Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची के पांच सितारा होटल में जुआरियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आधा दर्जन से अधिक हिरासत में

    Updated: Wed, 13 Aug 2025 12:54 PM (IST)

    रांची के होटल रेडिसन ब्लू में जुआ खेलने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर आधा दर्जन से अधिक जुआरियों को हिरासत में लिया। सिटी डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में नकदी ताश और जुए का सामान बरामद हुआ। पुलिस होटल प्रबंधन की भूमिका और अन्य संलिप्त लोगों की जांच कर रही है।

    Hero Image
    रांची के प्रतिष्ठित होटल में अचानक कार्रवाई से हड़कंप।

    जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के प्रतिष्ठित होटल रेडिसन ब्लू में अवैध जुआ खेलने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने मंगलवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में शहर के चार थानों चुटिया, सुखदेव नगर, लालपुर और कोतवाली की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। आधा दर्जन से अधिक जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अचानक कार्रवाई से अफरातफरी

    पुलिस सूत्रों के अनुसार यह अवैध गतिविधि होटल के एक निजी सुइट में लंबे समय से चल रही थी। पुलिस को कई दिनों से इसकी भनक मिल रही थी, जिसके बाद गहन निगरानी और सटीक जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन योजनाबद्ध तरीके से चलाया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से न केवल भारी मात्रा में नकदी, बल्कि ताश की कई गड्डियां, जुए में इस्तेमाल होने वाले चिप्स और अन्य सामान भी बरामद किए। कार्रवाई इतनी तेज और गोपनीय थी कि जुआरियों को भागने का मौका तक नहीं मिला। कमरा नंबर 14-15 में छापमारी हुई है।

    पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों का कहना है कि होटल के कर्मचारी और अन्य मेहमान भी इस घटनाक्रम से हैरान रह गए। स्थानीय लोगों में यह चर्चा का विषय बन गया कि शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में इस तरह की अवैध गतिविधि कैसे संचालित हो रही थी। 

    हिरासत में लिए गए जुआरियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस जुआ रैकेट में शहर के कुछ प्रभावशाली लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या होटल प्रबंधन को इस गतिविधि की जानकारी थी या इसमें उनकी कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संलिप्तता थी।

    सिटी डीएसपी ने बताया कि बरामद नकदी और सामान की सटीक मात्रा का आकलन किया जा रहा है, और आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

    अवैध गतिविधियों पर आगे भी एक्शन

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने कहा, “हम अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को और तेज किया गया है। यदि आवश्यक हुआ, तो और गिरफ्तारियां भी की जाएंगी।”

    पुलिस ने यह भी संकेत दिया कि इस तरह की गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए शहर के अन्य होटलों और संदिग्ध स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। होटल प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।