विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केमिस्ट से पूछकर एंटीबायोटिक लेने की आदत छोड़ दीजिए, गंभीर मामलों में बेअसर हो रही दवाएं; ICMR ने दी चेतावनी

Published: Sun, 22 Nov 2026 02:30 PM (IST)

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, सर्दी-खांसी जैसी आम बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली एंटीबायोटिक दवाएं अब बेअसर हो रही हैं। 

केमिस्ट से पूछकर एंटीबायोटिक खाने वालों के लिए खतरे की घंटी (Image Source: AI-Generated)

केमिस्ट से पूछकर एंटीबायोटिक खाने वालों के लिए खतरे की घंटी (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सर्दी, खांसी या बुखार होने पर क्या आप भी डॉक्टर की पर्ची के बिना सीधे मेडिकल स्टोर से दवाइयां ले आते हैं? अगर हां, तो आपको तुरंत अपनी यह आदत बदलने की जरूरत है। देश की प्रमुख मेडिकल संस्था, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने एक ऐसा खुलासा किया है जो सीधे तौर पर आपकी और हमारी सेहत से जुड़ा है।

आईसीएमआर की नई रिपोर्ट यह चीख-चीख कर कह रही है कि जिन एंटीबायोटिक दवाओं पर हम सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं, वे अब हमारे शरीर में मौजूद बीमारियों के सामने घुटने टेकने लगी हैं। आइए जानते हैं इस चौंकाने वाली रिपोर्ट की वो बातें, जो हर किसी के लिए जरूरी हैं।

आम बीमारियों पर बेअसर होती दवाएं

आईसीएमआर के 'एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस सर्विलांस एंड रिसर्च नेटवर्क' ने अपनी साल 2025 की सालाना रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि यूरिन इन्फेक्शन (UTI) और निमोनिया जैसी आम लेकिन तकलीफदेह बीमारियों में 'सेफोटैक्सिम' (Cefotaxime) नाम की दवा का खूब इस्तेमाल होता है। हालांकि, जब अस्पतालों में 'ई. कोलाई' बैक्टीरिया के सैंपल पर इस दवा को परखा गया, तो यह सिर्फ 18.4 प्रतिशत मामलों में ही संक्रमण से लड़ने में कामयाब हो सकी।

जब मेडिकल साइंस के 'ब्रह्मास्त्र' भी होने लगें फेल

मेडिकल जगत में 'कार्बापेनेम्स' जैसी एंटीबायोटिक्स को एक तरह का आखिरी और सबसे शक्तिशाली हथियार माना जाता है। इनका इस्तेमाल तब होता है जब बाकी सभी दवाइयां काम करना बंद कर देती हैं, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक अब इन ताकतवर दवाओं का भी जादू खत्म हो रहा है:

  • क्लेबसिएला निमोनिया: इस गंभीर संक्रमण को फैलाने वाले बैक्टीरिया पर अब 'कार्बापेनेम्स' जैसी दमदार दवाएं केवल एक-तिहाई (करीब 33%) मामलों में ही असर दिखा पा रही हैं।
  • एसिनेटोबैक्टर बॉमनी: यह आंकड़ा सबसे ज्यादा डराने वाला है। क्रिटिकल केयर में भर्ती मरीजों को अक्सर अस्पताल के भीतर ही निमोनिया या ब्लडस्ट्रीम इन्फेक्शन हो जाता है, जिसका कारण यह बैक्टीरिया होता है। जांच में सामने आया है कि 91.1% सैंपल्स में अब इस बैक्टीरिया पर शक्तिशाली दवा 'कार्बापेनेम्स' का कोई असर नहीं हो रहा है।

छोटे शहरों और अस्पतालों में भी पहुंच चुका है खतरा

अगर आपको लग रहा है कि यह समस्या केवल बड़े शहरों के चुनिंदा अस्पतालों की है, तो ICMR के डिस्क्रिप्टिव रिसर्च डिविजन की प्रमुख डॉ. कामिनी वालिया का बयान आपके भ्रम को तोड़ देगा। उन्होंने साफ किया है कि दवाओं के बेअसर होने की यह बीमारी छोटे अस्पतालों तक भी गहरी पैठ बना चुकी है।

उन्होंने अलग-अलग स्तर के अस्पतालों का एक हैरान करने वाला डेटा साझा किया। 'ई. कोलाई' बैक्टीरिया पर 'सेफ्ट्रिएक्सोन' नाम की दवा का असर लगातार गिरता जा रहा है:

  • बड़े (कैटेगरी-I) अस्पतालों में यह 39.8% असरदार रही।
  • मंझोले (कैटेगरी-II) अस्पतालों में इसकी ताकत घटकर 28% रह गई।
  • जबकि छोटे (कैटेगरी-III) अस्पतालों में यह दवा केवल 11.5% मामलों में ही अपना काम कर सकी।

अपनी मर्जी से दवा न खरीदें

एंटीबायोटिक दवाओं के इस तरह दम तोड़ने के पीछे सबसे बड़ा कारण हमारा खुद का लापरवाही भरा रवैया है। इसी को ध्यान में रखते हुए हाल ही में 18 नवंबर को 'विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह' की शुरुआत की गई।

इस मौके पर देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गहरी चिंता जताते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है। मंत्रालय के अनुसार, बिना डॉक्टर की पर्ची के मेडिकल स्टोर से मनमर्जी से एंटीबायोटिक खरीदना और गलत तरीके से दवाइयां लिखना ही इस बड़े स्वास्थ्य संकट की जड़ है।

यह भी पढ़ें- साधारण बुखार को टॉइफाइड बता दे रहे एंटीबायोटिक का मनमाना डोज, ऐसे 'डॉक्टरों' से संभलकर रहें

यह भी पढ़ें- बुखार उतर गया, लेकिन खांसी क्यों नहीं जा रही? जानिए वायरल के बाद कब होना चाहिए सतर्क

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।