साधारण बुखार को टॉइफाइड बता दे रहे एंटीबायोटिक का मनमाना डोज, ऐसे 'डॉक्टरों' से संभलकर रहें
प्रयागराज में गली-मुहल्लों की क्लीनिकें साधारण बुखार को टाइफाइड बताकर मनमाने एंटीबायोटिक दे रही हैं, जिससे मरीजों की सेहत बिगड़ रही है। अनावश्यक दवाओं के सेवन से बीमारी गंभीर हो रही है।

प्रयागराज में बेली अस्पताल की ओपीडी के बाहर शुक्रवार को मरीजों व स्वजन की भीड़। जागरण
HighLights
गली-मुहल्लों की क्लीनिकों में हो रहा मरीजों की सेहत से खिलवाड़
दो या तीन दिनों तक हुए बुखार में ही टॉइफाइड बताकर दे रहे दवाएं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संक्रामक बीमारियां फैलने की शुरुआत हो गई है तो गली-मुहल्लों में संचालित क्लीनिक संचालक मरीजों को बड़े खतरे में डाल रही है। दो या तीन दिन तक आए बुखार में ही टॉइफाइड बताकर एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही हैं, जबकि टाइफाइड के धनात्मक लक्षण छह या सात दिन बुखार होने के बाद मिलते हैं। सेहत पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है।
बड़े सरकारी अस्पतालों में प्रत्येक दिन ऐसे लगभग 15 मरीज पहुंच रहे हैं जिन्हें साधारण बुखार के बावजूद टाइफाइड बताकर उसी अनुसार दवाएं दी जा रही हैं। अनावश्यक दवाओं के सेवन से बीमारी गंभीर हो रही है तो ऐसे मरीजों पर एंटीबायोटिक दवाओं का असर पूरी क्षमता से नहीं हो रहा है।
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय की मेडिसिन ओपीडी में शुक्रवार को पहुंचे शहर के खुल्दाबाद निवासी राजेश निषाद ने बताया कि खांसी, छींक और बुखार आने के चलते मुहल्ले में संचालित एक क्लीनिक में इलाज कराया। वहां बताया गया कि टॉइफाइड है, एंटीबायोटिक दवाएं दी गईं। दवा का सेवन कर रहे हैं लेकिन बुखार में आराम नहीं है। डॉक्टर ने जांच रिपोर्ट देखी तो पता चला कि टॉइफाइड है ही नहीं।
बादशाही मंडी में रहने वाले महेश केसरवानी को बुखार तीन दिनों तक आया, घर के पास ही एक क्लीनिक में पहुंचे तो वहां दवाएं दी गईं और जांच कराई गई। वहीं पर जांच रिपोर्ट में टाइटर (टॉइफाइड परीक्षण का मापक) देख कर मरीज को बताया गया कि टाइफाइड है घर में आराम करें। एसआरएन अस्पताल में फिजीशियन ने जांच कराई तो रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
इसी तरह के मरीज टीबी सप्रू चिकित्सालय 'बेली अस्पताल' में रोज पहुंच रहे हैं। फिजीशियन डॉ. बीएस दुबे की ओपीडी में पहुंचीं बेली कालोनी निवासी मीना कुमारी ने बताया कि बुखार ठीक नहीं हो रहा है। बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का असर नहीं हो रहा है।
एक सप्ताह में 30 मरीज किए भर्ती
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय और टीबी सप्रू चिकित्सालय में बीते एक सप्ताह में 30 मरीज ऐसे भर्ती हुए जिनकी तबीयत एंटीबायोटिक के अनावश्यक सेवन से बिगड़ी। इन्हें साधारण बुखार में दवाएं क्लीनिकों से उच्च डोज वाली मिली थी। इनमें 20 मरीज हालत में सुधार होने पर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
चार दिनों में सामान्य होने लगता है तापमान
आमतौर पर साधारण बुखार में पैरासिटामाल टैबलेट से ही चार दिनों में बुखार ठीक हो जाता है। शरीर का तापमान सामान्य हो जाता है। जबकि टाइफाइड की स्थिति तब होती है जब 103 डिग्री या इससे अधिक बुखार लगातार आए।
विडाल टेस्ट के टाइटर में बुखार की डिग्री के पैमाने होते हैं। कभी तीन या चार दिनों के बुखार में टाइफाइड घोषित नहीं किया जा सकता। बुखार आते कम कम सात दिन हो जाएं तब 'विडाल' टेस्ट कराते हैं। प्रत्येक दिन औसत पांच मरीज ओपीडी में ऐसे आ रहे हैं जिन्हें गली मुहल्लों की क्लीनिक से टॉइफाइड बताकर दवाएं दे दी जा रही हैं। ऐसे ज्यादातर मरीजों पर एंटीबायोटिक का असर नहीं हो रहा है।
- डॉ. आनंद सिंह, फिजीशियन, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।