'टीके से कमजोर होती है इम्युनिटी...' कहीं आप भी तो नहीं पाल रहे बच्चों की वैक्सीन से जुड़े ऐसे ही भ्रम?
बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है, लेकिन इससे जुड़े कई मिथक समाज में फैले हुए हैं।

बच्चों के लिए वैक्सीनेशन है जरूरी (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए वैक्सीन लगवाना सबसे असरदार तरीकों में से एक है। जब किसी बच्चे को टीका लगाया जाता है, तो उसमें मौजूद एंटीजन बच्चे के इम्यून सिस्टम को एक्टिव करते हैं। इससे शरीर में एंटीबॉडीज बनती हैं, जो बीमारियां फैलाने वाले कीटाणुओं को शरीर में इन्फेक्शन फैलाने से पहले ही रोक देते हैं।
समय पर टीकाकरण बच्चे के जीवन की गुणवत्ता को सुधारता है और उन्हें कई गंभीर बीमारियों, जैसे- टीबी, पोलियो, खसरा, गलसुआ, रूबेला, डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी, न्यूमोकोकल बीमारियों और रोटावायरस डायरिया से बचाने में मदद करता है। हालांकि, कई लोग वैक्सीनेशन से जुड़े कई मिथकों को सच मानते हैं, जिसका असर बच्चे के जीवन पर भी पड़ सकता है।
टीकाकरण और इम्यूनाइजेशन में क्या फर्क है?
अक्सर लोग वैक्सीनेशन को ही इम्यूनाइजेशन समझ लेते हैं, लेकिन असल में किसी बीमारी से बचाव के लिए बच्चे को टीका देना वैक्सीनेशन या टीकाकरण कहलाता है। वहीं, टीका लगने के बाद शरीर में बीमारियों से लड़ने की क्षमता विकसित करना इम्यूनाइजेशन कहलाता है।
टीकों से जुड़ी आम गलतफहमियां और उनकी सच्चाई
भ्रम 1- टीके बच्चों के लिए खतरनाक होते हैं
सच्चाई- किसी भी टीके को मंजूरी मिलेने और बाजार में आने से पहले कड़े टेस्ट और ट्रायल्स से गुजरना पड़ता है। इसके बाद भी सुरक्षा और संभावित जोखिमों पर कड़ी नजर रखी जाती है। ये टीके सुरक्षित और प्रभावी होते हैं। बच्चों में दिखने वाले साइड इफेक्ट्स, जैसे हल्का बुखार या इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द अस्थायी होते हैं और एक-दो दिन में अपने आप ठीक हो जाते हैं।
भ्रम 2- स्वस्थ बच्चों को इम्यूनाइजेशन की जरूरत नहीं होती
सच्चाई- स्वस्थ दिखने वाले बच्चे भी खसरा, काली खांसी या मेनिनजाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। इसलिए हर बच्चे का सही समय पर टीकाकरण होना चाहिए।
भ्रम 3- बहुत सारे टीके बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर कर सकते हैं
सच्चाई- बच्चे की इम्युनिटी हर दिन हजारों कीटाणुओं के संपर्क में आती है। बचपन में दिए जाने वाले टीकों की संख्या से कोई समस्या नहीं होती और बच्चे की इम्युनिटी इनसे मजबूत होती है।
भ्रम 4- टीकों से बच्चों में ऑटिज्म होता है
सच्चाई- ये साबित करने के लिए कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि टीकों की वजह से ऑटिज्म होता है। ऐसी किसी भी अफवाह के झांसे में न आएं और अपने बच्चे का टीकाकरण जरूर करवाएं।
भ्रम 5- बच्चों का टीकाकरण टाल देना ठीक है
सच्चाई- बच्चों को उम्र के हिसाब से टीका जाता है, जो उनकी इम्युनिटी के आधार पर तय होती है। कई माता-पिता टीकों के डर या लापरवाही की वजह से बच्चे के टीके की तारीख आगे बढ़ा जेते हैं, लेकिन ये सही नहीं है। बच्चों को टीका डॉक्टर की बताई गई तारीख के आस-पास ही लगवाना चाहिए।
भ्रम 6- अगर दूसरे बच्चों को टीका लगा है, तो मेरे बच्चे को जरूरत नहीं है
सच्चाई- इन्फेक्शन से सुरक्षा के लिए हर बच्चे का टीकाकरण होना जरूरी है। दूसरों पर निर्भर रहने से आपका बच्चा कई जानलेवा बीमारियों के खतरे में पड़ सकता है।
(डॉ. अभिमन्यु सेनगुप्ता, सीनियर कंसल्टेंट, जनरल पीडियाट्रिक्स, अंकुरा हॉस्पिटल फॉर वुमन एंड चिल्ड्रन, पुणे)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।