30, 40 या 50 -किस उम्र में जरूरी है प्रोस्टेट कैंसर की स्क्रीनिंग? 60% मरीज देरी से पहुंचते हैं अस्पताल
यूरिन में कठिनाई, खून आना या हड्डियों में दर्द की समस्या, प्रोस्टेट कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। हालांकि, ...और पढ़ें

प्रोस्टेट कैंसर के शुरुआती लक्षणों को न करें नजरअंदाज (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ब्रह्मानंद मिश्र, नई दिल्ली। भारतीय पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर तीसरा सबसे आम तरह का कैंसर है। वर्ष 2024 में लगभग 50,000 नए मामले सामने आए थे, जिसमें 23,498 मौतें दर्ज हुईं। भारत में हर 111 में से एक पुरुष को इसका खतरा रहता है। दिल्ली, मुंबई और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरी इलाकों में इसकी दर सबसे अधिक है।
ग्लोबोकैन के अनुसार 2050 तक मामलों में 138.7 प्रतिशत और मौतों में 156.7 प्रतिशत बढ़ोतरी की आशंका है। सबसे चिंताजनक है कि प्रोस्टेट कैंसर के 60 प्रतिशत मरीज एडवांस स्टेज में उपचार के लिए पहुंचते हैं, जिससे खतरा काफी बढ़ चुका होता है। पंजाब और बिहार के अध्ययनों से पता चलता है कि पांच वर्ष तक जीवित रहने की दर केवल 27–30 प्रतिशत ही है।
डॉ. अमिताभ सिंह (सीनियर कंसल्टेंट, यूरो-आन्कोलाजी, राजीव गांधी कैंसर अस्पताल, नई दिल्ली) के मुताबिक, ऐसे में जरूरी है कि इस बीमारी को लेकर हर स्तर पर सतर्कता बढ़ाई जाए। अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के हालिया अध्ययन की मानें तो यह समस्या बीते कुछ वर्षों से लगातार बढ़ रही है। ऐसे में हर दो वर्ष में इसकी जांच कराना आवश्यक है, ताकि समय पर सही उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
कैसे होती है प्रोस्टेट कैंसर की जांच?
प्रोस्टेट-स्पेसिफिक एंटीजन (पीएसए) एक साधारण रक्त जांच है, जो प्रोस्टेट ग्रंथि द्वारा बनाए जाने वाले प्रोटीन का स्तर मापती है। इसका बढ़ा होना कैंसर का संकेत हो सकता है। हालांकि, प्रोस्टेट के बढ़ने (बीपीएच), सूजन (प्रोस्टेटाइटिस) या संक्रमण से भी यह अधिक हो सकता है, यानी पीएसए एक महत्वपूर्ण संकेतक तो है, पूरा उपाय नहीं है।
चिंताजनक है नई रिपोर्ट
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी की मानें तो 2014 से 2022 तक हर वर्ष नए मामलों में तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ज्यादातर मरीज एडवांस स्टेज पर ही उपचार के लिए पहुंचते हैं, इसका एक बड़ा कारण स्क्रीनिंग का देर से होना है। बढ़ती उम्र के साथ स्क्रीनिंग आवश्यक है, हालांकि फैमिली हिस्ट्री और आनुवंशिक बदलाव जैसे कारणों को भी ध्यान में रखना आवश्यक है। अगर सेहत से जुड़ी कोई समस्या नहीं है तो 50 वर्ष की उम्र में इसकी जांच करा लेनी चाहिए। अगर जोखिम अधिक है यानी परिवार में किसी को प्रोस्टेट कैंसर हो चुका है तो यह जांच 45 वर्ष में और नजदीकी रिश्तेदारों में कई लोगों को हो चुका है तो 40 वर्ष में इसकी जांच शुरू करा देनी चाहिए।
जांच का मुख्य आधार पीएसए है, डीआरई वैकल्पिक उपाय है। आमतौर पर पीएसए 2.5 एनजी/एमएल से कम हो, तो हर दो वर्ष में और इससे अधिक हो, तो हर वर्ष जांच की सलाह दी जाती है। पीएसए अधिक दर्ज होने पर अब अधिकतर पुरुषों का पहले एमआरआइ होता है, फिर बायोप्सी का निर्णय लिया जाता है। सभी प्रमुख संस्थाएं इस बात पर सहमत हैं कि स्क्रीनिंग अंधाधुंध नहीं, बल्कि डॉक्टर की सलाह के बाद व्यक्तिगत निर्णय के आधार पर होनी चाहिए।
जागरूकता बढ़ाने की जरूरत
भारत में प्रोस्टेट कैंसर के लिए कोई राष्ट्रीय जनसंख्या-आधारित स्क्रीनिंग कार्यक्रम नहीं है। डॉक्टर आमतौर पर इन्हीं अंतरराष्ट्रीय दिशानिर्देशों के आधार पर व्यक्तिगत सलाह देते हैं। स्क्रीनिंग का सबसे बड़ा लाभ है कि कैंसर की शुरुआती स्टेज में पहचान हो जाती है, जिससे इलाज के आसान और सफल होने की संभावना बढ़ जाती है। अनावश्यक जांच और बायोप्सी से बचना भी जरूरी है। इससे दर्द, रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा है। बायोप्सी से पहले एमआरआई, बायोमार्कर टेस्ट और कम जोखिम वाले कैंसर में तुरंत आपरेशन की जगह 'एक्टिव सर्विलांस' (नियमित निगरानी) अधिक महत्वपूर्ण है। जांच और उपचार में डॉक्टर और मरीज दोनों का आश्वस्त होना जरूरी है।
इन उपायों पर करें गौर
- पीएसए स्क्रीनिंग हर पुरुष के लिए जरूरी नहीं है। यह डॉक्टर की सलाह पर कराएं।
- 45–50 वर्ष की उम्र में अपने डॉक्टर से प्रोस्टेट कैंसर के जोखिम पर बात करें।
- परिवार में प्रोस्टेट, स्तन या अंडाशय कैंसर का इतिहास रहा हो तो 40 वर्ष से ही सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है।
- पीएसए बढ़ा आए तो घबराने के बजाय दोबारा जांच, एमआरआई और यूरोलाजिस्ट की सलाह पर ही कोई निर्णय लें।
- यूरिन में कठिनाई, खून आने या हड्डियों में दर्द जैसे लक्षण दिखें तो डॉक्टर से मिलकर इसकी जांच कराएं।
- जागरूकता, समय पर चर्चा और सही जानकारी ही प्रोस्टेट कैंसर से बचाव का संभव है।
यह भी पढ़ें- भारतीय पुरुषों में देरी से क्यों चलता है प्रोस्टेट कैंसर का पता? 4 प्वाइंट्स में डॉक्टर ने बताई सच्चाई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।