संडे ब्रंच में बनाएं सिंधी दाल-पकवान, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का मन करेगा
दाल पकवान में रिचनेस के साथ एक क्रंच होता है जो इसके टेक्सचर और स्वाद को बैलेंस करने का काम करता है।
-1789999567812_m.webp)
संडे ब्रंच के लिए लाजवाब और आसान रेसिपी (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
सिंधी दाल-पकवान की सादगी और लाजवाब स्वाद का अनुभव करें
चना दाल और मैदे से तैयार करें यह पारंपरिक व्यंजन
संडे ब्रंच के लिए एक परफेक्ट और आसान रेसिपी
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आमतौर पर सिंधी खाने की सबसे बड़ी खासियत होती है उसकी सादगी, जो उनके हर पकवान को खास बना देती है। इसी कैटेगरी में आता है सिंधियों का मशहूर भोजन, दाल-पकवान। यह दाल जितनी आसानी और कम सामग्रियों के साथ बनती है स्वाद में उतनी ही कमाल की लगती है। इसके साथ पकवान और खट्टी-मीठी चटनी की जुगलबंदी स्वाद को एक अलग ही मुकाम देती है। तो आइए बनाते हैं दाल-पकवान।
क्या चाहिए सामग्री
दाल के लिए
- एक से डेढ़ कप चना दाल (3-4 घंटे पानी में भिगोए हुए)
- एक चुटकी हल्दी पाउडर
- दो बड़े चम्मच घी
- 1 टीस्पून साबुत जीरा
- 1 हरी मिर्च
- कुछ कढ़ी पत्ते
- चुटकीभर हींग
- ¼ गरम मसाला
- 1 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
- ½ टीस्पून अमचूर पाउडर
- नमक स्वादानुसार
पकवान के लिए
- 2 कप मैदा
- 2 छोटे चम्मच घी
- 1 टीस्पून साबुत जीरा
- ½ टीस्पून साबुत अजवाइन
- आधा कप पानी
- नमक स्वादानुसार
- तलने के लिए तेल
ऐसे बनाएं दाल
- चना दाल को डेढ़ कप पानी, हल्दी पाउडर और नमक के साथ 2 से 3 सीटी आने तक प्रेशर कुकर में पकाएं।
- एक पैन में घी गरम करें और साबुत जीरा डालकर चटका लें।
- इसी पैन में हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, हींग, अमचूर पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला डालकर भून लें। अब इसमें पका हुआ चना दाल डाल दें। फिर कुछ मिनटों के लिए मध्यम आंच पर पकाएं।
- दाल को लगातार चलाते हुए पकाएं और गैस बंद कर एक तरफ रख दें।
ऐसे बनाएं पकवान
- एक परात या बाउल में मैदा और सारी सामग्री डालकर लेकर सख्त गूंथ लें।
- अब इस गूंथे हुए मैदे से छोटे-छोटे गोले पेड़े बना लें और बड़े आकार की पूड़ी बेल लें।
- बेली गई गोल पूड़ी को फोर्क या कांटे की मदद से बराबर दूरी पर गोदें।
- एक कड़ाही में तेल डालकर गरम करें और आंच को मध्यम रखते हुए पकवान तल लें।
- अब बचे हुए सभी पकवानों को इसी तरह तलकर पेपर नैपकिन के ऊपर रखते जाएं।
इस तरह परोसें दाल-पकवान
- एक प्लेट पर पहले पकवान रखें और उसके ऊपर दाल की एक परत फैला दें। ध्यान रहे दाल गर्म होनी चाहिए।
- फिर इसके ऊपर धनिया व पुदीने की चटनी और थोड़ी मीठी चटनी की एक हल्की परत बिछा दें।
- ऊपर से बारीक कटा हुआ प्याज और थोड़ी–सी धनिया पत्ती डालकर बराबर फैला दें।
- इसी तरह सारे पकवानों के ऊपर दाल और बाकी सारी चीजों से गार्निश करें।
- इसे परोसने के साथ ही खा लें, वरना पकवान के क्रंच का मजा फीका पड़ सकता है।
