टर्स के चेहरे साफ नजर आ रहे हो। इसके बाद गूगल पर आप Smalltown Boy Dance एआई जेनरेटर टूल सर्च करें और उस पर इन तस्वीरों को अपलोड करें।
एआई अपने आप 21 सेकंड की वीडियो Smalltown Boy के ओरिजिनल म्यूजिक ट्रैक के साथ तैयार कर देगा। इस वीडियो को डाउनलोड करके, आप भी सोशल मीडिया के इस ट्रेंड में शामिल हो सकते हैं।
सोशल मीडिया पर मचाई धूम
अभी तक इस ट्रेंड को फॉलो करते हुए, कई लोग रील्स बना चुके हैं। इनमें कुत्ते-बिल्ली से लेकर बड़े सिलेब्रिटीज की फोटोज का इस्तेमाल करके लोग डांस वीडियो बना चुके हैं।
