Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand News: रांची और आसपास के इलाकों में मानसून सक्रिय, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

    By kumar Gaurav Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Mon, 04 Aug 2025 09:24 AM (IST)

    रांची और आसपास के इलाकों में मानसून सक्रिय है जिससे भारी बारिश हो रही है। बारिश ने नगर निकायों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है और किसानों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है और येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है।

    Hero Image
    रांची और आसपास के इलाकों में मानसून सक्रिय है, जिससे भारी बारिश हो रही है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची और आसपास के जिलों में मानसून की सक्रियता देखने को मिल रही है। इस वर्ष हुई बंपर मानसूनी बारिश ने नगर निकायों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश किसी आफत से कम नहीं है। रविवार को भी रांची और आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश हुई और मौसम सुहावना बना रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि सात अगस्त तक राज्य के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार जबकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा, धनबाद और गिरिडीह में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

    इतना ही नहीं, राज्य में कुछ जगहों पर मेघ गर्जन और बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि पूरे राज्य में मानसून की स्थिति सक्रिय बनी हुई है। इस कारण अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है।

    मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 4, 5 और 6 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है, जबकि 7 जुलाई को पूरे राज्य में हल्की और मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है। 1 जून से 3 अगस्त तक पूरे राज्य में सामान्य बारिश 538.7 मिमी की तुलना में अब तक 788.4 मिमी बारिश हुई है, जो लगभग 46 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।

    वहीं, अगर रांची की बात करें, तो सामान्य बारिश 556.1 मिमी की तुलना में अब तक 992 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 78 प्रतिशत अधिक है। लगातार हो रही बारिश ने पिछले 13 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कई जगहों पर पुल-पुलिया ध्वस्त हो गए हैं, खेत-खलिहान जलमग्न हो गए हैं और सड़कों पर जलजमाव से आम लोग परेशान हैं।

    ऐसा रहा पिछले 24 घंटों का मौसम

    पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून सक्रिय रहा। राज्य में कई जगहों पर हल्की और मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। सबसे ज़्यादा 78.4 मिमी बारिश हज़ारीबाग़ में दर्ज की गई।

    सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।