रात को कितने बजे करना चाहिए डिनर? देर से खाना खाने की आदत बना रही है शरीर को बीमारियों का घर
देर रात डिनर करने की आदत पाचन, नींद और वजन सहित पूरे स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, जिससे कई बीमारियों का खतरा बढ़ता है।

आपको भी देर रात डिनर करने की आदत है? (Picture Courtesy: Freepik)
HighLights
देर रात खाने से पाचन तंत्र पर दबाव बढ़ता है
वजन बढ़ने और नींद की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा
ब्लड शुगर और हार्ट हेल्थ पर भी बुरा असर पड़ता है
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज की भागदौड़ भरी लाइफ स्टाइल में देर रात तक काम करना और फिर देर से डिनर करना कई लोगों की आदत बन चुकी है। यह आदत धीरे-धीरे शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक को प्रभावित करती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी इस बात को मानते हैं कि खाने का समय भी उतना ही जरूरी है, जितना खाने की क्वालिटी।
अगर रोजाना ही देर रात खाना खाया जाए, तो इसका असर पाचन, नींद, वजन और पूरे स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। इस वजह से कई तरह की बीमारियों के शिकार हो सकतें हैं। आइए जानते रात को देर से डिनर कैसे हेल्थ को नुकसान पहुंचाता है।
देर को डिनर करने के नुकसान
- पाचन तंत्र पर बढ़ता है प्रेशर- रात में शरीर आराम की तैयारी करता है। ऐसे में देर से भारी खाना खाने से पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है। इससे गैस, अपच, पेट फूलना और एसिडिटी जैसी समस्याएं होने लगती हैं।
- बढ़ सकता है वजन- देर रात खाना खाने के बाद ज्यादातर लोग तुरंत सो जाते हैं, जिससे शरीर को खाने से मिली कैलोरी खर्च करने का पर्याप्त समय नहीं मिलता। इसके कारण एक्स्ट्रा कैलोरी फैट के रूप में जमा होने लगती है और धीरे-धीरे वजन बढ़ने लगता है।
- नींद की क्वालिटी होती है प्रभावित- देर से खाने से पेट लंबे समय तक खाना पचाने में लगा रहता है। इससे शरीर पूरी तरह रिलैक्स नहीं हो पाता और नींद बार-बार खुलती है। अच्छी और गहरी नींद न मिलने से अगले दिन थकान, चिड़चिड़ापन और फोकस में कमी महसूस होती है।
- ब्लड शुगर पर पड़ सकता है असर- देर रात खाने से शरीर की इंसुलिन प्रतिक्रिया प्रभावित होती है। खासकर अगर खाने में मीठा या ज्यादा कार्बोहाइड्रेट हो, तो ब्लड शुगर का स्तर लंबे समय तक ऊंचा रह सकता है। यह स्थिति समय के साथ मेटाबॉलिक समस्याओं का खतरा बढ़ाती है।
- हार्ट हेल्थ पर भी पड़ सकता है प्रभाव- बार-बार देर रात खाने की आदत मोटापा, हाई ट्राइग्लिसराइड और बैड कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं से जुड़ी होती है। ये सभी कारक दिल के स्वास्थ्य के लिए जोखिम बढ़ाने वाले माने जाते हैं।
- शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक हो सकती है प्रभावित- हमारा शरीर एक बायोलॉजिकल क्लॉक के अनुसार काम करता है। देर रात खाने से यह संतुलन बिगड़ता है, जिससे मेटाबॉलिज्म, हार्मोन संतुलन और ऊर्जा स्तर पर नेगेटिव प्रभाव पड़ता है।
क्या करना चाहिए?
रात का खाान सोने से कम से कम 2-3 घंटे पहले खाना सबसे बेहतर है। इसके अलावा, रात का खाना हल्का, संतुलित और आसानी से पचने वाला रखें। खाने के तुरंत बाद लेटने के बजाय 10-15 मिनट हल्की वॉक करें और कोशिश करें कि रोज एक फिक्स समय पर डिनर करें।