ब्रेकफास्ट में रोज ब्रेड खाने से शरीर पर कैसा होगा असर? जवाब पढ़कर चौंक जाएंगे आप
अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो नाश्ते में हर रोज ब्रेड खाना (Bread In Breakfast) ही पसंद करते हैं तो यह आर्टिकल आपके लिए ही है। यहां हम आपके लिए कुछ ऐसी जानकारी लेकर आए हैं जिसे जानकर आप अपनी सेहत को बड़े नुकसान से बचा सकते हैं। जी हां आइए विस्तार से जानें कि डेली ब्रेड खाने से हमारी सेहत पर क्या-कुछ असर पड़ता है?

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सुबह-सुबह जब ऑफिस या स्कूल के लिए देर हो रही हो, तो झटपट तैयार होने वाले ब्रेकफास्ट की बात आए और उसमें ब्रेड का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता है। टोस्ट, सैंडविच या जैम-ब्रेड- हर घर में ब्रेड एक कॉमन चीज बन चुकी है। ऐसे में, क्या आपने कभी सोचा है कि रोजाना ब्रेड खाना (Daily Bread Consumption) आपकी सेहत पर क्या असर डालता है? इस आर्टिकल में हम आपको इसका जवाब देने जा रहे हैं, जिसे जानकर आप सचमुच हैरान रह जाएंगे (Disadvantages Of Eating Bread Daily)।
ब्रेड की किस्में और उनके पोषक तत्व
सबसे पहले ये जानना जरूरी है कि बाजार में मिलने वाली हर ब्रेड एक जैसी नहीं होती। कुछ सफेद (White Bread), कुछ भूरे रंग की (Brown Bread) और कुछ मल्टीग्रेन ब्रेड होती हैं। इनमें से हर ब्रेड में पोषण का स्तर अलग होता है।
- व्हाइट ब्रेड रिफाइंड मैदा से बनती है, जिसमें फाइबर बहुत कम होता है।
- ब्राउन ब्रेड गेहूं से बनती है और उसमें थोड़ा ज्यादा फाइबर होता है।
- मल्टीग्रेन ब्रेड में कई तरह के अनाज होते हैं, जो पोषण के लिहाज से बेहतर मानी जाती है।
यह भी पढ़ें- शरीर के इन हिस्सों में होने लगा है दर्द, तो समझ जाएं बढ़ रहा है Cholesterol; तुरंत करवा लें जांच
रोज ब्रेड खाने के फायदे
अगर सही ब्रेड और सही मात्रा में खाई जाए, तो इससे कुछ फायदे भी हो सकते हैं।
क्विक एनर्जी
ब्रेड में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अच्छी होती है, जो शरीर को जल्दी एनर्जी देती है। इसलिए सुबह की जल्दी में यह एक फटाफट एनर्जी बूस्ट हो सकती है।
वजन बढ़ाने में मदद
जिन लोगों का वजन कम है और जो बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए ब्रेड (खासकर व्हाइट ब्रेड) फायदेमंद हो सकती है।
सस्ता और आसान नाश्ता
ब्रेड हर किसी के बजट में फिट होती है और इसे तैयार करना भी आसान है।
रोज ब्रेड खाने के नुकसान
अब बात करते हैं उस पहलू की, जिसे जानकर आप चौंक जाएंगे। रोज ब्रेड खाना सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। जी हां, खासकर अगर आप व्हाइट ब्रेड का ज्यादा सेवन कर रहे हैं।
फाइबर की कमी
व्हाइट ब्रेड में फाइबर न के बराबर होता है। इससे पाचन तंत्र कमजोर हो सकता है और कब्ज की समस्या हो सकती है।
वजन बढ़ सकता है
रोजाना ब्रेड खाने से शरीर में एक्स्ट्रा कैलोरी और शुगर जाती है, जिससे मोटापा बढ़ सकता है।
ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है
व्हाइट ब्रेड ग्लाइसेमिक इंडेक्स में हाई होती है, जिससे यह जल्दी पच जाती है और ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ा देती है- जो डायबिटिक लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है।
पेट फूलना और गैस
रोज़ ब्रेड खाने से कुछ लोगों को पेट फूलने, गैस या एसिडिटी की शिकायत होती है।
प्रिजर्वेटिव्स का सेवन
बाज़ार की ब्रेड में लंबे समय तक टिके रहने के लिए प्रिजर्वेटिव्स डाले जाते हैं, जो शरीर में जाकर हॉर्मोनल असंतुलन पैदा कर सकते हैं।
क्या ब्रेड खाना छोड़ दें?
- बिलकुल नहीं! ब्रेड को पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं, लेकिन कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानें।
- हफ्ते में 2-3 बार ब्रेड खाना ठीक है, लेकिन इसे रोज की आदत न बनाएं।
- व्हाइट ब्रेड की जगह ब्राउन या मल्टीग्रेन ब्रेड चुनें।
- ब्रेड के साथ हमेशा प्रोटीन और फाइबर रिच चीजें खाएं- जैसे पीनट बटर, उबले अंडे या सब्ज़ियों से बना सैंडविच।
हो सके तो घर पर बनी ब्रेड या ऑर्गेनिक ब्रेड का सेवन करें।
यह भी पढ़ें- हार्ट से लेकर ग्लोइंग स्किन तक, गर्मियों में आड़ू खाने से सेहत को मिलेंगे 7 फायदे
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।