Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand News: 'एम्बुलेंस कहां है…', बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रहार

    Updated: Sat, 19 Jul 2025 10:32 AM (IST)

    झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा ने सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था को जर्जर करने का आरोप लगाया है जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने पलटवार किया है। झामुमो ने सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का बचाव करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है और नई योजनाएं लागू की जा रही हैं।

    Hero Image
    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाया सवाल। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच तीखी तकरार सामने आई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को जर्जर करने का गंभीर आरोप लगाया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इन आरोपों को तथ्यहीन और ओछी राजनीति करार देते हुए पलटवार किया है। झामुमो ने भी मरांडी पर करारा प्रहार किया है।

    कहां है एम्बुलेंस

    बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने एक घटना का हवाला देते हुए दावा किया कि एक घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस की बजाय टेंपो में अस्पताल भेजा गया।

    मरांडी ने स्वास्थ्य मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपनी पीठ थपथपाने में व्यस्त हैं, लेकिन गरीबों और जरूरतमंदों को सरकारी एम्बुलेंस तक नसीब नहीं हो रही।

    उन्होंने सरकार पर एयर एम्बुलेंस के नाम पर फर्जी विज्ञापनों के जरिए वाहवाही लूटने का भी आरोप लगाया। मरांडी ने कहा कि स्थिति इतनी शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री और मंत्री स्वयं अपने परिजनों का इलाज राज्य के अस्पतालों में कराने से कतराते हैं।

    इंसानियत पर राजनीति बंद करिए- इरफान

    राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मरांडी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे नीच और ओछी राजनीति करार दिया। उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जहां एम्बुलेंस को पहुंचने में 25 मिनट लगते, वहां उन्होंने तत्काल एक ऑटो की व्यवस्था की और जब वह खराब निकला तो अपनी निजी गाड़ी से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।

    इरफान अंसारी ने दावा किया कि मरीज अब स्वस्थ है और उनके परिजन उन्हें दुआएं दे रहे हैं। उन्होंने मरांडी पर तंज कसते हुए कहा कि आपकी पार्टी के कार्यकर्ता घटनास्थल से गुजरे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की।

    क्या यही है आपकी संवेदनशीलता? इरफान अंसारी ने मरांडी से अपील की कि वे इंसानियत को राजनीति की कीचड़ में न घसीटें।

    हम सुधार कर रहे- विनोद पांडेय

    झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने भी मरांडी के आरोपों को तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं।

    पहली बार राज्य में बाइक एम्बुलेंस और हेलिकॉप्टर एम्बुलेंस जैसी सेवाएं शुरू की गई हैं, ताकि दूर दराज के इलाकों में भी मरीजों को तुरंत मदद मिल सके। पांडेय ने भाजपा के शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस दौरान स्वास्थ्य के नाम पर केवल कागजी घोषणाएं हुईं।

    जबकि हेमंत सरकार ने जिला अस्पतालों का उन्नयन और नई स्वास्थ्य योजनाएं लागू की। स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट बढ़ाया गया। स्वास्थ्य संरचनाओं में क्रांतिकारी सुधार हो रहे हैं। इसकी सराहना करने की बजाय मरांडी झूठ फैलाने में जुटे हैं।

    यह भी पढ़ें- Jharkhand News: पलामू में चतुर्थ वर्गीय कर्मियों की बहाली स्थगित करने की अधिसूचना जारी, बताया नहीं बना है नियम

    comedy show banner
    comedy show banner