सामान्य सर्दी-खांसी या जानलेवा इन्फेक्शन, किन बच्चों को निमोनिया से होता है सबसे ज्यादा खतरा?
बच्चों में निमोनिया की गंभीरता कई फैक्टर्स पर निर्भर करती है, जिससे कुछ बच्चे जल्दी ठीक हो जाते हैं, जबकि अन्य को आईसीयू तक की जरूरत पड़ती है।

कुछ बच्चों में क्यों गंभीर रूप ले लेता है निमोनिया? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बच्चों में निमोनिया सांसों से जुड़ा एक कॉमन इन्फेक्शन है, लेकिन इसका असर हर बच्चे पर अलग तरह से होता है। जहां कुछ बच्चे सही इलाज से कुछ दिनों में पूरी तरह ठीक हो जाते हैं, वहीं कुछ बच्चों में यह समस्या इतनी गंभीर हो जाती है कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने या आईसीयू तक की जरूरत पड़ जाती है।
बच्चों में निमोनिया का ये अलग-अलग प्रभाव उनकी उम्र, इम्युनिटी, पोषण स्तर, पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्याओं और इन्फेक्शन के प्रकार पर निर्भर करता है।
उम्र और फेफड़ों का विकास
निमोनिया कितना गंभीर होगा, इसमें बच्चे की उम्र एक बड़ा फैक्टर है। दो साल से कम उम्र के बच्चों को इसका सबसे ज्यादा खतरा होता है, क्योंकि इस उम्र में उनके फेफड़े और इम्युनिटी पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते हैं।
जो बच्चे प्रीमैच्योर पैदा होते हैं, उनके लिए ये खतरा और भी ज्यादा बढ़ जाता है, क्योंकि उनके फेफड़े सामान्य रूप से सांस लेने में भी संघर्ष करते हैं। इसके अलावा, छोटे बच्चों की सांस की नली बहुत पतली होती है, जो इन्फेक्शन के दौरान सूजन और बलगम की वजह से आसानी से ब्लॉक हो सकती है।
पोषण और पहले से मौजूद बीमारियां
बच्चों का पोषण स्तर भी इसमें अहम भूमिका निभाता है। जिन बच्चों का वजन कम होता है या कुपोषित होते हैं, उनकी इम्युनिटी ज्यादा कमजोर होती है। इसके कारण उनका शरीर बैक्टीरिया और वायरस से सही तरीके से लड़ नहीं पाता। जरूरी पोषक तत्वों की कमी के कारण बीमारी से उबरने की क्षमता भी कम हो जाती है।
इसी तरह जिन बच्चों को जन्मजात दिल की बीमारी, फेफड़ों की बीमारी या कमजोर इम्युनिटी जैसी समस्याएं होती हैं, उनमें निमोनिया के लक्षण और भी गंभीर हो सकते हैं, क्योंकि उनका शरीर पहले से ही स्ट्रेस में होता है।
पर्यावरण और प्रदूषण का प्रभाव
बच्चों में निमोनिया के गंभीर प्रभाव के पीछे पर्यावरण भी एक अहम फैक्टर है। बाहर के वायु प्रदूषण, खासतौर से PM2.5 और PM10 के लगातार संपर्क में रहने से सांस की नली में जलन होने और लंग डैमेज का खतरा रहता है।
इसके अलावा, पैसिव स्मोकिंग, खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले ईंधन का धुआं, खराब वेंटिलेशन वाला कमरा और भीड़-भाड़ वाली रहने स्थिति भी बच्चों में रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन के खतरे को बढ़ा देती है।
निमोनिया की वजह
निमोनिया किस वजह से हुआ है, ये भी उसकी गंभीरता को तय करती है। बैक्टीरियल निमोनिया कई बार बहुत तेजी से बढ़ता है और समय पर इलाज न मिलने पर बहुत गंभीर रूप ले लेता है। वायरल इन्फेक्शन और इन्फ्लूएंजा भी गंभीर निमोनिया का कारण बन सकते हैं, खासकर शिशुओं और पहले से बीमार बच्चों में।
लक्षणों की पहचान में देरी
माता-पिता को कुछ संकेतों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, जैसे-
- बहुत तेज सांस चलना
- छाती का अंदर की ओर धंसना
- लगातार तेज बुखार रहना
- दूध पीने में मुश्किल होना
- होंठों का नीला पड़ना
- सामान्य से ज्यादा सुस्ती दिखना
इन लक्षणों को देखते ही तुरंत डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए।
बचाव के उपाय
न्यूमोकोकल डिजीज, Hib और इन्फ्लूएंजा से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाना, सही पोषण, शिशु काल में स्तनपान, घर के अंदर साफ हवा और समय पर इलाज से गंभीर निमोनिया के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
(डॉ. ध्रुव तलवार, कंसल्टेंट, पल्मोनोलॉजिस्ट, मेट्रो हॉस्पिटल, नोएडा)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।