परमवीर चक्र विजेता Albert Ekka के गांव में गूंजा वेद मंत्र, प्रधानमंत्री आएंगे तो जारी गांव का होगा विकास; भेजा गया निमंत्रण
परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का के गांव में पहली बार वैदिक मंत्र गूंजा। अल्बर्ट की जयंती पर जारी गांव में परमवीर अल्बर्ट एक्का गौरव रक्षा सम्मान समिति की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जारी गांव के स्कूल में मैदान में अपने परमवीर को याद करने के लिए हजारों की भीड़ उपस्थित थी। सम्मान समिति का एक ही उद्देश्य है।
जागरण संवाददाता, रांची। परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का के गांव में पहली बार वैदिक मंत्र गूंजा। अल्बर्ट की जयंती पर जारी गांव में परमवीर अल्बर्ट एक्का गौरव रक्षा सम्मान समिति की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जारी गांव के स्कूल में मैदान में अपने परमवीर को याद करने के लिए हजारों की भीड़ उपस्थित थी।
सम्मान समिति का एक ही उद्देश्य है, जिस तरह प्रधानमंत्री ने धरती आबा बिरसा मुंडा के गांव में कदम रखा, उसी तरह उनके कदम इस परमवीर के गांव में भी पड़े ताकि गांव का कायाकल्प हो सके। झारखंड, बिहार, ओडिशा, बंगाल के इकलौत परमवीर का गांव आज भी विकास से वंचित है। जब प्रसिद्ध ज्योतिष आचार्य कृष्ण ने वैदिक मंत्रोच्चार किया तो जयंती का शुभारंभ किया तो यह उम्मीद जगी।
इस परम पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर पूर्व के क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर ने कहा कि अल्बर्ट एक्का अद्भुत शक्ति और वीरता का परिचय देते हुए बलिदान हुए। जारी में, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में सेना में भर्ती होने के लिए जो तेजी आई थी उसके एक प्रमुख उदाहरण बने थे। भारत माता की सेवा के लिए हर युवा को अल्बर्ट एक्का की तरह सदैव तत्पर रहना चाहिए। जंग का मैदान हो या समाज के दुश्मनों से लड़ना हो, हर गलत चीजों का विरोध करना चाहिए। प्रधानमंत्रीजी के आने से निश्चित ही गांव विकसित होगा। सफल होगा। आगे बढ़ेगा।
ऐसे में समाज के हर वर्ग के सहयोग की आवश्यकता होगी। जिस प्रकार से आज यहां पर सभी लोगों ने सहयोग दिखाया है इससे एक नई उम्मीद लोगों में जगी है। इस क्षण और विशाल जनसमूह को देख अल्बर्ट एक के पुत्रा विंसेंट एक्का भावुक हो गए और कहा कि आप सब मेरे पिताजी के गांव को संवारने में जो योगदान दे रहे हैं वह युगों-युगों तक याद रखा जाएगा। संघ की इस सेवाभाव से अभिभूत हूं। जितना धन्यवाद दूं, कम है।
पूर्वी भारत का एकमात्र परमवीर चक्र विजेता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री ने परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का को नमन करते हुए कहा कि युवा होने का मतलब अपनी सरहद सीमा और अपनी संस्कृति का संरक्षण। जारी गांव नहीं, तीर्थ स्थल है। अल्बर्ट एक्का के नाम पर झारखंड में एक विश्वविद्यालय की स्थापना होनी चाहएि। प्रचलित पाठ्यक्रम में परमवीर चक्र विजेता के नाम से उनकी वीरगाथा को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए। जारी में देश भक्ति का प्रवाह इस प्रकार है कि जारी का लाल अपने पराक्रम से पूर्वी भारत का एकमात्र परमवीर चक्र विजेता है।
पाकिस्तान को परास्त करते हुए अपने पराक्रम से कीर्ति गढ़ा है। जारी से भारतीय सेना में बड़ी संख्या में नौजवान योगदान के लिए आगे आएं। जिस बांग्लादेश के निर्माण में झारखंड के जांबाज योद्धाओं ने अपनी प्राणों की आहुति दी थी, उस झारखंड भूमि पर बांग्लादेश के लोगों ने झारखंड की भूमि को विराजमान होकर झारखंड की संस्कृति, अस्मिता के साथ में खिलवाड़ कर रहे हैं लेकिन, आज झारखंड की सरकार मौन रहकर घुसपैठियों की सेवा करने में लगी हुई है।
