Ranchi News: नामकुल अंचल के राजस्व उप निरीक्षक के आवास पर ACB का छापा, इस मामले में हो रही कार्रवाई
एसीबी (ACB) की टीम ने मोरहाबादी में राम कृष्ण मिशन के पास नामकुम अंचल के राजस्व उप निरीक्षक राजेश कुमार के आवास पर छापा मारा है। एसीबी की यह कार्रवाई शहर अंचल के पूर्व अंचल अधिकारी मुंशी राम की गिरफ्तारी मामले में हो रही है। मुंशी राम को एसीबी ने रिश्वत लेते पिछले दिनों गिरफ्तार किया था। वर्तमान में राजेश कुमार नामकुम अंचल कार्यालय में कार्यरत हैं।

राज्य ब्यूरो, रांची। राजधानी में भ्रष्टाचार को रोकने को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नामकुम अंचल के राजस्व उप निरीक्षक राजेश कुमार से जुड़े चार ठिकानों पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो झारखंड की टीम ने छापेमारी की है।
इन ठिकानों में रांची के मोरहाबादी में टैगोर हिल रोड स्थित आवास, अंचल कार्यालय नामकुम, गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के पाकरटोली स्थित ठिकाने व बिहार के औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बेनीगंझार गांव स्थित पैतृक आवास शामिल हैं।
एसीबी को राजेश कुमार के ठिकानों से म्यूटेशन के लिए लंबित जमीन के मूल दस्तावेज सहित कई अन्य आपत्तिजनक कागजात मिले हैं। एसीबी सभी दस्तावेजों को खंगाल रहा है। राजस्व उप निरीक्षक राजेश कुमार पर अवैध गतिविधियों में संलिप्तता का आरोप है।
एसीबी ने यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार शहर अंचल के अंचलाधिकारी मुंशी राम की गिरफ्तारी मामले में की है। मुंशी राम के विरुद्ध जांच के क्रम में ही राजस्व उप निरीक्षक राजेश कुमार की भूमिका संदिग्ध मिली है।
इसके बाद ही एसीबी ने राजेश कुमार के विरुद्ध जांच शुरू कर दी है। राजेश कुमार पूर्व में गुमला के घाघरा व रांची के शहर अंचल में भी कार्यरत रहे हैं।
दो जनवरी को हुई थी मुंशी राम की गिरफ्तारी
रांची के शहर अंचल के पूर्व अंचलाधिकारी मुंशी राम को एसीबी ने दो जनवरी को उनके कचहरी स्थित कार्यालय में 37 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने उनके मोरहाबादी स्थित उनके फ्लैट की तलाशी ली थी। वहां से एसीबी को 11 लाख 42 हजार रुपये नकदी मिले थे।
पूर्व अंचलाधिकारी मुंशी राम सिरमटोली मौजा के सरदार गली भट्ठी टोली स्थित तीन कट्ठा आठ छटाक जमीन के सीमांकन के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी और 37 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए थे।
विवादों से भरे पड़े हैं रांची के अंचल कार्यालय
रांची के अंचल कार्यालयों की गतिविधियां विवादों में है। पूर्व में बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद को ईडी ने जमीन घोटाला केस में गिरफ्तार किया था।
ईडी की छापेमारी में भानु प्रताप प्रसाद के आवास से भारी संख्या में जमीन के मूल दस्तावेज, पंजी टू आदि मिले थे, जिसमें हेराफेरी आदि के भी सबूत मिले थे। बड़गाईं के अलावा कांके अंचल भी विवादों में आया, जहां के अंचलाधिकारी जयकुमार राम की गतिविधियां संदिग्ध मिली।
नामकुम व हेहल अंचल में अवैध गतिविधियां पूर्व में उजागर हो चुकी हैं। नव वर्ष की शुरुआत के साथ ही अब रांची का शहर अंचल विवादों में आ गया है, जहां के अंचलाधिकारी को एसीबी गिरफ्तार कर चुका है।
यह भी पढ़ें-
Hemant Soren: हेमंत सोरेन ने BJP को दिया बड़ा झटका, दो कद्दावर नेता झामुमो में होंगे शामिल
Jharkhand News: तलाक होने पर संतान पर पिता का होगा अधिकार; झारखंड के इस आदिवासी समाज ने लिया फैसला
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।