विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शरीर में इन 4 विटामिन्स की कमी से बढ़ सकता है डिमेंशिया का खतरा, आज ही हो जाएं सावधान

Published: Wed, 10 Jun 2026 07:40 AM (IST)

एक नई रिसर्च के अनुसार, शरीर में विटामिन डी, बी2, बी6 और बी12 की कमी से डिमेंशिया का खतरा काफी बढ़ जाता है।

शरीर में इन 4 विटामिन्स की कमी होने पर बढ़ जाती है भूलने की बीमारी (Image Source: AI-Generated)

शरीर में इन 4 विटामिन्स की कमी होने पर बढ़ जाती है भूलने की बीमारी (Image Source: AI-Generated) 

HighLights

  1. विटामिन D, B2, B6, B12 की कमी से डिमेंशिया का खतरा

  2. तेलंगाना में 556 लोगों पर हुआ अध्ययन, चौंकाने वाले नतीजे

  3. महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में डिमेंशिया का अधिक जोखिम

प्रेट्र, नई दिल्ली। हम सभी जानते हैं कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए शरीर में विटामिन्स का होना कितना जरूरी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इनकी कमी से सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक बीमारियां भी हमें घेर सकती हैं?

जी हां, एक नई रिसर्च में यह बात सामने आई है कि अगर शरीर में कुछ खास विटामिन्स की कमी हो, तो 'डिमेंशिया' का जोखिम काफी बढ़ सकता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस नई स्टडी में क्या-क्या खुलासे हुए हैं।

dementia risk factors

(Image Source: AI-Generated) 

क्या कहती है यह नई स्टडी?

मेडिकल जर्नल 'लैंसेट रीजनल हेल्थ साउथईस्ट एशिया' में प्रकाशित एक हालिया अध्ययन ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। यह रिसर्च तेलंगाना के 556 अधेड़ और बुजुर्ग लोगों पर की गई। शोधकर्ताओं ने अपनी स्टडी में पाया कि जिन लोगों में डिमेंशिया होने का जोखिम अधिक था, उनके शरीर में मुख्य रूप से चार विटामिन्स- विटामिन D, B2, B6 और B12 की काफी कमी थी।

किन लोगों में पाया गया सबसे ज्यादा जोखिम?

इस अध्ययन में शामिल कुल 556 लोगों में से करीब 39 प्रतिशत लोगों में डिमेंशिया का खतरा देखा गया। शोधकर्ताओं ने इस नतीजे तक पहुंचने के लिए कई अहम जानकारियों का इस्तेमाल किया, जिनमें शामिल हैं:

  • उम्र
  • बीएमआई
  • शारीरिक गतिविधि
  • ब्लड प्रेशर
  • कोलेस्ट्रॉल

इस रिसर्च में एक और अहम बात निकलकर सामने आई है। आंकड़ों के मुताबिक, शहरी इलाकों में रहने वालों की तुलना में महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में डिमेंशिया होने की आशंका ज्यादा पाई गई है।

आंकड़ों में समझें विटामिन्स की कमी का हाल

जब अध्ययन में शामिल लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई, तो विटामिन्स की कमी के ये चौंकाने वाले प्रतिशत सामने आए:

  • सबसे ज्यादा 64% लोगों में विटामिन B2 की कमी पाई गई।
  • 42% लोगों में विटामिन D कम मिला।
  • 34% लोगों के अंदर विटामिन B6 की कमी थी।
  • वहीं, 17% लोगों में विटामिन B12 की कमी दर्ज की गई।

क्या होता है डिमेंशिया का असर?

जिन लोगों को डिमेंशिया के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, उनके लिए बता दें कि यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति की याददाश्त कमजोर होने लगती है। इसके कारण इंसान के सोचने और समझने की क्षमता में भारी गिरावट आ जाती है। स्थिति इतनी गंभीर हो सकती है कि मरीज को अपने रोजमर्रा के सामान्य काम करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

शोधकर्ताओं का स्पष्ट रूप से मानना है कि शरीर में इन जरूरी विटामिन्स की कमी डिमेंशिया के खतरे को और भी बढ़ा सकती है। इसलिए, मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए शरीर में विटामिन्स का सही स्तर बनाए रखना बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़ें- मोबाइल और बिगड़ती दिनचर्या बना रही दिमाग को बीमार, कतई नजरअंदाज न करें सिरदर्द व कमजोरी सहित ये लक्षण

यह भी पढ़ें- रोजाना सिर्फ कुछ मिनटों का हाई इंटेंसिटी वर्कआउट रखेगा आपको 8 गंभीर बीमारियों से दूर