काटने पर कच्चा और फीका निकलता है खरबूजा? खरीदते वक्त आजमाएं 5 ट्रिक्स; हर बार मिलेगा मीठा और रसीला फल
गर्मी के मौसम में अगर कोई फल सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है तो वह है खरबूजा। यह न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है बल्कि इसमें भरपूर मात्रा में पानी होता है जो गर्मी में शरीर को हाइड्रेटेड रखता है लेकिन एक समस्या हर किसी को परेशान करती है- बाजार से खरबूजा तो लाए लेकिन काटने पर निकला फीका कच्चा और बेस्वाद! आइए जानें Tips For Buying Sweet Muskmelon...
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। Tips For Buying Sweet Muskmelon: सोचिए, चिलचिलाती गर्मी में घर लौटते ही आपने एक बड़ा-सा खरबूजा फ्रिज से निकाला। ठंडी-ठंडी स्लाइस काटीं, मुंह में डालीं... और निकला फीका, बेस्वाद और कच्चा! दिल टूट गया ना?
गर्मी के इस मौसम में खरबूजा वो फल है, जिसे देखकर ही ताजगी का एहसास होता है, लेकिन जरा-सी चूक और आप खरीद लाते हैं ऐसा खरबूजा जो देखने में तो बढ़िया लगता है, लेकिन स्वाद में जीरो निकलता है।
तो क्या हर बार अच्छा खरबूजा मिलना किस्मत की बात है? जी नहीं! बस कुछ आसान सी बातें जान लें और फिर देखिए कैसे हर बार आपको मिलेगा मीठा, रसीला और पूरी तरह पका हुआ खरबूजा। आइए इस आर्टिकल में जानते हैं वो 5 आजमाई हुई ट्रिक्स (Muskmelon Buying Tips), जिन्हें अपनाकर आप हर बार बाजार से लाएंगे एकदम परफेक्ट खरबूजा।
रंग और छिलके पर दें ध्यान
खरबूजे का रंग उसकी मिठास का पहला इशारा होता है। अगर आप ऐसा खरबूजा खरीदते हैं जिसका छिलका एक समान पीला या हल्का नारंगी है, तो समझिए वो पक चुका है।
- गहरे हरे रंग का खरबूजा अभी कच्चा हो सकता है।
- पीले धब्बे या जालियां दिखाई दें तो समझिए यह फल जमीन पर सही तरीके से पका है।
- छिलका बहुत चमकदार नहीं होना चाहिए, वरना वह ज्यादा समय तक स्टोर किया गया हो सकता है।
हल्का दबाकर देखें
- खरबूजा खरीदते वक्त हल्के से उसकी ऊपरी सतह यानी डंठल के पास वाले हिस्से को दबाकर देखें।
- अगर वह हल्का दब जाए और उसमें से मीठी महक आए, तो समझिए फल पूरी तरह से पक चुका है।
- अगर वह हिस्सा बहुत सख्त हो, तो वह अभी अधपका हो सकता है।
- अगर जरूरत से ज्यादा दब जाए, तो वो सड़ भी सकता है।
यह भी पढ़ें- किस नारियल में है ज्यादा पानी, पता लगाने के लिए काफी हैं ये 3 ट्रिक्स
खुशबू से पहचानें मिठास
- ये सबसे आसान और असरदार ट्रिक है। खरबूजे को नाक के पास लाकर सूंघिए।
- मीठी और ताजी खुशबू आ रही है? तो बिना सोचे ले लीजिए।
- अगर कोई महक नहीं आ रही, या फिर उसमें हलकी सी खटास लगे — तो वह पकने में समय लेगा या खराब भी हो सकता है।
वजन से लगाएं अंदाजा
- दो खरबूजे आकार में एक जैसे दिख रहे हैं? तो दोनों को हाथ में उठाकर तौलिए।
- जो खरबूजा अपने आकार के मुकाबले भारी लगे, उसमें जूस ज़्यादा होता है। इसका मतलब वह अधिक रसीला होगा।
- यह ट्रिक आमतौर पर लोग नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अनुभवी दुकानदार और किसान इसी आधार पर फल चुनते हैं।
खटखटाकर सुनिए आवाज
- इस ट्रिक को आप दादी-नानी की परंपराओं से जोड़ सकते हैं। खरबूजे को हल्के से अंगुलियों से थपथपा कर देखें।
- अगर आवाज थोड़ी भारी और गूंजदार हो, तो यह पकने का संकेत है।
- अगर आवाज खोखली-सी हो, तो वह फल अंदर से सूखा या कच्चा हो सकता है।
बोनस टिप
अगर आपने गलती से फीका खरबूजा काट लिया है, तो उसमें नींबू, थोड़ा सा काला नमक और पुदीना डालकर उसका स्वाद सुधार सकते हैं। साथ ही, उसका रंग, खुशबू और छिलका पहचान कर अगली बार बेहतर खरबूजा चुनना सीख सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।