Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ranchi News: राष्ट्रीय सेवा भारती का आह्वान, समाज के उपेक्षित वर्गों को मुख्यधारा में लाने की जरूरत

    By sanjay kumarEdited By: Piyush Pandey
    Updated: Mon, 28 Apr 2025 09:06 AM (IST)

    राष्ट्रीय सेवा भारती समाज के उपेक्षित वर्गों को मुख्यधारा में लाने का आह्वान कर रही है। सेवा भारती झारखंड सहित पूरे देश में विभिन्न आयामों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का कार्य कर रही है। समाज में आज भी कई ऐसे वर्ग हैं जो आज भी उपेक्षित हैं शोषित हैं और आवश्यक सुविधाओं से वंचित हैं अब उन्हें मुख्यधारा में सम्मिलित करने की जरूरत है।

    Hero Image
    रांची के काव्स रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित हितचिंतक सम्मेलन। (जागरण)

    जागरण संवाददाता, रांची। राष्ट्रीय सेवा भारती के राष्ट्रीय मंत्री रामेंद्र सिंह ने कहा कि सेवा भारती झारखंड सहित पूरे देश में विभिन्न आयामों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का कार्य कर रही है।

    समाज में आज भी कई ऐसे वर्ग हैं, जो आज भी उपेक्षित हैं, शोषित हैं और आवश्यक सुविधाओं से वंचित हैं। इसलिए अब जरूरत है, सेवा कार्य करने के साथ-साथ वैसे उपेक्षित वर्ग के लोगों को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वह रविवार को सेवा भारती, झारखंड प्रदेश की ओर से रांची के काव्स रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित हितचिंतक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

    थर्ड जेंडर के लोगों का करें सम्मान

    उन्होंने घुमंतू समाज के बारे में विस्तार से बताया कि उनके लोग आज भी कैसी जिंदगी जी रहे हैं। थर्ड जेंडर के लोगों को सम्मान देने की जरूरत है। कुछ लोग आपदा के कारण पीडित हैं तो कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने जरूरत के लिए अपना गांव छोड़ दिया है। वैसे सभी लोगों की चिंता समाज को करनी चाहिए।

    राष्ट्रीय मंत्री रामेंद्र सिंह ने कई लोगों का उदाहरण देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में एक आईपीएस ने सेवा कार्य में सहयोग करने के लिए अपना मकान तक बेच दिया। जब आप दूसरे की पीड़ा देखते हैं तो सेवा की भावना उत्पन्न होती है। अपने समाज के लिए जो सहयोग कर रहे हैं, वह कोई अहसान नहीं हैं।

    सम्मेलन में उपस्थित लोग।

    जरूरतमंद लोगों के लिए समाज को आगे आना होगा। आज सेवा भारती समाज के वंचित, उपेक्षित, पीड़ित और अभावग्रस्त वर्गो में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, सामाजिक संस्कारों का अलख जगा कर समरस समाज का निर्माण कर रही है। समाज के सहयोग से कम संसाधन में जरूरतमंद बस्तियों में जाकर सेवा भारती के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं।

    पूर्व राज्यसभा सदस्य महेश पोद्दार ने कहा कि स्वयं का स्वार्थ त्याग कर सेवा कार्य करने से सही मायने में समाज का उन्नयन होगा। आरएसएस के झारखंड-बिहार के क्षेत्र संघचालक देवव्रत पाहन ने कहा कि देश और समाज के लिए सभी लोग जब चिंता करेंगे, तभी स्वाभिमानी और स्वावलंबी भारत का निर्माण होगा।

    मौके पर सेवा भारती के संरक्षक डॉ. एच पी नारायण ने सेवा कार्य के लिए उत्प्रेरित किया। कार्यक्रम में सेवा भारती की वार्षिक उपलब्धियों को साझा करते हुए प्रदेश सचिव ऋषि पाण्डेय ने बताया कि परिवर्तन दिख रहा है। अब प्रखंड स्तर तक समस्याओं का अध्ययन कर सेवा कार्य विस्तार करने का लक्ष्य तय किया गया है।

    इसके पूर्व कार्यक्रम में सेवा भारती के सेवा कार्यों की डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। साथ ही राष्ट्रीय सेवा साधना पत्रिका के वार्षिक अंक आपदा प्रबंधन विशेषांक का विमोचन किया गया। महानगर अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

    इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद, सह प्रांत संघचालक अशोक श्रीवास्तव, महानगर संघचालक पवन मंत्री, पूर्व क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह, राधेश्याम अग्रवाल, गोपाल सिंह, शंभू ठाकुर, निर्मला कौर, भाजपा नेता सुबोध सिंह गुड्डू, बिनय गांगूली, कुणाल आजमानी उपस्थित रहे।

    वहीं, रमाशंकर बगड़िया, डा. निधि सहाय, प्रांत संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार, सेवा भारती के मनोज कुमार, राजा, सुष्मिता पांडेय, समर सिंह , कंचन प्रभा, यदुनाथ पांडेय, प्राचार्य ललन कुमार, सुनील पांडेय, निधि जायसवाल सहित रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग से आए सेवा भारती के हितचिंतक और शहर के गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें-

    Jharkhand News: झारखंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, टीम हेमंत के विदेश दौरे के बाद बढ़ेंगे निवेश के अवसर

    Jamshedpur News: खुशखबरी! जमशेदपुर में इस जगह बनेगा नया फ्लाईओवर; मानगो Flyover होगा टू लेन