त्योहार में ओवरईटिंग पड़ सकती है भारी, पेट की परेशानी दूर करने के लिए अपनाएं ये तरीके
त्योहारों के मौके पर खानपान में अनियमितता और लापरवाही के चलते पेट से जुड़ी समस्याएं स्वाभाविक हैं। पाचन की समस्याओं ...और पढ़ें

पेट की परेशानी दूर करने के घरेलू उपाय और डिटॉक्स टिप्स
HighLights
त्योहारों पर ओवरईटिंग से बचें, अपनाएं घरेलू नुस्खे
शरीर को डिटॉक्स करें, पाचन और लिवर को स्वस्थ रखें
पानी, फल, सब्जियां और ग्रीन-टी से ऊर्जावान रहें।
दिनेश दीक्षित, नई दिल्ली। दीवाली के अवसर पर बनने वाले मीठे और नमकीन बहुत स्वादिष्ट लगते हैं, लेकिन इनका अधिक सेवन सेहत के लिए कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न कर देता है। ऐसे में जरूरी है थोड़ी सी समझदारी, ताकि सेहत को न हो किसी भी प्रकार से नुकसान। ओवरईटिंग के कारण होने वाली समस्याओं का हम घरेलू उपायों निदान कर सकते हैं। घरेलू नुस्खे एक प्रकार से फर्स्ट एड का काम करते हैं और शरीर में मौजूद हानिकारक तत्वों को भी आसानी से बाहर निकाल देते हैं। डिटाक्स से पाचन में सुधार भी होता है। यह अच्छे गट बैक्टीरिया को ठीक करता है, जिससे आपका पेट हल्का रहता है।
कम न हों पोषक तत्व
वैद्य अच्युत कुमार त्रिपाठी, सदस्य एवं गुरु, राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ के मुताबिक शरीर में पानी की कमी भी कई प्रकार की समस्याएं पैदा कर सकती है। शरीर को आप डिटाक्स तो करें ही, साथ ही पोषक तत्वों और पानी की कमी भी न होने पाए। शरीर को डिटाक्स करने के लिए डिटाक्स वाटर ले सकते हैं। रेगुलर चाय और अन्य ड्रिंक्स की जगह ग्रीन-टी या ब्लैक टी या नारियल पानी ले सकते हैं। इसके साथ ही ताजे और मौसमी फल खाएं, पानी अधिक मात्रा में पिएं, मौसमी हरी सब्जियों का सूप लें। आप मौसमी फलों और हरी सब्जियों से तैयार स्मूदी ले सकते हैं। घर का बना ताजा और हल्का सुपाच्य भोजन लेना चाहिए। इससे शरीर को डिटाक्स होगा, साथ ही आप ऊर्जावान भी महसूस करेंगे। पोषक तत्व और हाइड्रेटेड शरीर अंदरूनी सिस्टम को पूरी तरह से और प्राकृतिक रूप से रिसेट कर देता है। इसका सकारात्मक असर त्वचा पर भी पड़ता है।
ये भी हैं बहुत काम के
- ओवरईटिंग के कारण पेट में गैस बनने या मरोड़ होने या फिर पेट फूलने पर हिंगवाष्टक चूर्ण, शंखभस्म या हरित चूर्ण की दो से तीन ग्राम मात्रा लेकर गुनगुने जल के साथ सेवन करें। इसे आप दिन में दो या तीन बार ले सकते हैं।
- ओवरईटिंग से जी मिचलाने लगता है या उल्टियां होने लगती हैं। इसके लिए थोड़ा सा सौंफ का पाउडर, थोड़ी मिश्री और दो-चार छोटी इलायची पीसकर आधा-आधा चम्मच एक या दो बार सेवन करने से बहुत लाभ मिलेगा।
- पेट में असहजता महसूस होती है तो आठ-नौ मुनक्का टोस्ट की तरह या तवे में भूनकर, उसमें सेंधा नमक तथा काली मिर्च पाउडर डालकर धीरे-धीरे चूसें। इससे काफी राहत मिलेगी।
- घबराहट या बेचैनी महसूस हो रही है तो प्रभाकर वटी की दो-दो गोली दिन में दो बार सादे पानी से लें। थोड़ी देर में आराम मिलना शुरू हो जाएगा।
- अगर फूड प्वाइजनिंग हो गई है या पेट फूल रहा है तो 25 मिलग्राम अरंडी का तेल गुनगुने दूध में मिलाकर दिन में एक या दो बार ले सकते हैं।
- हानिकारक तत्वों के प्रभाव को खत्म करने के लिए एक चम्मच छोटी हरड़ का चूर्ण गुनगुने पानी से एक या दो बार ले सकते हैं। इससे आपको एक या दो दस्त भी आ सकते हैं, लेकिन दस्त लगने पर पेट में जमा विषाक्त खाद्य पदार्थ आसानी से बाहर निकल जाएंगे।
क्यों जरूरी है डिटॉक्स
दीवाली के अवसर पर शरीर में तरह-तरह के पदार्थ पहुंचते हैं। ये अगर शरीर में लंबे समय तक एकत्र रहे तो स्वास्थ्य के लिए हो सकते हैं हानिकारक। इसलिए इन हानिकारक तत्वों से जितनी जल्दी हो छुटकारा पा लेना ही श्रेयस्कर रहता है। इसका सबसे आसान तरीका है शरीर को डिटाक्स करना।
डिटॉक्स लिवर के लिए है फायदेमंद
त्योहारों के दौरान लिवर को न चाहते हुए शरीर में अधिक मात्रा में पहुंचे फ्राइड फूड और मिठाइयों को पचाने के लिए आम दिनों से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। डिटाक्सिंग लिवर को सही तरह से काम करने में बहुत मदद करता है और उसे आराम भी देता है।
डिटॉक्स से मिलती है ऊर्जा
ओवरईटिंग अर्थात ज्यादा खा लेने शरीर में सुस्ती और आप अपने को दिनभर थका हुआ सा महूसस करते हैं। ऐसे में आप दिमागी रूप से भी सुस्त महसूस कर सकते हैं। अगर आप शरीर को डिटाक्स करते हैं तो इससे न केवल आपके शरीर का एनर्जी लेवल सही रहता है, बल्कि यह ब्लड शुगर को भी सही रखने में मदद करता है। सबसे प्रमुख बात डिटाक्सिंग आपको अलर्ट और फ्रेश महसूस कराती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।