विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में 'डायन' के संदेह में खूनी खेल; हड़िया पिलाने के बहाने बुलाकर महिला का रेता गला

Published: Mon, 01 Jun 2026 09:27 PM (IST)

झारखंड के कुमारडुंगी में अंधविश्वास के चलते एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ...और पढ़ें

कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में झाड़ी की ओर ले जाकर अपराधियों ने महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्‍या कर दी।

कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में झाड़ी की ओर ले जाकर अपराधियों ने महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्‍या कर दी।

HighLights

  1. महिला की अंधविश्वास के चलते गला रेतकर हत्या।

  2. आरोपी ने डायन-बिसाही के संदेह में वारदात की।

  3. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार किया।

संवाद सूत्र, कुमारडुंगी। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और डायन-बिसाही के संदेह में हत्या की वारदात सामने आई है। थाना क्षेत्र के खंडकोरी गांव (गाउसाई टोला) में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
 
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया है। 
 

पति और बेटा घर से बाहर थे 

मर्डर की इस खौफनाक वारदात का शिकार हुई महिला की पहचान शुरू गोप के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे शुरू गोप का पति देवेंद्र गोप अपने बड़े बेटे रोया गोप और बेटी मनीषा गोप के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के गेरयामांजर गांव में एक पारिवारिक क्रियाकर्म (श्राद्ध) में शामिल होने गए थे। 
 
घर पर शुरू गोप अपने दो छोटे बच्चों (जोंगा और पार्वती) के साथ बिल्कुल अकेली थी। परिजनों और बच्चों से मिली जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान गांव का ही रहने वाला पुंडवा उर्फ चोकेसिंकु वहां पहुंचा। 
 
उसने हड़िया पिलाने का बहाना बनाकर शुरू गोप को घर से बाहर बुलाया। इसके बाद वह उसे बहला-फुसलाकर गांव के पास स्थित तानीबुरु नामक सुनसान झाड़ी की ओर ले गया। 
 
वहां आरोपी ने पास रखे एक धारदार हथियार से महिला का गला रेत दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से हथियार को पानी से साफ किया और उसे एक पेड़ की खोल में छिपाकर अपने घर लौट आया।
 

सुबह झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव 

रात करीब दस बजे जब पति देवेंद्र गोप ओडिशा से घर वापस लौटे, तो पत्नी शुरू गोप गायब थी। छोटे बच्चों ने पिता को बताया कि मां गांव के ही चोके सिंकु के साथ बाहर गई थी। 
 
देवेंद्र ने तुरंत चोके सिंकु के घर जाकर पूछताछ की, लेकिन उसने किसी भी तरह की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात महिला की तलाश की। 

सोमवार सुबह मृतका का बड़ा बेटा रोया गोप खोजबीन करते हुए तानीबुरु झाड़ी की तरफ पहुंचा, जहां उसने अपनी मां का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय कुमारडुंगी थाना पुलिस को दी। 

 

बेटी और भाई की बीमारी के अंधविश्वास में रची साजिश 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। पति के बयान के आधार पर पुलिस ने संदेही पुंडवा उर्फ चोके सिंकु को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसकी पांच साल की बेटी और उसका बड़ा भाई लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे हैं। उसे गहरा संदेह था कि शुरू गोप 'डायन विद्या' (टोना-टोटका) के जरिए उसके परिवार को नुकसान पहुंचा रही है। 
 
इसी अंधविश्वास के चलते उसने महिला को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। पुलिस आरोपी चोकेसिंकु को घटनास्थल पर ले गई, जहां उसकी निशानदेही पर पेड़ की खोल से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया। 
 
पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- रामगढ़ में डायन-बिसाही के संदेह में घर में सो रही वृद्धा पर टांगी से जानलेवा हमला, आरोपी युवक गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- सिरसा में शराब के नशे में महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी का मामला, आरोपी युवक गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- झारखंड में डायन बिसाही के शक में मां-बेटे को पेट्रोल डालकर जलाया, वारदात के बाद 12 आरोपितों का थाने में सरेंडर

यह भी पढ़ें- कोल्हान का काला सच: 5 साल में 87 महिलाओं की 'डायन' बताकर हत्या, आंकड़ों में देखें अंधविश्वास की भयावहता