विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची विश्वविद्यालय में प्रोफेशनल कोर्स के साथ अनप्रोफेशनल रवैया, एमबीए-एमसीए छात्रों का भविष्य अधर में

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:24 AM (IST)

रांची विश्वविद्यालय में 2025-27 बैच के एमबीए और एमसीए छात्रों का भविष्य अधर में है क्योंकि कोर्स 2027 में पूरा होना है, लेकिन अभी तक एक भी सेमेस्टर की परीक्षा नहीं हुई है। जबकि इसी सत्र के डीएसपीएमयू के छात्र सेमेस्टर-3 में पहुंच चुके हैं।

2025-27 बैच के विद्यार्थियों के साथ हो रहा है ऐसा, फाइनल परीक्षा की नहीं है कोई जानकारी।

2025-27 बैच के विद्यार्थियों के साथ हो रहा है ऐसा, फाइनल परीक्षा की नहीं है कोई जानकारी।

HighLights

  1. रांची विवि में एमबीए-एमसीए की परीक्षाएं लंबित।

  2. 2025-27 बैच के छात्रों का भविष्य अनिश्चित।

  3. डीएसपीएमयू में इसी सत्र के छात्र सेमेस्टर-3 में।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय के प्रोफेशनल कोर्स (एमबीए-एमसीए) में पढ़ रहे 2025-27 बैच के विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। कोर्स 2027 में पूरा होना है, लेकिन अभी तक एक भी सेमेस्टर की परीक्षा नहीं हुई है। न परीक्षा का शेड्यूल आया है, न ही विवि की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है।

वहीं दूसरी ओर डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में इसी सत्र के एमबीए के विद्यार्थी अब सेमेस्टर-3 में पहुंच गए हैं। यानी जहां एक ही राज्य में एक विश्वविद्यालय का सत्र समय पर चल रहा है, वहीं रांची विश्वविद्यालय का सत्र बुरी तरह पिछड़ गया है।

एमबीए व एमसीए का वर्तमान सत्र एक साल पीछे

रांची विश्वविद्यालय में एमबीए और एमसीए के 2025-27 के विद्यार्थियों का सत्र एक साल पीछे चल रहा है। इन्होंने मई 2026 में नामांकन लिया था, लेकिन अभी तक इनकी सेमेस्टर वन की फाइनल परीक्षा तक नहीं हुई है। ये दोनों ऐसे प्रोफेशनल कोर्स हैं जिनकी डिमांड सबसे अधिक है। लेकिन समय पर परीक्षा नहीं होने के कारण ये दोनों कोर्स और भी पीछे होता जा रहा है।

नियम के अनुसार ये कोर्स 2027 में पूरा हो जाना चाहिए। लेकिन 2027 आने में केवल एक महीना ही बचा हुआ है और अभी भी विद्यार्थियों को पहली परीक्षा का इंतजार है।

एमबीए के विद्यार्थी अजीत कुमार का कहना है कि अभी तक सेमेस्टर वन की फाइनल परीक्षा का नोटिस तक नहीं आया है। एक साल लेट होने पर प्लेसमेंट में परेशानी होगी। वहीं आदित्य गौरव का कहना है कि सत्र में देरी का खामियाजा हमें ही भुगतना पड़ेगा।

एमबीए और एमसीए का सत्र लेट होने से क्या होता है नुकसान

-कंपनियां उसी बैच को लेती हैं, जो समय पर पास होता है
-एमबीए-एमसीए में इंटर्नशिप सेमेस्टर के हिसाब से मिलती है। सेमेस्टर ही क्लियर नहीं है, तो कोई कंपनी इंटर्नशिप पर नहीं रखती।
-परीक्षा ही नहीं हुई तो डिग्री 2028-29 तक खिंच जाएगी। तब तक कंपनियों का प्लेसमेंट ड्राइव निकल जाएगा।
-जाब मिलने में होगी परेशानी, पूछा जाएगा सवाल

डीएसपीएमयू में इसी सत्र के विद्यार्थी हैं सेमेस्टर थ्री में

वहीं दूसरी ओर इसी राज्य और मोरहाबादी में ही स्थित डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के 2025-27 के एमबीए और एमसीए के विद्यार्थी वर्तमान में सेमेस्टर थ्री में हैं और जल्द ही उनकी इस सेमेस्टर की फाइनल परीक्षा भी होने वाली है।

इसके अलावा एमबीए के विद्यार्थी इंटर्नशिप भी कर रहे हैं। एमबीए के निदेशक डाॅ. जेपी शर्मा ने बताया कि हमारे विवि में सत्र समय पर है और 2027 में एमबीए के विद्यार्थियों को डिग्री भी प्रदान कर दी जाएगी।

क्या कहते हैं संबंधित विभाग के हेड

विवि की ओर से जैसा सिस्टम चल रहा है उसी के अनुसार हमें काम करना है। एमबीए में पहले सेमेस्टर की मिड सेमेस्टर की परीक्षा जल्द ही ली जाएगी। फाइनल परीक्षा का नोटिस आने पर होगी।
-डाॅ. एमएन जुबैरी, निदेशक, आईएमएस

एमसीए में पहले सेमेस्टर के मिड सेमेस्टर की परीक्षा हो चुकी है। अब फाइनल परीक्षा के लिए विद्यार्थी इंतजार कर रहे हैं।
-डाॅ. अबरार अहमद, गणित विभाग के विभागाध्यक्ष सह एमसीए निदेशक, रांची विवि

यह भी पढ़ें- लाखों की फीस, रोजगार नहीं: रांची विश्वविद्यालय के वोकेशनल कोर्स में प्लेसमेंट का संकट, कई पाठ्यक्रम हुए बंद

यह भी पढ़ें- रांची विश्वविद्यालय के वोकेशनल कोर्स: आधे से अधिक बंद, कहीं विद्यार्थियों का टोटा तो कहीं टीचर्स नहीं

यह भी पढ़ें- रांची विश्वविद्यालय में IKS और EVS की पढ़ाई अधर में, NEP के तहत 60 हजार छात्रों का भविष्य दांव पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।