Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस अफ्रीकी देश में ‘रहस्यमयी बीमारी’ ने ढाया कहर, दो हफ्तों में हुई लगभग 79 लोगों की मौत

    Updated: Mon, 09 Dec 2024 10:36 AM (IST)

    अफ्रीका के देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) में एक नई बीमारी (Mysterious Disease X) ने कोहराम मचाया हुआ है। इस बीमारी के बारे में अभी तक ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन इससे कई लोगों की जानें जा चुकी है। इस बीमारी के लक्षण कैसे होते हैं और इससे बचाव के लिए क्या सलाह दी जा रही है आइए जानें विस्तार से।

    Hero Image
    Congo में तेजी से बढ़ रहे हैं एक रहस्यमयी बीमारी के मामले (Picture Courtesy: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में हाल ही में एक ‘रहस्यमयी बीमारी’ (Mysterious Disease In Congo) ने दस्तक दी है। इस बीमारी के अभी तक के मामलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। यहां कि हेल्थ अथॉर्टीज के मुताबिक, इस बीमारी की वजह से अभी तक 79 लोगों की जान जा चुकी है और 376 लोग इससे जूझ रहे हैं (DRC Health Crisis)। इस बीमारी (Mysterious Disease X Outbreak) के बारे में अभी ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन इसके कारण बुखार, सिरदर्द, खांसी और एनीमिया जैसे फ्लू के लक्षण दिखाई देते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह भी पढ़ें: मंकीपॉक्स ने बढ़ाई WHO की चिंता, बुलाई इमरजेंसी मीटिंग; घोषित हो सकती है वैश्विक बीमारी

    विदेश भेजे जाएंगे सैम्पल्स

    कांगो के स्वास्थ्य अधिकारी इस अनजान बीमारी की पहचान करने के लिए तेजी से जांच में जुटे हैं। कांगो में टेस्टिंग लैब से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की कमी के कारण इस बीमारी का पता लगाने में मुश्किलें आ रही हैं। 

    क्योंकि महामारी तेजी से फैल रही है और इसके कारण का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए मरीजों के सैम्पल्स को विदेशों के लैब्स में भी भेजा जा सकता है।

    बचाव के लिए क्या सलाह दी जा रही है?

    इस ‘रहस्यमयी बीमारी’ की मृत्यु दर काफी अधिक है। साथ ही यह संक्रमण तेजी से फैल भी रहा है, जिसकी वजह से स्थिति काफी चिंताजनक बन चुकी है। इसे देखते हुए कांगो के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बचाव के लिए कुछ सलाह दी है।

    • लोगों को भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूरी बनाने के लिए कहा गया है। 
    • हाइजीन बनाए रखने के लिए नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोने, गंदे हाथों से आंख, मुंह आदि को न छुने की सलाह दी है।
    • मृत व्यक्ति में अगर इस बीमारी के लक्षण नजर आए थे, तो बिना स्वास्थ्य अधिकारियों की निगरानी के शव को हाथ लगाने से मना किया गया है।
    • जब तक इस बीमारी के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल जाती है, तब तक वहां के लोगों से शांति बनाए रखने और पैनिक न करने की अपील की जा रही है।

    कांगो की ऐसे मदद कर रहा WHO 

    इस बारे में वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने कहा कि उन्होंने कांगो में बिगड़ते हालातों को देखते हुए वहां कुछ हेल्थ एक्सपर्ट भेजे हैं, ताकि इस खतरनाक बीमारी की रोकथाम करने और इसकी पहचान करने में कांगो के अधिकारियों को सहायता मिल सके।

    यह भी पढ़ें: Covid-19 से MPox तक...केरल में ही सबसे पहले क्यों आते हैं वैश्विक बीमारियों के शुरुआती मामले?