विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्मियों में क्यों बढ़ जाती है मांसपेशियों में ऐंठन की समस्या? डॉक्टर ने बताए राहत पाने के आसान उपाय

Published: Tue, 02 Jun 2026 11:31 AM (IST)

क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप रात को गहरी नींद में सो रहे हों और अचानक पिंडलियों ...और पढ़ें

गर्मी में बार-बार होने वाले 'मसल क्रैम्प्स' को न समझें मामूली दर्द (Image Source: AI-Generated)

गर्मी में बार-बार होने वाले 'मसल क्रैम्प्स' को न समझें मामूली दर्द (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मियों में चिलचिलाती धूप और पसीना तो परेशान करता ही है, लेकिन एक और समस्या है जो अक्सर लोगों की रातों की नींद और दिन का सुकून छीन लेती है। जी हां, हम बात कर रहे हैं 'मसल क्रैम्प्स' यानी मांसपेशियों में होने वाली अचानक ऐंठन और दर्द की।

खासकर हाथों, पैरों, जांघों और पिंडलियों में उठने वाला यह दर्द शारीरिक मेहनत करने पर या रात को सोते समय अचानक ही शुरू हो जाता है। आइए, आकाश हेल्थकेयर में चीफ – फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन, डॉ. मीनाक्षी फुलारा से जानते हैं कि गर्मियों में यह समस्या इतनी क्यों बढ़ जाती है और इससे कैसे बचा जा सकता है।

muscle cramps

(Image Source: AI-Generated) 

गर्मियों में क्यों बढ़ जाती है यह परेशानी?

आखिर गर्मी के मौसम में ही मांसपेशियों में ऐंठन की दिक्कत इतनी ज्यादा क्यों बढ़ जाती है? डॉक्टर के मुताबिक, इसका सबसे बड़ा कारण शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होना है।

चिलचिलाती गर्मी में शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए खूब पसीना निकालता है। पसीने के जरिए सिर्फ शरीर का पानी ही नहीं बहता, बल्कि सोडियम, पोटैशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे बेहद जरूरी 'इलेक्ट्रोलाइट्स' भी बाहर निकल जाते हैं। यही वो अहम तत्व हैं जो हमारी मांसपेशियों और नसों को सामान्य रूप से काम करने में मदद करते हैं। जब शरीर में इनका बैलेंस बिगड़ता है, तो मांसपेशियां अचानक सिकुड़ने लगती हैं और भयानक ऐंठन पैदा होती है।

किसे होता है इसका सबसे ज्यादा खतरा?

एक्सपर्ट बताते हैं कि गर्मी में लगातार पसीना बहने से शरीर बहुत तेजी से डिहाइड्रेट होता है। ऐसे में जो लोग बाहर ज्यादा काम करते हैं, उन्हें इसका खतरा ज्यादा होता है:

  • मजदूर और धूप में लंबे समय तक रहने वाले लोग
  • खिलाड़ी और जिम में भारी कसरत करने वाले लोग
  • बुजुर्ग और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे मरीज
  • ऐसे लोग जो दिन भर में पर्याप्त पानी नहीं पीते

कई बार लोग इस ऐंठन को मामूली दर्द समझकर टाल देते हैं, लेकिन डॉक्टर चेतावनी देते हैं कि बार-बार होने वाले क्रैम्प्स असल में शरीर के अंदर पानी और मिनरल्स की भारी कमी का सीधा संकेत हैं।

Muscle cramp

(Image Source: AI-Generated) 

कैसे पहचानें मसल क्रैम्प्स के लक्षण?

यह ऐंठन अक्सर बिना किसी चेतावनी के अचानक शुरू होती है। इसके मुख्य लक्षण इस प्रकार हैं:

  • मसल्स में अचानक बहुत तेज दर्द और अकड़न महसूस होना।
  • ऐंठन का कुछ सेकंड से लेकर कई मिनटों तक बने रहना।
  • कई बार दर्द इतना तेज होता है कि इंसान के लिए चलना-फिरना तक मुश्किल हो जाता है।
  • रात के समय पैरों में ऐंठन आने से नींद टूट जाना और दर्द का अगले दिन तक बने रहना।

सिर्फ पानी पीना काफी नहीं, ये हैं बचाव के तरीके

डॉक्टर का साफ कहना है कि ज्यादा पसीना बहने पर सिर्फ सादा पानी पी लेना ही काफी नहीं है, शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन वापस लाना भी उतना ही जरूरी है। गर्मी में इस समस्या से बचने के लिए आप अपनी दिनचर्या में कुछ आसान बदलाव कर सकते हैं:

  • इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति: नारियल पानी, नींबू पानी और छाछ को अपनी डाइट का नियमित हिस्सा बनाएं।
  • सही और संतुलित खान-पान: अपनी डाइट में पोटैशियम और मैग्नीशियम से भरपूर चीजें शामिल करें। केला, तरबूज, दही, हरी सब्जियां और ड्राई फ्रूट्स शरीर में जरूरी मिनरल्स की कमी को तेजी से पूरा करते हैं।
  • हाइड्रेशन और सावधानी: दिनभर भरपूर मात्रा में पानी पीते रहें। कड़ी धूप में लगातार काम करने से बचें। भारी कसरत या शारीरिक काम करने से पहले और बाद में शरीर को अच्छी तरह से हाइड्रेट जरूर करें।

डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए?

सही खान-पान और हाइड्रेशन से यह समस्या काफी हद तक ठीक हो जाती है, लेकिन अगर आपको मसल क्रैम्प्स बार-बार हो रहे हैं, दर्द लंबे समय तक टिका रहता है, ऐंठन के साथ सूजन या कमजोरी आ गई है, या बिना किसी स्पष्ट कारण के यह समस्या लगातार परेशान कर रही है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

कई मामलों में यह किसी अन्य बड़ी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। इसलिए, गर्मी में होने वाले मसल क्रैम्प्स को कभी भी मामूली समझकर नजरअंदाज न करें। थोड़ी-सी सावधानी और सही खान-पान से आप इस दर्दनाक समस्या से आसानी से बच सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सिर्फ पानी की कमी ही नहीं, 5 बड़ी वजहों से भी आ सकता है लेग क्रैम्प; गंभीर समस्या का हो सकते हैं संकेत

यह भी पढ़ें- कैल्शियम की कमी होने पर शरीर में नजर आते हैं ये 5 लक्षण, इन संकेतों को नजरअंदाज करना पड़ जाएगा भारी