भारतीय रग्बी टीम में शामिल हुए डेविड मुंडा और अजित नाग, राजगीर में दिखाएंगे जलवा
खूंटी के डेविड मुंडा और अजित नाग का चयन एशिया रग्बी अमीरात अंडर 20 चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। डेविड मुंडा तीसरी बार और अजित नाग दूसरी बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस सफलता से खूंटी में खुशी की लहर है।

जागरण संवाददाता, खूंटी। बिहार के राजगीर में 9 और 10 अगस्त को आयोजित एशिया रग्बी अमीरात अंडर 20 चैंपियनशिप के लिए खूंटी के डेविड मुंडा और अजित नाग का चयन भारतीय टीम में किया गया है। यह जानकारी झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव हेजाज असदक ने दी।
उन्होंने बताया कि अजित नाग का चयन अंडर 18 नेशनल चैंपियनशिप एवं डेविड मुंडा का चयन सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के दौरान राष्ट्रीय शिविर के लिए किया गया था।
गत दो जुलाई से कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त किया और अंतिम 12 में अपना स्थान सुनिश्चित करने में सफल रहे। ज्ञात हो कि डेविड मुंडा तीसरी बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, इससे पूर्व काठमांडू तथा चायनीज ताइपे में अंडर 18 एशिया रग्बी चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
जबकि अजित नाग दूसरी बार भारतीय टीम में शामिल किए गए हैं। पूर्व में उन्होंने मलेशिया में आयोजित एशिया रग्बी चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से खूंटी एवं झारखंड के युवा रग्बी खिलाड़ियों में काफी उत्साह है। भारतीय टीम में उनका चयन होने पर झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु कुमार जलान और वरीय उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बधाई दी है।
इसके अलावा सुरेश कुमार, महासचिव हेजाज असदक, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, संयुक्त सचिव शशि पांडे, शादाब खान, सचिन कुमार सहित अन्य खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिहार के राजगीर में होगा 'रग्बी टूर्नामेंट' का आयोजन, एशियाई देशों की टॉप 8 टीमें लेंगी हिस्सा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।