यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Politics : विधायक लोबिन हेम्ब्रम से बरहेट में धक्का मुक्की; झंडा-बैनर फाड़ा, कार्यकर्ताओं ने लौटाया
Jharkhand Politics झारखंड में लोकसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज होने लगी है। इसी क्रम में झामुमो विधायक को ...और पढ़ें

HighLights
- लोबिन ने विजय हांसदा पर लगाया आरोप
- अन्याय यात्रा शुरू करने वाले थे झामुमो विधायक
- पुलिस ने सुरक्षित निकाला, प्रशासन ने बंद कराया कार्यक्रम
जागरण संवाददाता, बरहेट (साहिबगंज)। बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम के साथ बरहेट में झामुमो कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को धक्का-मुक्की की। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित वहां से निकाला। झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनके झंडा-बैनर को फाड़ दिया तथा कार्यक्रम को बंद करा दिया।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है। मांझी परगना बैसी के बैनर तले गुरुवार को भोगनाडीह से लोबिन हेम्ब्रम अन्याय यात्रा शुरू करने वाले थे। दोपहर करीब दो बजे लोबिन अपने समर्थकों के साथ भोगनाडीह जा रहे थे।
लोबिन ने बताया कि उनका काफिला बरहेट में झामुमो कार्यालय के पास पहुंचा तो कुछ झामुमो कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह आगे बढ़ गए। भोगनाडीह पहुंचने पर उन्हें मालूम हुआ कि उनके कार्यक्रम में आ रहे लोगों को वहां रोक दिया गया है तथा झंडा-बैनर फाड़ दिया गया है।
उन्होंने थाना प्रभारी को मामले की जानकारी दी। इधर, सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वह भाषण शुरू करने वाले थे, तभी एसडीओ का फोन आया और कार्यक्रम बंद करने को कहा गया। उन्होंने संक्षेप में अपनी बात रखी और वहां से जाने लगे।
पुन: झामुमो कार्यालय के समीप कुछ झामुमो कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और धक्का मुक्की की। पुलिस ने उन्हें वहां से निकाला। कहा कि थाना प्रभारी के सामने झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनलोगों का झंडा-बैनर फाड़ दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोबिन हेम्ब्रम मुर्दाबाद, पार्टी से इस्तीफा दो आदि के नारे लगाए।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
इससे पूर्व घटना की जानकारी मिलने पर बीडीओ अंशु कुमार पांडेय, सीओ चोनाराम हेम्ब्रम, बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार भोगनाडीह पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। मांझी परगना बैसी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, गोड्डा सहित अन्य जिलों के लोग शामिल हुए।
लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि स्थानीय सांसद विजय हांसदा के इशारे पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। कहा कि उनकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता है। वह जल, जंगल व जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठाते रहेंगे। लोबिन ने कहा कि विजय हांसदा को टिकट देने से यहां पार्टी कमजोर होगी। इस वजह से उन्होंने भी प्रत्याशी बदलने की मांग पार्टी पदाधिकारियों से की है।
