विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुखबिरी के शक में नक्‍सलियों ने की ग्रामीण की हत्‍या, गोइलकेरा की घटना से अब तक मरने वालों की संख्‍या पांच

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Tue, 29 Aug 2023 01:10 PM (IST)

Jharkhand News पश्चिमी सिंहभूम जिले में भाकपा माओवादी नक्सलियों का खौफ लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। अब तक ...और पढ़ें

एक हफ्ते के भीतर नक्‍सलियों ने पांच को दी मौत।
एक हफ्ते के भीतर नक्‍सलियों ने पांच को दी मौत।

HighLights

  1. गांव से अपहरण कर व्‍यक्ति को नक्‍सली ले गए अपने साथ, फिर कर दी हत्‍या।
  2. घटनास्थल पर नक्सलियों ने नहीं छोड़ा कोई पर्चा।
  3. पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर की जा रही ग्रामीणों की हत्‍याएं।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। Jharkhand News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में भाकपा माओवादी नक्सलियों ने फिर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। बता दें कि एक सप्ताह के भीतर नक्सलियों ने अब तक 5 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है, जिससे इलाके में दहशत है।

ग्रामीणों पर लग रहा पुलिस मुखबिरी का आरोप

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, भाकपा माओवादी नक्सलियों ने सोमवार की रात गोइलकेरा थाना अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित राजाबासा के कटम्बा गांव से एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे अपने साथ ले गए। बाद में नक्सलियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि, घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण नक्सलियों ने मृतक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया है या नहीं यह अब तक साफ नहीं हो पाया है।

पुलिस ने अभी तक नहीं की घटना की पुष्टि

वहीं पुलिस भी घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई है क्‍योंकि कटम्‍बा जाने के लिए कच्चा रास्ता है, जिस पर नक्‍सलियों ने लैंडमाइंस बिछा रखा है। इसलिए गांव कोई आना-जाना नही करता। पुलिस को जानकारी मिली है। लेकिन डीआईजी ने कहा कि घटना की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

हत्‍या के बाद दहशत में पूरा इलाका

घटनास्थल पर नक्सलियों द्वारा पर्चा छोड़े जाने की भी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों की लगातार हो रही हत्याओं से पूरे क्षेत्र में दहशत है। पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही मामले का खुलासा होगा। हालांकि, नक्सलियों द्वारा लगातार अंजाम दिए जा रहे वारदातों के कारण चर्चा है कि नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर ही व्यक्ति की हत्या की है।

अभी बीते 22 अगस्‍त को भी गोइलकेरा थाना अंतर्गत बिला गांव के बुरुसाई टोला जाने वाले रास्ते पर एक 30 वर्ष युवक की पत्‍थर से कूचकर हत्‍या कर दी गई।

इसके अगली सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, तो लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मृतक के शरीर पर डंडे के चोट के निशान साफ थे। इससे एक दिन पहले टोंटो थाना क्षेत्र के रेंगड़ाहातु में भी एक को मौत के घाट उतार दिया गया।