प्याज-लहसुन के बिना इस आसान तरीके से बनाएं स्वादिष्ट आलू का झोल, हर कोई पूछेगा रेसिपी
जब घर में व्रत हो, कोई प्याज-लहसुन न खाता हो या बस हल्का-सादा खाना खाने का मन हो- तब अक्सर सवाल उठता है कि "बिना प्याज-लहसुन के आलू का झोल कैसे बनेगा?" ऐसे में, यहां हम आपके लिए लाए हैं एक ऐसी रेसिपी, जिसमें न प्याज है, न लहसुन, लेकिन स्वाद ऐसा कि खाने वाला हर कोई पूछेगा, "ये कैसे बनाया?" आइए आपको बताते हैं आलू का झोल बनाने की आसान रेसिपी।

कितने लोगों के लिए : 2
सामग्री :
- उबले हुए आलू – 4 मीडियम आकार के
- टमाटर – 2 पिसे हुए
- हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
- अदरक – 1 छोटा टुकड़ा कद्दूकस किया हुआ
- जीरा – 1/2 छोटा चम्मच
- हल्दी – 1/2 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
- सेंधा नमक/सादा नमक – स्वादानुसार
- हरा धनिया – सजावट के लिए
- घी या तेल – 1 से 2 चम्मच
- पानी – जरूरत अनुसार
विधि :
- सबसे पहले आलू को हाथ से मोटे-मोटे टुकड़ों में तोड़ लें। एकदम महीन नहीं करना है, ताकि झोल में अच्छे से गाढ़ापन आए।
- कड़ाही में थोड़ा घी या तेल गर्म करें। उसमें जीरा डालें, फिर कटी हरी मिर्च और अदरक डालकर हल्का भूनें।
- अब पिसा हुआ टमाटर डालें और उसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक मिलाएं। इसे तब तक भूनें जब तक तेल अलग न दिखने लगे।
- भुने हुए मसाले में अब टूटे हुए आलू डालें और 2-3 मिनट तक अच्छे से चलाएं ताकि मसाला आलू में अच्छे से मिल जाए।
- अब जरूरत अनुसार पानी डालें, जितना पतला या गाढ़ा झोल आप चाहते हैं। अच्छे से मिलाकर ढककर 7-8 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
- जब झोल हल्का गाढ़ा हो जाए, ऊपर से हरा धनिया डालें और एक बार उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें।
- अगर आप झोल को और ज्यादा खट्टा-मीठा बनाना चाहें, तो थोड़ा सा आमचूर पाउडर या चुटकी भर चीनी डाल सकते हैं, स्वाद दोगुना हो जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।