सारंडा की धरती पर 17 साल से खूनी खेल खेलने वाला माओवादी ढेर, पूर्व विधायक पर किया था हमला
पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षा बलों ने 10 लाख के इनामी माओवादी चंद्रमोहन उर्फ आप्टन को मार गिराया। आप्टन 17 सालों से खूनी खेल में शामिल था जिस पर कई हत्याओं और हमलों का आरोप है। वह भाकपा (माओवादी) का सक्रिय सदस्य था और कई बड़ी घटनाओं में शामिल था। पुलिस अधीक्षक ने इसे शांति बहाली की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में रविवार को माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में मारा गया 10 लाख का इनामी माओवादी चंद्रमोहन उर्फ अमित हांसदा उर्फ आप्टन पिछले 17 साल से खूनी खेल का हिस्सा था।
उसने न केवल सुरक्षाबलों पर हमले किए, बल्कि आम लोगों, मुखबिर बताए गए ग्रामीणों, और पूर्व विधायक तक को निशाना बनाया।
आप्टन, भाकपा (माओवादी) का जोनल कमेटी सदस्य था और 2008 से 2025 तक संगठन का सक्रिय सदस्य रहा। सुरक्षा बलों के अनुसार, वह अकेले 16 बड़ी घटनाओं में शामिल रहा। उसके नाम 30 से ज्यादा लोगों की हत्या दर्ज है।
कुकड़ू हाट नरसंहार (14 जून 2019)
माओवादी आप्टन एवं इनके साथ अतुल, महादेव, रवि, मंगल, गौरव एवं 25-30 अन्य माओवादियों के द्वारा 14 जून 2019 को सरायकेला-खरसावां जिले के इचागढ़ थाना अंतर्गत कुकड़ू सप्ताहिक हाट में घात लगाकर पांच पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गई थी एवं उनके सारे हथियार छीन लिए गए थे।
मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर जानलेवा हमला
4 जनवरी 2022 को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र के झिलरूवां गांव में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर जानलेवा हमला किया गया।
इस हमले में दो जवान शहीद हो गए, जबकि हमलावर तीन सरकारी हथियार लूटकर फरार हो गए। हमले के दौरान विधायक, उनके ड्राइवर और अंगरक्षक किसी तरह जान बचाकर भाग निकले थे।
पुलिस ने बाद में लूटे गए एक इंसास राइफल की बरामदगी भी कर ली। इस कार्यक्रम की जानकारी बिरसा एवं शाका के द्वारा माओवादी आप्टन, अश्विन और सुशांत को दिया गया था। माओवादी मिसिर बेसरा उर्फ सागर दा कहने पर आप्टन, पिंटु, समीर के द्वारा घटना के पूर्व दो बार रेकी की गई थी।
चाईबासा जेल ब्रेक (दिसंबर 2014)
वर्ष 2014 के दिसंबर माह माओवादी आप्टन एवं इसके साथ रामबिलास, टिपा, साहदेव उर्फ सुभाष उर्फ अनुज, राजनाथ, चोकरो चाकी, बंसत चाकी, दर्शन, जोनसोन, तिजस उर्फ माटू बांडिंग, गणेश, विमल गुड़िया, विशु बोदरा, सालुका कायम, गुरा नाग, सुभाष उर्फ छोटू रामवीर पात्रो, संजय बोदरा के द्वारा चाईबासा जेल ब्रेक की घटना को अंजाम दिया गया था।
वर्तमान में साहदेव उर्फ सुभाष उर्फ अनुज, सालुका चाकी को छोड़कर भागे गए अन्य माओवादी की गिरफ्तारी पुलिस के द्वारा की जा चुकी हैं।
बालजोड़ी बारूद लूटकांड (30 मार्च 2023)
यह घटना 30 मार्च 2023 को गुवा थाना अंतर्गत बालजोड़ी एवं मेरलगाढा में घटित हुई थी। इस पूरे घटना को करीब 100 लोगों के द्वारा अंजाम दिया गया था, जिसमें कुछ गांव वाले भी थे। कमांडर के रूप में आप्टन, काण्डे और सिंगराय को चुना गया था जिसमें काण्डे एवं सिंगराय मुठभेड़ में मारे जा चुके है।
