नवरात्र के व्रत में फलाहार के नाम पर तो नहीं कर रहे ये गलतियां? कर लें सुधार, वरना बिगड़ जाएगी तबीयत
नवरात्र व्रत के दौरान फलाहार में की जाने वाली आम गलतियों से बचें और सेहतमंद रहने के लिए सही खानपान और हाइड्रेशन का ध्यान रखें।

नवरात्र के उपवास में किन बातों का रखें ध्यान? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शारदीय नवरात्र का त्योहार 11 नवंबर से शुरू हो रहा है। इन दिनों में देवी के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा होती है और भक्त उपवास भी करते हैं। रोज का खाना छोड़कर भक्त व्रत के दौरान फलाहार करते हैं या सात्विक खाना खाते हैं।
हालांकि, लंबे समय तक भूखे रहने या फलाहार के नाम पर ज्यादा तला-भुना खाना कमजोरी, डिहाइड्रेशन और एसिडिटी जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है। अगर आप भी इस नवरात्र पर व्रत रख रहे हैं, तो अपनी सेहत का खास ख्याल रखना जरूरी है। आइए जानें नवरात्र के व्रत के दौरान किन बातों का ध्यान रखें।
हाइड्रेशन का ध्यान रखें
व्रत के दौरान लोग अक्सर कम पानी पीते हैं, जिसस शरीर में डिहाइड्रेशन और थकान होने लगती है। खाली पेट ये समस्या और ज्यादा परेशान कर सकती है। इसलिए उपवास में भी 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं। पानी के साथ नारियल पानी, नींबू पानी और छाछ पिएं, ताकि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बना रहे।
एनर्जी देने वाले फूड्स
उपवास के दौरान शरीर को कार्ब्स कम मिलते हैं, जिस वजह से कमजोरी महसूस हो सकती है। इसलिए अपनी डाइट में केला, सेब और पपीता जैसे फल शामिल करें। इसके साथ बादाम, अखरोट और मखाने जैसे ड्राई फ्रूट्स खाएं, ताकि शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिलती रहे।
फ्राइड और ऑयली खाने से बचें
उपवास में फलाहार के नाम पर लोग अक्सर कुट्टू या सिंघाड़े के आटे की पूरियां, पकौड़े या चिप्स खाते हैं। खाली पेट तली-भुनी चीजें खाने से एसिडिटी और गैस की समस्या हो सकती है। इसलिए तली-भुनी चीजों की जगह उबलू हुए आलू, सिंघाड़े के आटे की रोटी या ग्रिल की हुई चीजें खाएं।
सेंधा नमक खाएं
उपवास में लोग सामान्य नमक नहीं खाते। इसकी जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल करें। हालांकि, खाने में नमक की मात्रा सीमित ही रखें। ज्यादा नमक खाने से हाई ब्लड प्रेशर और सूजन की समस्या हो सकती है।
चाय-कॉफी सीमित मात्रा में पिएं
कई लोग उपवास के दौरान एनर्जी के लिए बार-बार चाय या कॉफी पीते हैं। खाली पेट चाय या कॉफी पीने से पेट में जलन और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। इसलिए उपवास में चाय-कॉफी की जगह जूस, छाछ या नारियल पानी पिएं।
आराम भी है जरूरी
उपवास के दौरान शरीर को पहले ही कम कैलोरी मिलती है। इसलिए इस समय आराम करना जरूरी है। 7-8 घंटे की नींद जरूर लें, ताकि एनर्जी बनी रहे और हैवी वर्कआउट या ज्यादा फिजिकल लेबर करने से बचें।
