विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चेहरे की उड़ गई है रौनक और झड़ रहे हैं बाल? तुरंत चेक करें विटामिन-बी12 की कमी के ये छिपे हुए संकेत

By Meenakshi NaiduEdited By: Swati Sharma
Published: Sat, 13 Jun 2026 07:00 AM (IST)

विटामिन-बी12 की कमी सेहत के लिए काफी नुकसानदेह साबित हो सकती है। इसलिए समय पर इसके लक्षणों को पहचानना जरूरी है।

कैसे करें विटामिन-बी12 की कमी की पहचान? (Picture Courtesy: Freepik)

कैसे करें विटामिन-बी12 की कमी की पहचान? (Picture Courtesy: Freepik)

HighLights

  1. लगातार थकान और कमजोरी विटामिन-बी12 की कमी के मुख्य संकेत

  2. मूड स्विंग्स, याददाश्त कमजोर होना और त्वचा पर असर भी लक्षण

  3. एनिमल फूड्स, सप्लीमेंट्स से विटामिन-बी12 की कमी दूर करें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हम में से कई लोग थकान, भूलने की आदत या मूड स्विंग्स को स्ट्रेस या उम्र का असर मान लेते हैं, जबकि इसके पीछे विटामिन-बी12 की कमी छिपी हो सकती है। 

यह विटामिन शरीर की एनर्जी, दिमागी सेहत और त्वचा की जवां चमक बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी धीरे-धीरे शरीर को अंदर से कमजोर करती है और यह दिखने में साधारण लक्षणों से शुरू होती है, लेकिन इसके प्रभाव गहरे होते हैं। आइए जानते हैं इन लक्षणों के बारे में।

विटामिन-बी12 की कमी के लक्षण

  • लगातार थकान और कमजोरी- अगर आप पूरी नींद लेने के बावजूद हमेशा थकान महसूस करते हैं, तो यह विटामिन-बी12 की कमी का संकेत हो सकता है। यह विटामिन रेड ब्लड सेल्स बनाने में मदद करता है, जो शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाती हैं। कमी होने पर ऑक्सीजन की आपूर्ति घट जाती है और शरीर सुस्त पड़ने लगता है।
  • मूड स्विंग्स और डिप्रेशन के संकेत- विटामिन-बी12 सेरोटोनिन बनाने में मदद करते हैं, जो मूड को कंट्रोल करता है। इसकी कमी से मूड अस्थिर हो जाता है, व्यक्ति चिड़चिड़ा या डिप्रेस्ड महसूस करने लगता है। कई बार बिना किसी कारण के दुख, बेचैनी या निराशा महसूस होना इसका छिपा हुआ लक्षण है।
  • याददाश्त कमजोर होना- अगर आप हाल की बातें भूलने लगे हैं या काम पर फोकस नहीं कर पा रहे, तो यह केवल स्ट्रेस नहीं बल्कि-बी12 की कमी भी हो सकती है। यह विटामिन दिमाग के न्यूरॉन्स को स्वस्थ रखता है, जिसकी कमी से ब्रेन फंक्शन प्रभावित होता है।
  • त्वचा और बालों पर असर- विटामिन-बी12 की कमी से स्किन पीली या फीकी पड़ जाती है, होठों पर पपड़ी जमने लगती है और बाल झड़ने लगते हैं। ये लक्षण उम्र बढ़ने जैसे लगते हैं, पर असल में यह विटामिन की कमी के संकेत हैं जो समय से पहले बुढ़ापा लाने का काम करते हैं।
  • झनझनाहट और सुन्नपन- हाथ-पैरों में झनझनाहट, जलन या सुन्नपन महसूस होना विटामिन-बी12 की कमी का एक गंभीर लक्षण है। यह कमी नसों को प्रभावित करती है और धीरे-धीरे न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का कारण बन सकती है।
  • सांस फूलना और चक्कर आना- यह लक्षण इसलिए नजर आते हैं, क्योंकि ब्लड में ऑक्सीजन की मात्रा घट जाती है। इससे दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और शरीर थकावट या हल्के सिरदर्द जैसा महसूस करता है।
  • जीभ में सूजन और मुंह के छाले- विटामिन-बी12 की कमी से जीभ पर सूजन, दर्द और छाले बनने लगते हैं। यह शरीर का एक शुरूआती संकेत है कि आपके शरीर को पूरा पोषण नहीं मिल रहा है।

कैसे करें इसकी कमी दूर? 

विटामिन-बी12 मुख्य रूप से एनिमल बेस्ड फूड प्रोडक्ट्स, जैसे- दूध, अंडे, दही, पनीर, मछली और चिकन में पाया जाता है। वेजिटेरियन लोगों को डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लेना चाहिए। इसके अलावा, फोर्टिफाइड सीरियल्स और सोया मिल्क जैसे ऑप्शन भी मददगार साबित हो सकते हैं।