इस घटना को माओवादी देवान, अमृत, गार्दी, करण, अरूण, रिसीब, अजय महतो, अनमोल, अश्विन, पिंटू, बबिता, संदीप, चोगो, बासुमती, अनुशा, रिता, अमृत करण, बिरसा, कदोमुनी, कैरा, गार्दी, निती, सोहन सिंह हेंब्रम, दर्शन, वंदना, गोरा कायम, मोने, चाड़ा, चोड़ा, लालजीत, पूर्णिमा, रीता, सोहन, मंगल पाण्डे, सुदेश, अमित मुण्डा, सालुका, रीशिब, दामु, पिंकी, जसमती, जोंगा, सावित्री उर्फ फुटबाॅल, शांति, घोनोर, बातारी, बसंती, लेगेसे, दामु, टारजन, जोंगा, बासू पूर्ती एवं अन्य माओवादी के द्वारा अंजाम दिया गया था। लूटे गए सारे डिटोनेटर की बरामदगी चाईबासा पुलिस के द्वारा अप्रैल 2024 को कर ली गई है।
प्रताप हेंब्रम की हत्या (जनवरी 2023)
टोंटो थाना अंतर्गत तुंबाहाका निवासी प्रताप हेंब्रम को घर से निकालकर मार डाला गया। इस हत्या माओवादी आप्टन के साथ जयकांत, समीर, रापा, सागेन, अनमोल, मोछू, संतोष उर्फ जगबंधू, अजय महतो, रवि, लालू, सोहन एवं 10-15 अन्य माओवादियों ने मिलकर अंजाम दिया था।
चारो पुरती की गोली मारकर हत्या (मई 2023)
गोईलकेरा के पांता गांव में माओवादी आप्टन के साथ जयकांत, समीर, रापा, सागेन, अनमोल, मोछू, संदीप, संतोष उर्फ जगबंधू, अजय महतो, रवि, लालू, सोहन एवं 10-15 अन्य माओवादियों ने मिलकर चारो पुरती की हत्या की थी।
रोंदो सुरिन की गला रेतकर हत्या (अगस्त 2023)
पुलिस का मुखिबर होने के शक में लोवाबेड़ा निवासी ड्राइवर रोंदो सुरीन की आप्टन के साथ माओवादी संदीप, अमृत, करण, सागेन, रोहित, सोहन, रवि, बिरसा, लादू तिरिया, माटा के द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी।
रिटायर्ड आर्मी जवान की हत्या (सितंबर 2023)
गोईलकेरा के काशीजोओ गांव में सुखलाल पुरती उर्फ पलटन की हत्या की गयी थी। इस हत्याकाण्ड में अपटन के साथ चोगोपूर्ती उर्फ गुरूचरण, सिंगराय उर्फ मनोज, शिवचरण पुरती उर्फ राबुआ, पूर्णीमा, रीता, संदीप, लादु तिरिया, आशा उर्फ बेला सरदार, रजनी उर्फ फगनी, जिलानी, मुन्नी राम, सीता, बुदुई, दामू उर्फ बुमली पाडे़या, शिवा उर्फ शिवा बोदरा, बासू पूर्ती, गणेश, सुसारी, सपना, सावित्री उर्फ फुटबाॅल, दुलबू उर्फ बुलबूल अल्डा एवं अन्य माओवादी शामिल थे।
वैध सुपाय मुटकन की हत्या (अगस्त 2023)
पुलिस मुखबिरी के आरोप में रेंगड़ाहातु निवासी सुपाय की हत्या।
तुंबाहाका में पुलिस पर हमला (14 अगस्त 2023)
झारखंड जगुआर के एक पदाधिकारी और जवान शहीद। हमला पूरी तैयारी से किया गया था।
सारजोमबुरू में आइईडी ब्लास्ट (सितंबर 2023)
कोबरा का एक जवान शहीद। आपरेशन के मास्टरमाइंड में आप्टन सबसे आगे।
नेलसन भेंगरा की हत्या (जनवरी 2024)
जराइकेला के समठा गांव में हत्या, मुखबिरी का आरोप।
जुड़ू सिरका की हत्या (31 जनवरी 2024)
जेटेया थाना क्षेत्र में रायका निवासी जुड़ू की हत्या।
जीतेन लागूरी की हत्या (23 फरवरी 2024)
टोंटो थाना के बांधाबेड़ा निवासी की गोली मारकर हत्या।
हुसीपी मुठभेड़ (11 अगस्त 2023)
गोईलकेरा थाना के पास सुरक्षा बलों पर हमला। जवाबी फायरिंग में माओवादी पीछे हटे।
रायसिंदरी पहाड़ पर आइईडी ब्लास्ट (27 मई 2019)
सरायकेला जिले में हुए इस विस्फोट में कई जवान घायल हुए थे। आप्टन सहित दर्जनों माओवादी शामिल थे।
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि हमारे जवानों ने कड़ी मेहनत और रणनीति के साथ यह सफलता हासिल की है। आप्टन जैसे खूंखार माओवादी का सफाया, इलाके में शांति बहाली की दिशा में बड़ा कदम है। आप्टन की मौत से कोल्हान-सारंडा क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका है। पुलिस अब बचे हुए शीर्ष माओवादियों मिसिर बेसरा, अनमोल, अश्विन, जयकांत, अजय महतो, सागेन, रवि सरदार आदि की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।