'परिवार की तरह मिलकर करिए काम', राहुल गांधी और खरगे ने मंत्रियों को दी सख्त हिदायत
झारखंड कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों के साथ राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक की। राहुल गांधी ने मंत्रियों को संगठन को प्राथमिकता देने और सभी का ध्यान रखने का निर्देश दिया। मंत्रियों ने अपने विभागों की रिपोर्ट सौंपी और अपनी उपलब्धियां बताईं। राहुल गांधी ने मंत्रियों को विधायकों के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी और कार्यकर्ताओं की शिकायतों को दूर करने का निर्देश दिया।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कांग्रेस के विधायकों और कांग्रेस कोटा के चारों मंत्रियों के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बैठक ने विधायकों में उम्मीदों का संचार किया है।
सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित इस समीक्षा बैठक के दौरान राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से मंत्रियों को संदेश दिया कि सभी का ख्याल रखें और यह ध्यान में रहे कि संगठन सर्वोपरि है।
इस दौरान राज्य कैबिनेट में शामिल चारों मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों की रिपोर्ट सौंपी और पिछले छह माह में किए गए कार्यों की जानकारी साझा की।
मंत्रियों ने अनुसूचित जाति आयोग गठित करने की प्रक्रिया आरंभ होने और पेसा कानून को लेकर नियमावली की तैयारियों को अपनी उपलब्धियों में गिनाया। राहुल गांधी ने कड़े शब्दों में सभी मंत्रियों को विधायकों एवं संगठन को मिलाकर आगे बढ़ने की नसीहत दी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने रखी बात
दूसरी ओर, कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के.राजू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने अपनी बातों को रखा।
राहुल गांधी के पास पहले से इस बात की जानकारी थी कि मंत्री विधायकों की बातों को सुनते नहीं हैं। राहुल ने विधायकों के साथ-साथ संगठन में शामिल आम कार्यकर्ताओं की शिकायतों को दूर करने का निर्देश मंत्रियों को दिया। उन्होंने बेहतर कार्यों के लिए मंत्रियों को बधाई भी दी।
इसके पूर्व खरगे ने संगठन सृजन के तहत चलाए जा रहे अभियान की पूरी जानकारी प्रदेश प्रभारी के.राजू एवं केशव महतो कमलेश से प्राप्त किया। के. राजू ने बताया कि झारखंड में संगठन सृजन का काम सफलतापूर्वक आज भी जारी है।
पेसा कानून को लेकर हुई चर्चा
के. राजू ने खरगे एवं राहुल गांधी को जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड में पेसा कानून के लिए नियमावली बनाने को लेकर कांग्रेस ने अपने स्तर से कार्यकर्ताओं, विधायकों, सामाजिक संगठनों सहित समाज के विभिन्न पेशेवर लोगों से सुझाव आमंत्रित किए। कार्यशाला का भी आयोजन किया। इस दौरान प्राप्त तमाम सुझावों को संकलित कर मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।
झारखंड सरकार द्वारा अनुसूचित जाति आयोग के गठन की भी घोषणा कर दी गई है जो निकट भविष्य में पूर्ण आकार लेगी। सभी मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा जनहित के संपन्न हुए कार्यों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।
कांग्रेस द्वारा चुनावी घोषणा पत्र में किए वादों की दिशा में झारखंड सरकार द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी गई। खरगे एवं राहुल ने कार्यक्रमों की सफलता के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की हौसला आफजाई की।
खरगे बोले- सामंजस्य बैठाकर करें काम
खरगे ने निर्देश देते हुए कहा कि हमें समाज के वंचित तत्व को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करते रहना है। कांग्रेस को एसटी, एससी एवं ओबीसी के लिए प्राथमिकता के आधार पर सांगठनिक रूप से काम करना है।
हाल के दिनों में पार्टी के अंदर के विवादों को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मंत्रियों को विधायकों के साथ सामंजस्य बैठाकर प्राथमिकता के साथ जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतरना है। संगठन और सरकार की गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचने की एक महत्वपूर्ण कड़ी हमारे कार्यकर्ता ही हैं इस कड़ी को मजबूत रखना हमारा दायित्व है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में सांसद सुखदेव भगत, कालीचरण मुंडा, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप, सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद, प्रणव झा, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, डा. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की के अलावा विधायक डा. रामेश्वर उरांव, अनूप सिंह, सुरेश बैठा, रामचंद्र सिंह, सोनाराम सिंकू, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, निशत आलम, श्वेता सिंह और ममता देवी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।