कमर का घेरा बढ़ना और असामान्य वजन... कहीं आप 'प्री-डायबिटीज' के शिकार तो नहीं? ऐसे पहचानें लक्षण
अगर ब्लडशुगर सामान्य से अधिक रहने लगा है तो यह डायबिटीज की स्टेज में जाने से पहले की चेतावनी है।

प्री-डायबिटीज के लक्षणों को कैसे पहचानें? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उम्र बढ़ने के साथ आपका वजन असामान्य ढंग से बढ़ रहा है, कमर के घेरा पहले से पहले अधिक हो गया है, परिवार में पहले से किसी को डायबिटीज है, तो ये सभी लक्षण संभावित समस्या की शुरुआती संकेत हैं। डॉ. अंबरीश मित्थल (चेयरमैन, एंडोक्राइनोलाजी एवं डायबिटीज, मैक्स हेल्थकेयर, दिल्ली) बताते हैं कि प्री-डायबिटीज का कोई स्पष्ट संकेत नहीं होता है।
इस अवस्था में अक्सर कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते और व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ महसूस करता रहता है, लेकिन इस बीमारी के विकसित होने से पहले शरीर एक महत्वपूर्ण चेतावनी देता है। आइसीएमआर-इंडियाबी के राष्ट्रीय अध्ययन के अनुसार, भारत में लगभग 10.1 करोड़ लोग डायबिटीज और 13.6 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज से प्रभावित हैं। इसका अर्थ है कि एक बहुत बड़ी आबादी भविष्य में टाइप-2 डायबिटीज की आशंका का सामना कर रही है।
प्री-डायबिटीज पहचानें कैसे?
इसमें रक्त में ग्लूकोज (शुगर) का स्तर सामान्य से अधिक हो जाता है, लेकिन डायबिटीज की निर्धारित सीमा तक नहीं पहुंचता। इस अवस्था में शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति कम संवेदनशील होने लगती हैं, जिसे इंसुलिन रेजिस्टेंस (इंसुलिन प्रतिरोध) कहते हैं। परिणामस्वरूप, रक्त में ग्लूकोज का स्तर बढ़ने लगता है।
प्री-डायबिटीज की प्रमुख जांच
- फास्टिंग ब्लड शुगर- 100-125 एमजी/डीएल (कम से कम आठ घंटे के उपवास के बाद)।
- एचबीए1सी- 5.7–6.4 प्रतिशत। यह पिछले लगभग दो–तीन महीनों के औसत रक्त ग्लूकोज का संकेत देता है।
- ओजीटीटी- 75 ग्राम ग्लूकोज पीने के दो घंटे बाद 140–199 एमजी/डीएल।
इनमें से किसी एक जांच का परिणाम प्री-डायबिटीज की सीमा में आ सकता है। हालांकि, चिकित्सक आवश्यकतानुसार दोबारा जांच की सलाह दे सकते हैं।
इसके डायबिटीज में बदलने की आशंका
प्री-डायबिटीज वाले सभी व्यक्तियों को डायबिटीज नहीं होती, लेकिन एचबीए1सी बढ़ने के साथ इसकी संभावना तेजी से बढ़ती है। विशेष रूप से इसके 6.0–6.4 प्रतिशत वाले व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। जिनमें फास्टिंग शुगर और एचबीए1सी दोनों बढ़े हुए हों, उनमें यह आशंका अधिक हो सकती है।
कुछ उच्च आशंका वाले समूहों में पांच वर्षों के भीतर लगभग 50 प्रतिशत तक डायबिटीज विकसित होने की आशंका देखी गई है। यह सभी प्री-डायबिटीज वाले व्यक्तियों पर लागू होने वाली निश्चित दर नहीं है। भारतीय आबादी के आइडीपीपी-1 अध्ययन में इंपेयर्ड ग्लूकोज टालरेंस वाले चयनित उच्च जोखिम वाले समूह के नियंत्रण वर्ग में लगभग 55 प्रतिशत लोगों को तीन वर्षों में डायबिटीज हुई।
किन्हें विशेष सावधानी रखने की जरूरत
- माता-पिता या भाई-बहन में अगर डायबिटीज का पारिवारिक इतिहास रहा है।
- पेट और कमर के आसपास अतिरिक्त चर्बी जमा हो रही है।
- शारीरिक गतिविधि की कमी और लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदत है।
- उच्च रक्तचाप और असामान्य कोलेस्ट्राल या ट्राइग्लिसराइड है।
- महिलाओं में पीसीओएस या गर्भावस्था के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज का इतिहास है।
फैटी लिवर और अन्य मेटाबॉलिक समस्याएं
भारतीयों में अपेक्षाकृत कम बीएमआइ यानी सामान्य से अधिक वजन न होने पर भी पेट के आसपास चर्बी और इंसुलिन प्रतिरोध की आशंका अधिक हो सकती है, इसलिए केवल वजन देखकर मेटाबालिक स्वास्थ्य का आकलन पर्याप्त नहीं है।
