विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब साधारण ब्लड टेस्ट से होगी पार्किंसंस की पहचान? वैज्ञानिकों ने खोजा दिमागी बीमारी को ट्रैक करने का नया रास्ता

Published: Tue, 03 Nov 2026 10:38 AM (IST)

स्पेन में हुए एक अध्ययन से पता चला है कि प्लेटलेट्स में होने वाले मॉलिक्यूलर बदलाव पार्किंसंस रोग की शुरुआती ...और पढ़ें

पार्किंसंस का नया संकेत (Image Source: AI-Generated)

पार्किंसंस का नया संकेत (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. प्लेटलेट्स में आणविक बदलाव पार्किंसंस की चेतावनी

  2. स्पेनिश अध्ययन ने SNCA जीन की भूमिका बताई

  3. शुरुआती पहचान और ट्रैकिंग का नया रास्ता

प्रेट्र, नई दिल्ली। क्या आपने कभी सोचा है कि हमारे खून का सबसे छोटा हिस्सा दिमाग की एक गंभीर बीमारी का गहरा राज खोल सकता है? दरअसल, पार्किंसंस डिजीज को लेकर स्पेन में हुए एक अध्ययन ने कुछ ऐसा ही चौंकाने वाला खुलासा किया है।

वैज्ञानिकों ने पाया है कि हमारे प्लेटलेट्स में होने वाले मॉलिक्यूलर बदलाव इस गंभीर न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारी के आगे बढ़ने की पूर्व चेतावनी दे सकते हैं।

स्पेन का वह हैरान करने वाला मामला

'मूवमेंट डिसऑर्डर्स जर्नल' में छपी एक नई रिसर्च के मुताबिक, स्पेन के एक मरीज को बहुत कम उम्र में ही पार्किंसंस हो गया था। यह बीमारी इतनी तेजी से बढ़ी कि वह जल्द ही डिमेंशिया का शिकार हो गया। जब स्पेन के 'जर्मन्स ट्रायस आई पुजोल रिसर्च इंस्टीट्यूट' के वैज्ञानिकों ने उसके जीनोम की गहराई से जांच की, तो उन्हें उसमें एक खास हिस्से की तीन कॉपी मिलीं।

हर बार आनुवंशिक नहीं होता पार्किंसंस

जीनोम के इस खास हिस्से में 'एसएनसीए' (SNCA) नाम का एक जीन पाया जाता है, जिसका काम 'अल्फा-सिन्यूक्लिन' प्रोटीन बनाना है। पार्किंसंस रोग में यही प्रोटीन आपस में चिपक कर गुच्छे बना लेता है। इस रिसर्च में सबसे अहम बात यह सामने आई कि मरीज के जीन में हुआ यह बदलाव 'डी नोवो' था। इसका सीधा मतलब है कि यह बीमारी उसे अपने माता-पिता से विरासत में नहीं मिली थी, बल्कि यह जेनेटिक बदलाव अचानक उसी के शरीर में हुआ था।

प्लेटलेट्स ने दिए सबसे साफ संकेत

वैज्ञानिकों ने समय-समय पर इस मरीज की स्थिति का गहराई से अध्ययन किया। उन्होंने 41 साल की उम्र, यानी जब बीमारी बस शुरू हुई थी और 44 साल की उम्र यानी जब मरीज को डिमेंशिया हो चुका था, इसमें उसके 'जीन एक्सप्रेशन' यानी जीन की सक्रियता की तुलना की। इस तुलनात्मक जांच में देखा गया कि बीमारी के बढ़ने के जो भी बदलाव थे, वे पूरे खून के मुकाबले सिर्फ प्लेटलेट्स में कहीं ज्यादा साफ और स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे।

यह नई खोज भविष्य में पार्किंसंस को इसके शुरुआती चरण में ही समझने और ट्रैक करने का एक नया रास्ता खोल सकती है।

यह भी पढ़ें- पार्किंसन और अल्जाइमर के इलाज में जगी नई उम्मीद! वैज्ञानिकों ने खोजा सेल डेथ रोकने वाला मालिक्यूल

यह भी पढ़ें- उम्र बढ़ने के साथ आंत में बदलाव का दिमाग पर असर, घटते गुड बैक्टीरिया से बढ़ सकता है अल्जाइमर-पार्किंसन का खतरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।