मिर्गी होने पर क्या प्रेग्नेंसी में बढ़ जाता है खतरा? मां बनने की प्लानिंग से पहले जान लें दवाओं से जुड़ी जरूरी बातें
मिर्गी से पीड़ित महिलाएं भी स्वस्थ गर्भावस्था प्लान कर सकती हैं, बशर्ते सही मेडिकल केयर और दवाओं का ध्यान रखा जाए।

मिर्गी की समस्या में बेबी प्लान करते समय रखें खास ध्यान (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आपको मिर्गी की समस्या है और आप बेबी प्लान करने की सोच रही हैं, तो आपको बाकी लोगों से ज्यादा यह चिंता मन ही मन खाती होगी। आप कई सवालों से घिर जाते होंगे कि क्या मिर्गी की वजह से कंसीव करना मुश्किल होगा? क्या इसकी दवाओं का बच्चे पर असर पड़ेगा? क्या दवाएं लेना प्रेग्नेंसी में सुरक्षित है?
ये सवाल पेरेंट्स बनने के उस खूबसूरत एहसास को डरावना बना सकते हैं। पर यहां खुशखबरी यह है कि जिन महिलाओं को मिर्गी की समस्या होती है, उनकी भी हेल्दी प्रेगनेंसी हो सकती है, अगर इस दौरान बेहतर मेडिकल केयर के साथ सही दवाएं ली जाएं। आइए इस बारे में थोड़ा विस्तार से जानते हैं, ताकि मिर्गी और प्रेग्नेंसी से जुड़ी बहुत सी बातों को ठीक से समझा जा सके।
क्या मिर्गी फर्टिलिटी पर बुरा असर डालती है?
मिर्गी की समस्या का मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि आपको कंसीव करने में परेशानी होगी। कई महिलाएं इस दौरान नेचुरली प्रेग्नेंट हो सकती हैं। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि मिर्गी से जुड़ी कुछ चीजें रिप्रोडक्टिव हेल्थ पर असर डाल सकती हैं।
कई महिलाएं इस दौरान हॉर्मोनल बदलावों का सामना करती हैं, जिससे उनके पीरियड्स, ओव्यूलेशन और रिप्रोडक्शन प्रोसेस पर असर पड़ता है। कुछ एंटी-सीजर दवाएं भी इन हॉर्मोनल बदलावों के लिए जिम्मेदार हो सकती हैं, ऐसे में गर्भनिरोधक गोलियां और बाई तरीके उस तरह से काम नहीं करते, जिस तरह से किया जाना चाहिए।
पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) और अनियमित पीरियड्स पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है। खासकर कि तब जब आप काफी समय से कंसीव करने की कोशिश कर रही हैं और इसमें सफलता नहीं मिल रही है। अगर आपके साइकल बदलता है या वैसा ही बना रहता है या आपको फर्टिलिटी की चिंता हो रही है, तो ऐसी स्थिति में न्यूरोलॉजिस्ट और गायनेकोलॉजिस्ट दोनों से सलाह लेनी चाहिए। इस कंडीशन में ऐसा बिल्कुल न समझें कि ये सब केवल मिर्गी की समस्या के कारण हो रहा है।
मिर्गी की समस्या में प्रेगनेंसी प्लान
मिर्गी की समस्या में प्लानिंग बहुत मायने रखती है, कंसीव की कोशिश से पहले न्यूरोलॉजिस्ट से जरूर सलाह लें। डॉक्टर्स आपकी हिस्ट्री, ट्रीटमेंट और हेल्थ देखकर सही सलाह देंगे। इस तरह की काउंसलिंग भविष्य के खतरों और सही इलाज में बड़ी मदद कर सकती है। वहीं, प्रेग्नेंसी के दौरान मिर्गी के दौरे कंट्रोल करना बहुत जरूरी है, क्योंकि यह मां और बच्चे दोनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
डॉक्टर कंसीव करने से पहले फॉलिक एसिड के सेवन की सलाह दे सकते हैं। इसके अलावा, जो महिलाएं एंटी-सीजर दवा ले रही हैं, उन्हें प्रेग्नेंसी से 3 महीने पहले ही 5mg हाई डोज लेने की सलाह दी जा सकती है। ये खुराक प्रेग्नेंसी के पहले तीन महीनों तक जारी रखी जा सकती है।
प्रेगनेंसी में दवाओं की सही जानकारी जरूरी
अब दूसरे सवाल की तरफ चलते हैं कि क्या मिर्गी के लिए ली जा रही दवाएं सुरक्षित हैं या नहीं? तो बता दें कि बहुत सी दवाएं भ्रूण में कई तरह के दोष और उसके विकसित होने में परेशानी खड़ी कर सकती हैं, पर इसका जोखिम दवाओं पर निर्भर करता है।
उदाहरण के लिए सोडियम वॉलपोरेट से भ्रूण में जन्मजात दोष और उसके विकसित होने से जुड़ी दिक्कतें बढ़ा सकती हैं। वहीं, लैमोट्रिजिन और लेवेतिरासेटम जैसी दवाएं ज्यादा सुरक्षित मानी जाती हैं, लेकिन कोई भी दवा पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है।
इस बात का भी ध्यान रखें कि इन बातों को जान लेने के बाद अचानक दवा लेना बंद न करें क्योंकि अचानक से ऐसा करना खतरनाक साबित हो सकता है। डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही फैसला लें।
प्रेगनेंसी में और बच्चे के जन्म के बाद क्या होता है?
प्रेग्नेंसी एक ऐसी अवस्था है जो आपके शरीर में एब्जॉर्ब करने, उसे पचाने और दवाओं को बाहर निकालने के प्रोसेस को बदल देती है। नतीजतन, शरीर में मिर्गी की कुछ दवाओं का असर कम हो सकता है, जिससे ऐसा संभव है कि दौरे को उस स्तर तक कंट्रोल न किया जा सके। इसके लिए रेगुलर चेकअप्स जरूरी हैं।
पर्याप्त नींद, समय पर दवाएं, स्ट्रेस मैनेजमेंट और डॉक्टर के पास रेगुलर जाते रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। डिलीवरी के बाद, मां को ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है क्योंकि नींद की कमी दौरे के खतरे को बढ़ा देती है।
इसके साथ ही, एंटी-सीजर मेडिसिन लेने वाली का महिलाएं शिशु को ब्रेस्टफीड करा सकती हैं, बस मेडिसिन की डोज सही है या नहीं, इसके लिए डॉक्टर से सलाह लें।
यह भी पढ़ें- लिवर की बीमारी से राहत दिला सकती है नई दवा ‘इकिर्वो’, क्लीनिकल ट्रायल में सामने आए कई गुना बेहतर नतीजे
यह भी पढ़ें- बेहोशी को मिर्गी समझने की न करें गलती! लो BP से लेकर दौरे तक, इन लक्षणों में छिपा है दोनों का बड़ा फर्क
(डॉ. अमित गुप्ता, सीके बिरला हॉस्पिटल, दिल्ली में न्यूरोसर्जरी एंड स्पाइन सर्जरी डिपार्टमेंट में डायरेक्टर हैं।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।