यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Republic Day 2024: क्या है भारतीय गणतंत्र दिवस का इतिहास और कहां पहली बार मनाया गया था इस दिन?
Republic Day 2024 भारत का संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। इसलिए हर साल 26 जनवरी को भारतीय ...और पढ़ें

HighLights
- 26 जनवरी का दिन भारत में गणतंत्र दिवस के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है।
- इस बार भारत अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा।
- कहां पहली बार मनाया गया था गणतंत्र दिवस।
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। First Republic Day: हर साल 26 जनवरी को भारत में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाता है। जो हर एक भारतवासी के लिए गर्व का पल होता है और इस बार तो दोगुने जश्न का अवसर है क्योंकि भारत अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। आजादी के तीन साल बाद 1950 में देश का संविधान लागू हुआ था। झंडा लहराकर और मिठाइयां बांटकर इसकी खुशियां मनाई गई थीं। लेकिन कैसे संविधान बना, कब क्या हुआ और कहां पहली बार ये दिन मनाया गया था। आइए जानते हैं इस बारे में।
भारतीय गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
भारत के गणतंत्र दिवस का संबंध हमारी स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है। भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली थी, लेकिन तब भारत का अपना कोई संविधान नहीं हुआ करता था। उस समय यहां कानून और शासन प्रणाली 1935 के भारत सरकार अधिनियम पर चल रही थी। 29 अगस्त 1947 को भारत में एक स्थायी संविधान का खांका तैयार करने के लिए एक प्रारुप समिति के गठन के लिए संविधान सभा में प्रस्ताव रखा गया था। जिसमें डॉ. बी.आर. अंबेडकर की अध्यक्षता में प्रारुप समिति का गठन किया गया। समिति ने 4 नवंबर 1948 को संविधान का अंतिम प्रारूप संविधान सभा में प्रस्तुत किया। फिर विचार-विमर्श और कुछ संशोधनों के बाद संविधान के प्रारुप को 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा पारित किया गया। संविधान के कुछ प्रावधान 26 नवंबर 1949 को ही लागू हो गए थे। हालांकि, संविधान के मुख्य भाग 26 जनवरी 1950 को लागू हुए। इस दिन से भारत लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
26 जनवरी 1950 के अवसर पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। जिसके बाद 26 जनवरी को भारत के गणतंत्र दिवस के रूप में मान्यता दी गई। 26 जनवरी को खासतौर से संविधान की ‘प्रारंभ तिथि’ के रूप में चुना गया था क्योंकि इसी दिन 1930 में कांग्रेस के लाहौर सत्र (दिसंबर 1929) के प्रस्ताव के बाद पूर्ण स्वराज दिवस मनाया गया था।
भारत में पहली बार गणतंत्र दिवस कहां मनाया गया था?
भारत में पहली बार गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 1950 को दिल्ली के पुराने किले के सामने स्थित इरविन स्टेडियम में मनाया गया था। आज इस जगह पर दिल्ली का चिड़ियाघर है। इरविन स्टेडियम में गणतंत्र दिवस की पहली परेड भी निकाली गई थी। कहते हैं कि इस परेड में लगभग 3 हजार सेना के जवानों ने और तकरीबन 100 से ज्यादा एयरक्राफ्ट ने हिस्सा लिया था।
ये भी पढ़ेंः- इस साल महिलाएं करेंगी 75वें गणतंत्र दिवस की अगुवाई, महिला सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
Pic credit- freepik
