रामगढ़ सड़क हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मदद
झारखंड के रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

पीएम मोदी की फाइल फोटो। (फोटो सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
रामगढ़ सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर PM मोदी ने जताया दुख।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायल को 50 हजार रुपये की मदद।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, CM हेमंत सोरेन और बाबूलाल मरांडी ने भी जताई संवेदना।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
Distressed to learn about the tragic mishap in the Ramgarh district of Jharkhand. My condolences to the bereaved families in this hour of grief. May the injured recover at the earliest. An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each of those who lost their lives. The injured would be given Rs. 50,000: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 29, 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रामगढ़ में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। राष्ट्रपति ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई एक सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 29, 2026
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया हृदयविदारक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ के पैंकी गांव के पास एनएच-33 पर हुए हादसे में 13 लोगों की मौत को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से घायल के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है।
रामगढ़ में पैंकी गांव के पास NH-33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 29, 2026
बाबूलाल मरांडी ने भी जताया शोक
रामगढ़ हादसे पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर बेहद हृदयविदारक और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की असामयिक मृत्यु की हृदयविदारक खबर अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले सभी दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। ॐ शांति!
— Babulal Marandi (@yourBabulal) November 29, 2026
यह भी पढ़ें- झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं को ले जा रही SUV दुर्घटनाग्रस्त, 13 लोगों की मौत
यह भी पढ़ें- रामगढ़ हादसे में नालंदा के 13 लोगों की मौत पर CM सम्राट चौधरी ने जताया शोक, बोले- पीड़ित परिवार के साथ है सरकार