रांची में कानून तोड़ने वालों की खैर नहीं! खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, आठ बारों में जांच
रांची पुलिस और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसमें आठ बारों की जांच की गई और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यह अभियान अपराध नियंत्रण और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी रहेगा।

रांची पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
HighLights
रांची पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
आठ बारों में इस अभियान के तहत जांच हुई।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक अनुशासन बनाए रखने के लिए रांची जिला प्रशासन और पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न बार, पब और शराब दुकानों के बाहर सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान शहर के आठ बारों की जांच की गई, जहां लाइसेंस की शर्तों के पालन, सुरक्षा व्यवस्था, नाबालिगों के प्रवेश और अन्य नियमों का निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ बारों में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने नाबालिगों के प्रवेश और निर्धारित मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई
इसके साथ ही शराब दुकानों के बाहर और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे लोगों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन नहीं करने की चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बार, पब संचालकों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- शराब के लिए पत्नी से मांगे 100 रुपये, ना मिलने पर पलामू के युवक ने लगाई फांसी, इलाज के दौरान हुई मौत
यह भी पढ़ें- चतरा में शराब के नशे में दो सांप खा गया युवक, जब तीसरा मुंह में डालने लगा तो... डॉक्टर भी हैरान
यह भी पढ़ें- रांची में एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से 44 बोतल अवैध शराब जब्त, ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई