खतरनाक बैक्टीरिया का घर बन सकता है गंदा किचन टॉवेल, बीमारियों से बचने के लिए ध्यान रखें ये बातें
किचन (Kitchen Safety Tips) में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा या टॉवेल बीमारियों का घर हो सकता है। ऐसा एक स्टडी में पता चला है। इसके मुताबिक ज्यादा दिनों तक बिना धोए किचन टॉवेल का इस्तेमाल करने से इसमें कई तरह के बैक्टीरिया पनप सकते हैं तो बीमारियों की वजह बनते हैं। आइए जानते हैं कितने दिनों में इसे धोना चाहिए।

लाइफस्टाइल डेक्स, नई दिल्ली। किचन (Kitchen Safety Tips) हमारे घर का सबसे जरूरी हिस्सा होता है। यहां हमारे लिए खाना बनता है और खाने की कई सारी चीजें भी रखी रहती है और इसलिए घर के इस हिस्से का साफ होना सबसे ज्यादा जरूरी माना जाता है। आमतौर पर किचन को साफ रखने के लिए लोग हर छोटी बात का ध्यान रखते हैं।
बर्तनों को साफ रखने से लेकर आसपास की सफाई (Kitchen hygiene tips) तक, लोग किचन की साफ-सफाई का खास ध्यान रखते हैं, लेकिन कई लोग किचन में इस्तेमाल होने वाले कपड़े या टॉवेल को अक्सर अनदेखा कर देते हैं, जो आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। गंदा किचन टॉवेल कई सारे बैक्टीरिया को पनपने की जगह देता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे गंदा किचन टॉवेल (Dirty Kitchen towel harmful effects) किन बीमारियों की वजह बन सकता है और कितने दिनों में इसे धोना सही है।
यह भी पढ़ें- दबे पांव शरीर को नुकसान पहुंचाती हैं 5 Healthy Habits, फिटनेस के चक्कर में बिना सोचे फॉलो कर रहे लोग
गंदे टॉवेल के नुकसान
अमेरिकन सोसाइटी ऑफ माइक्रोबायोलॉजी के एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि एक महीने तक बिना धोए किचन टॉवेल का इस्तेमाल करने से इसमें ई. कोली और स्टैफ जैसे जीवाणुओं पनपने लगते हैं। टॉवेल में मौजूद ये कीटाणु फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है। इतना ही नहीं गंदे तौलिए या कपड़े के इस्तेमाल से इसमें मौजूद बैक्टीरिया बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द या ऐंठन, डायरिया या टाइफाइड तक की वजह बन सकते हैं।
कैसे शरीर तक पहुंचते हैं कीटाणु?
गंदे टॉवेल में मौजूद कीटाणु बर्तनों के जरिए हमारे शरीर तक पहुंचते हैं। दरअसल, खाना खाने के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को जब हम गंदे टॉवेल से साफ करते या पोंछते हैं, तो कपड़े में मौजूद कीटाणु बर्तनों में चले जाते हैं, तो बाद में इन बर्तनों में खाना खाने पर शरीर के अंदर चले जाते हैं और फिर फूड पॉइजनिंग का कारण बनते हैं।
कितने दिनों में धोएं किचन टॉवेल?
अब आप ये तो जान ही गए हैं कि गंदा किचन टॉवेल कैसे बीमारियों का घर बन सकता है। ऐसे में जरूरी है कि इसे समय-समय पर धोया जाए, ताकि इसके हानिकारक प्रभाव से बचा जा सके। इसलिए किचन में इस्तेमाल होने वाले कपड़े या तौलिए को हर दो दिन जरूर धोएं।
साथ ही इसे धोने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल करें और कपड़ा धोते समय हाथ में ग्लव्स पहनें। इस कपड़े को धूप में सुखाएं, ताकि बैक्टीरिया खत्म करने में मदद मिले। इसके अलावा हर 15 दिन में किचन के इस्तेमाल होने वाले कपड़े को बदल लें, ताकि इससे होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
Source
- क्लीवलैंड क्लिनिक: https://health.clevelandclinic.org/how-germy-is-your-kitchen-towel
यह भी पढ़ें- Weight Gain की वजह बनती है डिनर के बाद की 3 आदतें, परफेक्ट फिगर के लिए आज ही कर लें तौबा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।