पीएम मोदी को भेजा गया निमंत्रण पत्र
सम्मान समिति के अध्यक्ष दिलीप बड़ाइक ने कहा कि हम सभी प्रखंड का दर्जा दिलाने के लिए जी तोड़ मेहनत किए हैं। इस गांव में विकास हो जिसको लेकर आज भी प्रखंड के कई लोग खड़े हैं। यह कार्यक्रम करने का मुख्य उद्देश्य है कि आज देश के रियल हीरो परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का का जन्मदिवस है। इस गांव के लोग विकास की बाट जोह रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जारी गांव आने का निमंत्रण भेजा गया है। गांव के सभी लोगों के सहयोग से ही यह कार्यक्रम सफल होगा।
यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जारी प्रखंड का दौरा करते हैं तो हम सभी मिलजुल कर अपनी मांगों को उनके समक्ष रखेंगे। कार्यक्रम का संचालन स्वामी दिव्यज्ञान व डा. अटल पांडेय ने किया। कार्यक्रम में डा. विजय राज, आईएमए के उपाध्यक्ष डा अभिषेक रामाधीन, जनजातीय सुरक्षा मंच के संदीप उरांव, कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अर्जुन राम, मोनू शुक्ला, अवधेश ठाकुर, कुणाल शर्मा, देवेंद्र लाल उरांव, आरती सिंह, विनय लाल, सेना के जवान व पूर्व सैनिक आदि भी मौजूद थे। मौके पर बैगा जनजाति और नौ अन्य जनजातियों के लोग भी पारंपरिक तीर-धनुष के साथ मौजूद थे।
भारत माता के लगे जयकारे, अल्बर्ट एक्का अमर रहे
इस मौके पर सुबह सबसे पहले भूतपूर्व सैनिक, बलिदानी के स्वजन, जारी प्रखंड के लोगों ने प्रतिमा पर फूल माला अर्पित करने के बाद प्रतिमा स्थल पर परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का के पोते अनुज एक्का ने केक काटा। इस दौरान अल्बर्ट एक्का अमर रहे, भारत माता की जय के नारे लगते रहे। केक मौके पर उपस्थित लोगों के बीच बांटा गया।
परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का के 81वें जन्मदिन को सभी जाति के लोग बहुत ही गर्व के साथ मिलजुलकर मनाया और संकल्प लिया कि बिना किसी भेदभाव के साथ हर वर्ष अब इसी तरह जन्मदिन मनाया जाएगा। परमवीर अल्बर्ट एक्का के पोते अनुज एक्का ने कहा कि हमलोग अपने आप में बहुत ही गर्व महसूस कर रहे है कि आज हमारे दादा का जन्मदिन इतना उत्सव और भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। हमलोगों का भी प्रयास रहेगा कि हर वर्ष इसी तरीके से दादा का जन्मदिन मनाया जाए।
विसेंट एक्का को प्रदान किया गया चेक
इस अवसर पर शहीद के पुत्र विसेंट एक्का को करेस्टा ग्लोबल लिमिटेड द्वारा 21हजार व होस्ट बुक बिजनेस की ओर से 11 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
जिन्होंने की घोषणाएं
- बीएयू की कृषि वैज्ञानिक डा. मणि गोपा चटर्जी ने कहा कि 159 पंचायतों में अपने छात्रों के साथ यहां आकर किसानों के साथ एक सप्ताह तक कृषि प्रशिक्षण देंगी।
- डॉ. अभिषेक रामाधीन ने कहा कि अपने डाक्टर साथियों व मित्रों के साथ यहां साल में एक सप्ताह निशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा का वितरण किया जाएगा।
- अल्तमल आलम व आईटी सेल के अध्यक्ष मनोज मिश्र ने कहा यहां महीने भर युवाओं को आईटी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि 159 पंचायतों में 169 उद्योगपतियों के सहयोग से क्षेत्रा का विकास किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Train News: घने कोहरे ने लगाई रफ्तार पर 'ब्रेक', झारखंड होकर चलने वाली तेजस समेत ये ट्रेनें लेट; यहां देखें सूची
ये भी पढ़ें: ना इसको खबर... ना उसको पता, कैश वैन से गायब हो गया 14 लाख रुपये से भरा बक्सा; जांच हुई तो चकरा गई पुलिस
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।