हृदय रोगों का खतरा
प्री-डायबिटीज केवल भविष्य में डायबिटीज होने की चेतावनी नहीं है। बीएमजे में प्रकाशित 129 अध्ययनों और एक करोड़ से अधिक लोगों के मेटा-विश्लेषण के अनुसार, सामान्य रक्त शुगर वाले व्यक्तियों की तुलना में प्री-डायबिटीज में -
- हृदय एवं रक्त वाहिकाओं से जुड़ी बीमारियों की आशंका लगभग 15 प्रतिशत अधिक।
- कोरोनरी हार्ट डिजीज (सीएडी) की आशंका लगभग 16 प्रतिशत अधिक।
- स्ट्रोक की आशंका लगभग 14 प्रतिशत अधिक।
- सभी कारणों से मृत्यु की सापेक्ष आशंका लगभग 13 प्रतिशत अधिक पाई गई।
- ये तुलनात्मक आंकड़े हैं, किसी व्यक्ति में बीमारी होने की निश्चित संभावना नहीं।
अगर प्री-डायबिटीज आगे चलकर अनियंत्रित डायबिटीज में बदल जाए, तो लंबे समय में हार्टअटैक, स्ट्रोक, किडनी खराब होना, डायबिटिक रेटिनोपैथी से दृष्टि प्रभावित होने, नसों को नुकसान, पैरों में संवेदना कम होने और डायबिटिक फुट जैसी गंभीर जटिलताएं विकसित हो सकती हैं।
किन लोगों को नियमित जांच की जरूरत?
भारतीयों में डायबिटीज अपेक्षाकृत कम उम्र में भी दिखाई दे रही है, इसलिए 25 वर्ष की आयु से नियमित स्क्रीनिंग विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। अगर पेट का मोटापा, फैमिली हिस्ट्री, उच्च रक्तचाप, पीसीओएस, फैटी लिवर या शारीरिक निष्क्रियता रहती है तो पहले भी जांच करानी चाहिए।
गर्भावस्था में डायबिटीज हो चुका है तो महिलाओं को प्रसव के बाद नियमित जांच करानी चाहिए। प्री-डायबिटीज की पहचान होने पर कम से कम साल में एक बार एचबीए1सी और रक्त ग्लूकोज की जांच आवश्यक है।
प्री-डायबिटीज को रोकने के पांच प्रभावी कदम
- वजन में कमी- अगर वजन अधिक है, तो शुरुआती वजन का कम से कम 5–7 प्रतिशत घटाने का लक्ष्य रखें।
- नियमित व्यायाम- सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज चलना, साइकिल चलाना या अन्य मध्यम तीव्रता वाले व्यायाम करें।
- रेजिस्टेंस एक्सरसाइज- सप्ताह में दो-तीन दिन मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम करें। इसमें स्क्वाट्स, वाल पुश-अप्स, चेयर सिट-टू-स्टैंड, डंबल एक्सरसाइज और रेजिस्टेंस बैंड का उपयोग शामिल है। शुरुआत अपनी क्षमता के अनुसार करें और धीरे-धीरे व्यायाम बढ़ाएं।
- संतुलित भारतीय आहार- साबुत अनाज, दालें, हरी सब्जियां, सलाद, फल, मेवे और पर्याप्त प्रोटीन लें। चीनी युक्त पेय, मिठाइयां, मैदा और अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ सीमित करें। भोजन के बाद 10–15 मिनट टहलने की आदत डालें।
- नींद और तनाव प्रबंधन- प्रतिदिन सात-नौ घंटे की पर्याप्त नींद लें। योग, ध्यान और नियमित दिनचर्या अपनाएं। विशेष उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों में चिकित्सकीय सलाह से मेटफॉर्मिन जैसी दवाओं पर भी विचार किया जा सकता है।
प्री-डायबिटीज का मतलब डायबिटीज होना नहीं है
अमेरिका के प्रसिद्ध डायबिटीज प्रिवेंशन प्रोग्राम अध्ययन में लगभग सात प्रतिशत वजन कम करने और सप्ताह में 150 मिनट शारीरिक गतिविधि अपनाने से तीन वर्षों में डायबिटीज विकसित होने की आशंका 58 प्रतिशत तक कम हुई। प्री-डायबिटीज को कई लोगों में सामान्य ग्लूकोज स्तर तक वापस लाया जा सकता है। लेकिन इसके लिए नियमित प्रयास और चिकित्सकीय निगरानी जरूरी है।
प्री-डायबिटीज बीमारी का इंतजार करने का नहीं, बल्कि उससे पहले अपने स्वास्थ्य की दिशा बदलने का अवसर है। समय पर जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सही चिकित्सकीय मार्गदर्शन से डायबिटीज के बढ़ते बोझ को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।