रांची में एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से 44 बोतल अवैध शराब जब्त, ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई
आरपीएफ ने हटिया रेलवे स्टेशन पर 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत ट्रेन संख्या 18624 के एसी कोच से 44 बोतल अवैध शराब बरामद की। बरामद शराब की कीमत लगभग 43,600 रुपये है, जिसे बाद में उत्पाद विभाग रांची को सौंप दिया गया।

ट्रेन से बरामद शराब। फोटो जागरण
HighLights
हटिया स्टेशन पर 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत कार्रवाई।
ट्रेन 18624 के एसी कोच से शराब बरामद।
44 बोतल अवैध शराब, कीमत 43,600 रुपये।
जागरण संवाददाता, रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हटिया रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस के एसी कोच से 44 बोतल अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 43,600 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम रांची के अधिकारी व जवान हटिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर नियमित जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस के कोच संख्या ए-01 में शौचालय के समीप दो संदिग्ध लावारिस बैग पड़े मिले।
जांच के दौरान दोनों बैगों की तलाशी ली गई तो उसमें कुल 44 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। आरपीएफ जवानों ने बैग के वास्तविक मालिक का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामान पर दावा करने के लिए सामने नहीं आया। इसके बाद समयाभाव को देखते हुए दोनों बैगों को ट्रेन से उतार लिया गया।
आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची के उपनिरीक्षक रवि शेखर ने आरपीएफ पोस्ट हटिया प्रभारी के निर्देश पर पूरी शराब जब्त कर ली। बाद में जब्त सामग्री को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए तीन जुलाई को उत्पाद विभाग, रांची को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट हटिया के एएसआई सुबोध कुमार सिंह, कांस्टेबल बसंत सोय और कांस्टेबल शंकर कुमार के साथ फ्लाइंग टीम रांची के उपनिरीक्षक रवि शेखर, कांस्टेबल हेमंत कुमार, कांस्टेबल डीके जीतरवाल एवं कांस्टेबल प्रदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेलवे लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आई महिला, रिम्स रेफर
टांगरबसली रेलवे क्रॉसिंग के समीप शनिवार दोपहर रेलवे लाइन पार करने के दौरान एक 19 वर्षीय महिला ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
घायल महिला की पहचान सिसई थाना क्षेत्र के पबया बघनी गांव निवासी सरीबा खातून उर्फ लालो खातून (पति- हबीबुल अंसारी) के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार करीब साढ़े 12 बजे वह टांगरबसली रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।