Jharkhand Politics: वोट चोरी मतदाताओं के आत्मसम्मान पर चोट, झारखंड कांग्रेस ने बिहार के सभी जिलों के लिए एलईडी वैन किया रवाना
बिहार के सभी जिलों में राहुल गांधी की अगुवाई में 17 अगस्त से निकाने वाली वोटर अधिकार यात्रा के तहत जनजागरण के लिए एलईडी वैन रवाना हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने झंडा दिखाकर वैन को रवाना किया। केशव महतो कमलेश ने कहा कि वोट चोरी मतदाताओं के अधिकारों की चोरी नहीं बल्कि उनके आत्मसम्मान पर चोट है।

राज्य ब्यूरो, रांची । बिहार के सभी जिलों में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में 17 अगस्त से निकाले जाने वाली "वोटर अधिकार यात्रा" के तहत जनजागरण हेतु एलईडी वैन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने झंडा दिखाकर रवाना किया।
यह अधिकार यात्रा में बिहार के सभी जिलों में जाएगी। इस अवसर पर केशव महतो कमलेश ने कहा कि वोट चोरी मतदाताओं के अधिकारों की चोरी नहीं बल्कि उनके आत्मसम्मान पर चोट है।
जनता द्वारा अपना प्रतिनिधि चुनने के अधिकार पर फर्जी मतदाताओं के सहारे भाजपा हमला कर रही है। इस चोरी के खिलाफ कांग्रेस जनजागरण अभियान चलाएगी।
भाजपा ने संविधान की परंपराओं पर कुठाराघात किया
स्वच्छ मतदाता सूची जनता का अधिकार है और जनता को यह अधिकार कांग्रेस दिला कर रहेगी। कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर भाजपा ने संविधान की परंपराओं पर कुठाराघात किया है।
चुनाव आयोग वोट चोरी के खिलाफ जनता को सीधा जवाब नहीं दे रहा है। अपनी चोरी को छिपाने और भाजपा को क्लीन चिट देने के लिए मतदाताओं को भड़का रहा है। एसआइआर के बहाने चुनाव आयोग गलत मतदाताओं को सूची में जोड़ रहा है।
असली मतदाताओं को हटाने की कोशिश की जा रही जिसका हम विरोध करेंगे। कार्यक्रम में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, विधायक सुरेश बैठा, राकेश सिन्हा, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, लाल किशोर शाहदेव, आलोक दुबे, सोनाल शांति, राजन वर्मा, राकेश किरण महतो, कुमार राजा आदि उपस्थित थे।
कैंडल मार्च निकालकर की यात्रा की शुरुआत
कांग्रेस ने भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए झारखंड में चलाए जाने वाले जन जागरण अभियान की शुरुआत गुरुवार को कैंडल मार्च निकालकर की।
रांची में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया।
इस अवसर पर कमलेश ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की चोरी संविधान के साथ छलावा है, संविधान में जनता को दिए अधिकारों को कुचला जा रहा है।
भाजपा ने लोकतंत्र की परिभाषा बदलकर रख दी है, संवैधानिक मान्यताओं की खिल्ली उड़ाई जा रही है। राहुल गांधी द्वारा किए गए खुलासे ने केंद्र सरकार पर प्रश्न चिह्न खड़ा कर दिया है।
झूठ फरेब और चोरी के सहारे भाजपा केंद्र और राज्यों में सरकार बनाकर थैलीशाहों के इशारे पर जनता के साथ मनमानी कर रही है। विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि आज जनता अपने अधिकारों के लिए जागरुक है।
कांग्रेस पंचायत स्तर तक बताएगी वोट चोरी का खेल
कांग्रेस इस वोट चोरी के खेल को पंचायत स्तर तक ले जाएगी ताकि लोगों को भाजपा-चुनाव आयोग के गठजोड़ का पता चल सके। अगर हम समय रहते सचेत होकर इसके खिलाफ संघर्ष नहीं करेंगे तो आने वाली पीढियों को लोकतंत्र सिर्फ किताबों में ही पढ़ने को मिलेगा।
विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान भारत का है और इसी संविधान के दायरे में सत्ता का संचालन होता है,चुनाव होता है। आज इसे दरकिनार कर भाजपा चोरी से सत्ता प्राप्त कर रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक ममता देवी, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, प्रदीप तुलस्यान, रविंद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पाल मुंजनी, लाल किशोरनाथ मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।