विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पंचतत्व में विलीन हुए दिशोम गुरु शिबू सोरेन, नम आंखों से लाखों लोगों ने अपने नेता को किया 'अंतिम जोहार'

Published: Tue, 05 Aug 2025 07:51 PM (IST)

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार रामगढ़ के नेमरा गांव में किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ...और पढ़ें

पंचतत्व में विलीन हुए दिशोम गुरु शिबू सोरेन, नम आंखों से लाखों लोगों ने अपने नेता को किया "अंतिम जोहार"
पंचतत्व में विलीन हुए दिशोम गुरु शिबू सोरेन, नम आंखों से लाखों लोगों ने अपने नेता को किया "अंतिम जोहार"

HighLights

  1. शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार
  2. हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि
  3. लाखों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के जननायक पूर्व मुख्यमंत्री 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन पंचतत्व में विलीन हो गए। मंगलवार को रामगढ़ के गोला प्रखंड स्थित पैतृक नेमरा गांव में उनका अग्नि संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।

पहाड़ों की तलहटी में बसे इस गांव में उमड़े लाखों लोगों के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर कई बड़ी हस्तियां, आला अधिकारी, झामुमो कार्यकर्ता, उनके समर्थक, झारखंड आंदोलनकारी और परिजन उपस्थित थे।

झमाझम बारिश के बीच शाम 6.45 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान शिबू सोरेन अमर रहे, जबतक सूरज जांच रहेगा शिबू साेरेन अमर रहे की नारेबाजी होती रही। इससे पहले सुबह 10 बजे झारखंड विधानसभा में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।

यहां राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के अलावा कई मंत्री एवं पक्ष एवं विपक्ष के लगभग सभी विधायकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद "अंतिम जोहार" के रूप में उनकी शव यात्रा रामगढ़ के नेमरा गांव के लिए निकली। लंबे काफिला के बीच सड़क के किनारे खड़े लोग नम आंखों से उन्हें विदाई दे रहे थे। उनका पार्थिव शरीर नेमरा पहुंचने से पहले झारखंड के सभी जिलों से बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और उनके समर्थक वहां पहुंच चुके थे।

नेमरा गांव गोला प्रखंड से 15 किमी दूर चारों तरफ से छोटी-बड़ी पहाड़ी की तलहटी में बसा है। नेमरा में अंत्येष्टि स्थल के करीब बहता टेका नाला, धान के खेत और घनघोर जंगल हैं, जहां शिबू सोरेन अपने पुरखों के कतार में शामिल हो गए।

जैसे ही अंत्यिष्टि स्थल पर पहुंचा पार्थिव शरीर, शुरू हो गई बारिश

नेमरा में अंत्येष्टि स्थल पर जैसे ही शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर पहुंचा, झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।

समय पर पहुंच नहीं पाए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे

शिबू सोरेन के अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने लोकसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता राहुल गांधी तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रांची तो पहुंचे, लेकिन वे समय पर अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए।

उनका शुरू में रांची से नेमरा तक चौपर से जाने का कार्यक्रम था, लेकिन मौसम खराब होने तथा विजिबिलिटी कम होने के कारण सड़क मार्ग से गए। गोला से नेमरा के बीच भारी जाम होने के कारण वे समय पर नहीं पहुंच पाए। वे वहां देर से पहुंचे।

तेजस्वी, अर्जुन मुंडा, सभी मंत्री एवं कई विधायक हुए शामिल

शिबू सोरेन के अंत्येष्टि कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा सहित कई अन्य हस्तियां पहुंची।

अंत्येष्टि कार्यक्रम में सभी मंत्री, कई विधायक, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह सचिव वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता सहित कई आईएएस और आईपीएस पहुंचे।