विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

55 साल से कम उम्र के लोगों में तेजी से बढ़ रहे स्ट्रोक के मामले; हाई बीपी समेत ये कारण हैं जिम्मेदार

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:00 AM (IST)

हाई ब्लड प्रेशर, खराब जीवनशैली और डायबिटीज जैसे कारण इसके लिए जिम्मेदार हैं, जिनकी पहचान और बचाव जरूरी है।

55 साल से कम उम्र के लोगों में स्ट्रोक के मामले बढ़े (Image Source: AI Generated)

55 साल से कम उम्र के लोगों में स्ट्रोक के मामले बढ़े (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। स्ट्रोक को आमतौर पर बुजुर्गों की बीमारी माना जाता है, लेकिन अब कम उम्र के लोग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछले कुछ दशकों में बुजुर्गों में स्ट्रोक के मामले घटे हैं, जबकि 55 साल से कम उम्र के लोगों में इनकी संख्या बढ़ रही है। इंग्लैंड में 2001 से 2010 के बीच 35 से 54 साल के लोगों में स्ट्रोक के मामले हर साल करीब दो प्रतिशत बढ़े। 

वहीं, अमेरिका में 20 से 54 साल के लोगों में स्ट्रोक की दर 1993-94 के 34 मामलों से बढ़कर 2020 में 62 प्रति एक लाख हो गई। वर्ष 2021 में दुनियाभर में 55 साल से कम उम्र के करीब 28 लाख लोगों को स्ट्रोक हुआ। हाई ब्लड प्रेशर सबसे बड़ा जोखिम : युवाओं में स्ट्रोक बढ़ने के पीछे कई ऐसे कारण हैं, जिन्हें समय रहते नियंत्रित किया जा सकता है। 

हाई ब्लड प्रेशर आधे मामलों के लिए जिम्मेदार

एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, डायबिटीज, धूम्रपान, खराब खानपान, व्यायाम की कमी, हृदय संबंधी बीमारियां, शराब और मानसिक तनाव जैसे दस कारण करीब 92 प्रतिशत मामलों से जुड़े हैं। इनमें हाई ब्लड प्रेशर अकेले लगभग आधे मामलों के लिए जिम्मेदार पाया गया। नियमित व्यायाम न करना भी एक बड़ा कारण है। 

ब्रिटेन में 18 से 49 साल के 1,765 स्ट्रोक मरीजों पर हुए अध्ययन में 42 प्रतिशत को हाई ब्लड प्रेशर, 24 प्रतिशत को हाई कोलेस्ट्राल और 14 प्रतिशत को डायबिटीज थी। वहीं, 23 प्रतिशत लोग धूम्रपान करते थे। मोटापा और डायबिटीज भी युवाओं में लगातार बढ़ रहे हैं। 

डायबिटीज से पीड़ित कम उम्र के लोगों में खतरा ज्यादा 

डायबिटीज से पीड़ित 55 साल से कम उम्र के लोगों में स्ट्रोक का खतरा सामान्य लोगों से करीब 3.5 गुना, जबकि हाई ब्लड प्रेशर वालों में 2.5 गुना अधिक पाया गया। सिरदर्द और चक्कर को न समझें मामूली : युवाओं में स्ट्रोक की पहचान करना कई बार मुश्किल होता है। अमेरिका के एक अध्ययन में पाया गया कि 18 से 44 साल के लोगों में स्ट्रोक के लक्षण पहचानने में सबसे ज्यादा चूक हुई। 

कई मरीजों को चक्कर और सिरदर्द की शिकायत के बावजूद अस्पताल से घर भेज दिया गया। स्ट्रोक के सामान्य लक्षणों में चेहरे का एक तरफ झुकना, हाथ-पैर में कमजोरी और बोलने में परेशानी शामिल हैं। हालांकि, युवाओं में दिमाग के पिछले हिस्से में स्ट्रोक होने पर संतुलन बिगड़ना, नजर कमजोर होना, तेज सिरदर्द, गर्दन में दर्द और चक्कर आना जैसे लक्षण भी दिख सकते हैं। 

सिर दर्द जैसे कई मामूली लक्षण न करें अनदेखा 

इन्हें अक्सर माइग्रेन, थकान या कान की समस्या समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। लक्षण कुछ समय बाद ठीक हो जाएं, तब भी तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए। खून का थक्का घोलने वाला उपचार आमतौर पर लक्षण शुरू होने के साढ़े चार घंटे के भीतर देना जरूरी होता है। इस बारे में कोई भी लापरवाही जानलेवा स्ट्रोक को दावत दे सकती है।

बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय विशेषज्ञों के अनुसार, स्ट्रोक का खतरा कम करने के लिए नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्राल की जांच करानी चाहिए। धूम्रपान और नशीले पदार्थों से बचें तथा शराब का सेवन सीमित रखें। रोजाना के भोजन में नमक छह ग्राम से कम और फाइबर की मात्रा अधिक रखें। सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज पैदल चलने या साइकिल चलाने जैसी शारीरिक गतिविधि करें। तनाव और लंबे समय तक काम करने की आदत पर भी ध्यान देना जरूरी है।

(सोर्स : लंदन, द कन्वर्सेशन)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।