चावल, रोटी और मीठे फल छोड़ना नहीं है डायबिटीज का इलाज, सही खानपान से ऐसे कंट्रोल होगी शुगर
डायबिटीज के मरीज चावल, रोटी और मीठे फल पूरी तरह छोड़ने के बजाय संतुलित आहार से शुगर नियंत्रित कर सकते हैं।

गलत धारणाओं के बजाय सही आहार पर फोकस जरूरी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। डायबिटीज का खतरा बढ़ने पर सबसे पहले लोग अपनी थाली से चावल, रोटी और मीठे फल हटाने लगते हैं, जबकि बीमारी से बचाव और नियंत्रण के लिए खानपान पूरी तरह छोड़ने के बजाय उसे संतुलित करना अधिक महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार डायबिटीज के मरीज चावल और रोटी खा सकते हैं, लेकिन इनके साथ दाल और सब्जियां शामिल करना जरूरी है, भोजन में फाइबर बढ़ता है और ब्लड शुगर पर पड़ने वाले प्रभाव को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
गलत धारणाओं के बजाय सही आहार पर फोकस जरूरी
इसी तरह आम और केला जैसे मीठे फल भी पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं हैं। इनकी मात्रा और सेवन के तरीके पर ध्यान देना चाहिए। हार्मोन एवं डायबिटीज रोग विशेषज्ञ एम्स निदेशक प्रो. डॉ. निखिल टंडन भी इसका समर्थन करते हैं। उनके अनुसार खानपान की गलत धारणाओं के बजाय सही आहार, नियमित व्यायाम और समय पर जांच से मधुमेह के खतरे को कम करने और बीमारी को नियंत्रित रखने में मदद करता है।
युवाओं में डायबिटीज का खतरा
मधुमेह अब केवल 40 वर्ष की उम्र पार करने वालों तक सीमित नहीं है। कम उम्र के लोगों में भी इसका खतरा बढ़ रहा है। चिंताजनक यह है कि करीब 50 प्रतिशत को अपनी बीमारी की जानकारी ही नहीं होती।
खा सकते हैं आम-केला और सेब, बस मात्रा का रखें ध्यान
डॉ. निखिल टंडन के अनुसार, डायबिटीज के मरीजों को आम, केला और अंगूर जैसे फलों से पूरी तरह दूरी बनाने की जरूरत नहीं है। इनमें प्राकृतिक शर्करा अधिक होती है, इसलिए इनकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है। फलों का रस पीने के बजाय फल खाना बेहतर है, क्योंकि इनमें मौजूद फाइबर शर्करा के अवशोषण की गति को धीमा करता है। एम्स के निदेशक डा. निखिल टंडन का कहना कि कभी-कभार चाकलेट का छोटा टुकड़ा खाना भी ठीक है, लेकिन नियमित रूप से अधिक मात्रा में चाकलेट खाना नुकसानदायक हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, मधुमेह के हर मरीज की उम्र, वजन, ब्लड शुगर का स्तर और शारीरिक गतिविधि अलग होती है। इसलिए सभी के लिए एक जैसा आहार तय नहीं किया जा सकता। व्यक्तिगत आवश्यकता के अनुसार खानपान, नियमित व्यायाम और दवाओं के साथ उचित जीवनशैली अपनाना ही मधुमेह के प्रभावी प्रबंधन का आधार है।
शरीर को नुकसान पहुंचाने लगती है बीमारी अधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना और सामान्य से अधिक भूख लगना डायबिटीज के तीन प्रमुख संकेत हैं। कई लोगों में ब्लड शुगर बढ़ने के बावजूद लंबे समय तक कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखता। ऐसे में बीमारी की पहचान होने तक शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर इसका गहरा प्रभाव पड़ने लगता है। इसलिए लक्षणों का इंतजार करने के बजाय समय पर ब्लड शुगर की जांच कराना जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।