Jharkhand News: शिबू सोरेन के निधन पर शोक सभा, सरकारी स्कूलों में दो दिन की छुट्टी
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर राज्य के सरकारी स्कूलों में शोकसभा का आयोजन किया गया। शिक्षक और छात्र इसमें शामिल हुए और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। सरकारी आदेश के अनुसार स्कूल मंगलवार को भी बंद रहे और प्रोजेक्ट रेल की मासिक परीक्षा स्थगित कर दी गई। विभिन्न शिक्षक संघों ने भी दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की और कई कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को झारखंड के सरकारी स्कूलों में शोकसभा का आयोजन किया गया। इसमें स्कूलों के शिक्षक और बच्चे शामिल हुए। शोकसभा के बाद स्कूल बंद कर दिए गए।
सरकारी आदेश के अनुसार, मंगलवार को भी स्कूल बंद रहेंगे। सरकारी स्कूलों में प्रोजेक्ट रेल के तहत मंगलवार को मासिक परीक्षा होनी थी। अब यह परीक्षा सात अगस्त को होगी। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। परिषद के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र भी मंगलवार को बंद रहेंगे।
इधर, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने शोक संदेश में कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन के निधन पर पूरा झारखंड शोक में है। उनका संघर्षपूर्ण राजनीतिक सफर, आदिवासी समाज के उत्थान के प्रति उनका समर्पण और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा आज भी प्रेरणा का स्रोत है।
उनके सम्मान में राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में शोकसभा का आयोजन किया गया, जहां शिक्षकों और छात्रों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा के माध्यम से शिबू सोरेन के प्रेरक व्यक्तित्व को याद किया गया और स्कूली बच्चों को उनके संघर्षपूर्ण जीवन के बारे में बताया गया। इधर, विभिन्न शिक्षक संघों ने भी दिशोम गुरु के निधन पर शोकसभा का आयोजन किया।
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से राम मूर्ति ठाकुर, अनूप केशरी, असदुल्लाह, अजय ज्ञानी, राकेश कुमार, संतोष कुमार, अनिल सिंह, प्रभात कुमार, सलीम, कृष्णा शर्मा आदि ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुरुजी के निधन पर झारखंड राज्य संयुक्त शिक्षक मोर्चा में शामिल राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ, झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ, झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ (द्वितीय संवर्ग) ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इधर, विभिन्न संघों ने अपने प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया है। वित्तरहित शिक्षा संघर्ष मोर्चा ने 5 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को रद्द करने की घोषणा की है। मोर्चा के नेता रघुनाथ सिंह, कुंदन कुमार सिंह, हरिहर प्रसाद कुशवाहा, फजलुल कादिर अहमद, चंदेश्वर पाठक, देवनाथ सिंह, अरविंद सिंह, मनीष कुमार आदि ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।