विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची के पंडरा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:40 AM (GMT+05:30)

रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों अमन बारला और आशीष तिर्की की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई इस घटना के विरोध में सड़क जाम कर यातायात ठप कर दिया।

पंडरा में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत। (फोटो- जागरण)

पंडरा में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. पंडरा में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने टायर जलाकर मुख्य मार्ग को किया जाम।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी के पंडरा ओपी क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र स्थित बनहौरा गांव निवासी अमन बारला और आशीष तिर्की के रूप में की गई है। घटना के बाद मृतकों के गांव और घटनास्थल के आसपास शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है।

गुस्साए लोगों ने टायर जलाकर ठप किया यातायात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने के बाद दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

युवकों की मौत से आक्रोशित भीड़ ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जगह-जगह टायर जलाकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पंडरा ओपी की पुलिस तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई है।

फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने और जाम खुलवाकर यातायात सामान्य करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। 

यह भी पढ़ें- झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं को ले जा रही SUV दुर्घटनाग्रस्त, 13 लोगों की मौत

यह भी पढ़ें- रामगढ़ हादसे में नालंदा के 13 लोगों की मौत पर CM सम्राट चौधरी ने जताया शोक, बोले- पीड़ित परिवार के साथ है सरकार

यह भी पढ़ें- रामगढ़ सड़क हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।