By Vachaspati MishraEdited By: Arijita Sen
Published: Wed, 13 Dec 2023 10:17 AM (IST)Updated: Wed, 13 Dec 2023 10:35 AM (IST)
छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी झारखंड से गहरा नाता है। सिमडेगा के कुरडेग प्रखंड के सीमावर्ती गांव कुटमाकच्छार पतरापानी में उनके मामा का घर है जहां वह बचपन से आते रहे हैं। उनके मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की सूचना के बाद उनके रिश्तेदारों के अलावा पूरे साय समाज में खुशी का माहौल है। भगिना के शपथ ग्रहण देखने को रवाना हुए मामा विश्राम साय।
संवाद सूत्र, कुरडेग (सिमडेगा)। झारखंड के पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में कुनकुरी विधान सभा से निर्वाचित विधायक विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। विष्णुदेव साय का झारखंड से भी गहरा नाता रहा है। उनका मामा घर सिमडेगा के कुरडेग प्रखंड के सीमावर्ती गांव कुटमाकच्छार पतरापानी में है। वह यहां बचपन से अपने मामा घर में आते रहे हैं।
विष्णुदेव का सीएम बनना साय समाज के लिए ऐतिहासिक पल
पारिवारिक रिश्तों के साथ-साथ उनका झारखंड से राजनीतिक संबंध भी रहा है। इधर उनके मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की सूचना के बाद कुरडेग के कुटमाकच्छार पतरापाली स्थित उनके मामा विश्राम साय के परिवार समेत सभी साय समाज में खुशी का माहौल बना हुआ है।
विष्णुदेव साय के मामा विश्राम साय का कहना है कि विष्णुदेव साय उनका अपना भगिना है। कुनकुरी विधान सभा क्षेत्र से जीत की खुशी तो पहले से थी ही, परंतु छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की शपथ की सूचना मिलते ही खुशी का कोई सीमा नहीं रही। उन्होंने यह भी कहा कि भगिना का मुख्यमंत्री बनना साय समाज के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।
WhatsApp पर हमसे जुड़ें. इस लिंक पर क्लिक करें.
छत्तीसगढ़ में पहली बार किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा आज साय समाज के साथ पूरे कुरडेग के लोगों में अपार खुशी है। उन्होंने कंवर समाज को आदिवासी का दर्जा दिलाने का श्रेय भी विष्णु देव साय को दिया।
उन्होंने बताया कि वह भगिना विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए रायपुर जा रहे हैं। वह 13 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। इधर उनके घर में बहू विचित्रा साय बच्चों के साथ है। विचित्रा साय के पति कुछ दिन से बाहर हैं।
विश्राम साय के अनुसार, भगीना विष्णु देव साय दो वर्ष पूर्व पतरापाली भतीजा धीरेन्द्र कुमार साय की शादी में सपरिवार पहुंचे थे। पूर्व मुखिया हरिशंकर साय ने भी विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने से खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि कंवर समाज के लिए विष्णु देव साय एक मिसाल हैं जो हरेक समाज के लिए विकास का कार्य करते हैं।
दिखेगा सकारात्मक असर
विमला पूर्व मंत्री विमला प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पक्ष में प्रचार-प्रसार के लिए जाया करती थी।वे भी इस्पात मंत्री रहते समय उनके चुनाव प्रचार-प्रसार के लिए सिमडेगा आए थे। उनके मुख्यमंत्री बनने से यहां के साथ-साथ झारखंड में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
साय के करीबी रहे हैं सुशील
छत्तीसगढ़ के होने वाले नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जिले के भाजपा के नेता एवं सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव के भी काफी करीबी रहे हैं।
इधर वार्ता के क्रम में सुशील श्रीवास्तव ने कहा कि झारखंड से छत्तीसगढ़ गढ़ का रोटी-बेटी का संबंध है।उनके मुख्यमंत्री बनने से झारखंड चुनाव में भी अच्छा प्रभाव देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh New CM: कौन हैं राज्य के होने वाले नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh New CM: विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने पर बधाइयों का लगा तांता, बोले- दोगुनी रफ्तार से चलेगी डबल इंजन की सरकार