Jharkhand News: झारखंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, टीम हेमंत के विदेश दौरे के बाद बढ़ेंगे निवेश के अवसर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्पेन गया दल आज रात वापस लौटेगा। इस दौरे से झारखंड में निवेश और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। स्पेनिश कंपनियों के साथ बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा हुई जिससे रोजगार सृजन और नई तकनीक को बढ़ावा मिलेगा। एबर्टिस जैसी कंपनियों के झारखंड में विस्तार की उम्मीद है जो राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्पेन गया प्रतिनिधिमंडल सोमवार की रात वहां से लौट आएगा और मंगलवार तक पूरी टीम के झारखंड पहुंचने की संभावना है। इस यात्रा से झारखंड के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुलेंगे और प्रदेश के बुनियादी ढांचे से लेकर अन्य कई क्षेत्रों में बदलाव के रास्ते बनते दिख रहे हैं।
स्पेन दौरे से निवेश की संभावना
प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक स्तर की कंपनियों और संगठनों के साथ चर्चा की है। झारखंड में नवीनतम तकनीक से तैयार सड़कों, पुलों, और अन्य परियोजनाओं के लिए स्पेनिश कंपनियों के साथ सहयोग का रास्ता खुला है।
प्री-फैब्रिकेटेड संरचनाएं और स्मार्ट निर्माण पद्धतियों को अपनाने की संभावनाएं बढ़ रही हैं। ऐसी परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में रोजगार सृजन का रास्ता तो खुलेगा ही, नई तकनीक से भी झारखंड के लोग रूबरू होंगे।
लौटने के पूर्व राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के ट्रक निर्माता वोल्वो कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की जिसमें उनसे झारखंड में कंपनी का कार्यालय खोलने के लिए आग्रह किया गया। वोल्वो इस प्रस्ताव पर विचार भी कर रहा है।
दूसरी ओर, स्पेनिश एसोसिएशन ऑफ कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंसेशनेयर कंपनियों (सिओपैन) के साथ वार्ता के दौरान झारखंड की औद्योगिक नीति में यथा संभव बदलाव के भी संकेत दिए गए। इसके माध्यम से झारखंड को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए एक बेहतर गंतव्य बताने में सफलता मिली।
एबर्टिस का झारखंड में विस्तार
झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने गतिशीलता (मोबिलिटी) तथा बुनियादी ढांचे ( इंफ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाली वैश्विक कंपनी एबर्टिस के प्रतिनिधियों के साथ आमने-सामने बैठक की। एबर्टिस की तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे भारतीय राज्यों में पहले से उपस्थिति है।
डेटा सेंटर को मिलेगा उद्योग दर्जा
कंपनी यहां सड़क और परिवहन से संबंधित परियोजनाओं में सक्रिय है। इसके बाद महत्वपूर्ण उपलब्धियों में मंत्रा डेटा सेंटर के साथ बातचीत को माना जा रहा है। बुनियादी ढांचे और डेटा सेंटर उद्योग पर केंद्रित इस बैठक के माध्यम से भी झारखंड में डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम से झारखंड में सड़क, रेल, और डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए वैश्विक सहयोग मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
इन परियोजनाओं से झारखंड में आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, और बुनियादी ढांचे में सुधार की उम्मीद है, विशेष रूप से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में। प्रतिनिधिमंडल के लौटने पर कई और बातों का खुलासा होगा।
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।