Pahalgam Terror Attack: पहलगाम अटैक ने रांचीवासियों को डराया, कई पर्यटकों ने ले लिया बड़ा फैसला
पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद रांची के कई पर्यटकों ने अपनी कश्मीर यात्रा रद्द कर दी है। पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के बाद कई परिवारों ने अपनी यात्रा स्थगित कर दी है। कुछ पर्यटक जो वैष्णो देवी के दर्शन करके कश्मीर जा रहे थे उन्हें रास्ते से वापस भेज दिया गया है। घटना के बाद पर्यटकों में डर का माहौल है।

जागरण संवाददाता, रांची। गर्मी की छुट्टियों में जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर जा रहे कई पर्यटकों ने अपना टिकट रद करा दिया है। पहलगाम में हुई पर्यटकों की आंतकवादियों द्वारा की गई निर्मम हत्या के बाद अपनी यात्रा कई लोगों ने स्थगित कर दिया। दृष्टि ट्रवेल्स के शैलेश अग्रवाल ने बताया कि हमारे यहां दो परिवारों ने यात्रा के लिए टिकट कराया था, लेकिन इस नरसंहार के बाद स्थगित कर दिया है।
वहीं, सुहाना टूर एंड ट्रवेल्स के अमर सहाय ने बताया कि मई में 26 लोगों की टीम कश्मीर जाने वाली थी, लेकिन अभी हादसे के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। माहौल देखने के बाद ही कोई निर्णय लेंगे।
संजय सर्राफ ने बताया कि फिलहाल जो जाना चाह रहे थे, उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। मनोज बजाज ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों में योजना बनी थी, लेकिन इस हादसे के बाद हिम्मत नहीं हो रही है कि कश्मीर की यात्रा की जाए।
मां वैष्णो देवी का दर्शन कर लौट रहा परिवार
रांची-गोड्डा से गया एसके झा व रानी कुमारी सहित चार परिवार अब कश्मीर से लौट रहा है। एसके झा ने बताया कि हम लोग मां का दर्शन करने के बाद जब पहलगाम की ओर बढ़े तो सौ किमी जाने के बाद हमारे वाहन को रोक दिया गया और फिर वापस भेज दिया। पूरा परिवार अब वापस आ रहा है।
हमें श्रीनगर डल झील में रुकना था। पहलगाम सहित कई पर्यटन स्थलों की यात्रा करनी थी, लेकिन इस घटना के बाद भारी मन से लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति 43 हजार का पैकेज था। विमान से लौटना था, लेकिन अब ट्रेन से लौटना पड़ रहा है। बस शुक्र है, मां की कृपा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।