सुबह उठते ही एड़ी में होता है दर्द, तो हो सकता है Plantar Fasciitis; डॉक्टर ने बताया कैसे पाएं राहत
रोजमर्रा की जिंदगी में एड़ी का दर्द एक आम समस्या है जिसे अक्सर लोग अनदेखा कर देते हैं। सुबह उठते ही एड़ी में दर्द प्लांटर फेशिआइटिस का संकेत हो सकता है जिसमें पैर के तलवे की मांसपेशियां टाइट हो जाती हैं। आइए डॉक्टर से जानते हैं इसका कारण और बचान के तरीके।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रोजमर्रा की जिंदगी में अक्सर कई ऐसी समस्याएं होती हैं, जिन्हें हम आम मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। एड़ी का दर्द इन्हीं समस्याओं में से एक है, जिसकी वजह से अक्सर कई तरह की परेशानी होती है। खासकर सुबह सोकर उठने के बाद कई लोगों को एड़ी में दर्द की समस्या होती है। हालांकि, आम दर्द नहीं है और इसे अनदेखा नहीं करना चाहिए।
ऐसे में एड़ी के इस दर्द के बारे में विस्तार से जानने के लिए हमने मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स गुरुग्राम ऑर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट के चेयरमैन डॉ. हेमंत शर्मा से बातचीत की। साथ ही हमने यह जानने की भी कोशिश की कि आखिर सुबह उठते ही एड़ी में दर्द क्यों होता है और इसके क्या कारण है। इसके अलावा हमने यह भी जाना कि इससे राहत पाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
क्यों होता है एड़ी में दर्द?
डॉक्टर ने बताया कि अगर आपको सुबह उठते ही एड़ी में दर्द होता है, जो यह आम नहीं है। इसके पीछे प्लांटर फेशिआइटिस हो सकता है। यह ऐसी कंडीशन है, जिसमें पैर के तलवे के नीचे की मांसपेशियां टाइट हो जाती हैं। इसके कुछ और लक्षण निम्न हैं-
- एड़ी में दर्द
- पैर के आर्च में दर्द
- अकड़न
- एड़ी के आसपास सूजन
- अकिलीज टेंडन में कसाव
क्यों होता है प्लांटर फेशिआइटिस?
प्लांटर फेशिआइटिस के कई कारण हो सकते हैं। इसके प्रमुख कारणों में ओवर वेट होना, बहुत ज्यादा खड़े रहने वाला काम करना, अगर आप पुरुष है, तो यूरिक एसिड का बढ़ना इसकी वजह हो सकता है। इसके अलावा महिलाओं में हाई हील्स पहनने की वजह से भी यह समस्या हो सकती है। साथ ही सबसे जरूरी काफ मसल का टाइट होना यानी पिंडली की मसल का टाइट होना भी इस समस्या की वजह हो सकता है।
कैसे पाएं इससे राहत?
प्लांटर फेशिआइटिस से राहत पाने के लिए एक्सरसाइज सबसे बढ़िया तरीका है। आप इसके लिए काफ मसल स्ट्रेचिंग कर सकते हैं। हालांकि, कुछ लोग इसके लिए इंजेक्शन लगाने की भी सलाह देते हैं, लेकिन यह इंजेक्शन ज्यादातर स्टेरॉयड होते हैं, जिन्हें लगाने से बचना चाहिए। साथ ही अगर आपका वेट ज्यादा है, तो वेट को कम करने की कोशिश करें। साथ ही अपने फुटवियर ऐसे पहनें, जिनके अंदर का सोल सॉफ्ट हो।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।